मौसम

देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम रहेगा शुष्क, इन हिस्सों में ठंड ने दी दस्तक

Dayanidhi

मौसम विभाग के अनुसार, भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में पूर्वोत्तर मॉनसूनी बारिश की शुरुआत होने ही वाली है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ से लेकर कम दबाव व चक्रवाती प्रसार संबंधी मौसम गतिविधि जारी हैं।  

मौसम विभाग के मौसम संबंधी पूर्वानुमान को देखें तो, दक्षिण तथा पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

वहीं उत्तर पश्चिम भारत के उत्तराखंड के मौसम की बात करें तो, यहां मौसम शुष्क बना हुआ है। ऊंचे पहड़ों पर कुछ समय पहले गिरी बर्फ के चलते तेज हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। यहां सुबह शाम कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। हालांकि प्रदेश में दिन के समय तेज धूप के कारण तापमान अधिक रहता है पर शाम होते-होते एकाएक इसमें गिरवाट आ जाती है, जिससे रात के समय ठंड बढ़ जाती है और अलाव की जरूरत पड़ने लगती है।  

पश्चिमी विक्षोभ के मौसम में बदलाव करने के कारण, मौसम विभाग के द्वारा यहां अगले दो दिनों के दौरान बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया हैं, जिसके बाद यहां कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका जताई गई है।  

वहीं उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखें तो, यहां दिन के समय तापमान अधिक होने से अभी भी लोग गर्मी से परेशान है लेकिन रात के समय ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिन के समय मौसम के शुष्क रहने के कारण इस दौरान तापमान 31 से 32 डिग्री की करीब रहने का अनुमान है। वहीं रात के समय ओस पड़ने लगी है जिससे वातावरण में नमी बढ़ गई है।

देश की राजधानी में भी सर्दी अपना रंग दिखाने लगी है, मौसम विभाग ने कहा है कि, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक रह सकता है। आने वाले दिनों में पारे के और नीचे गिरने का अंदेशा है, वहीं बीते कल दिल्ली-एनसीआर का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम यानी 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उपरोक्त के अलावा, आज यानी 21 अक्टूबर को, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश पंजाब और हरियाणा में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं, इसके कारण ठंड में इजाफा हो सकता है।

दक्षिण भारत के मौसम की बात करें तो, आज, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में भी हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।   

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
आज, यानी 21 अक्टूबर को केरल और माहे तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बारिश तथा वज्रपात की आशंका जताई गई है

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य अरब सागर में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज, दक्षिण और निकटवर्ती मध्य बंगाल की खाड़ी में 40 से 45 किमी प्रति घंटे से लेकर 55 किमी प्रति घंटे तक की तूफानी हवाओं के चलने के आसार हैं।  

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, सुरेंद्रनगर (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में फिरोजपुर (पंजाब) में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 20 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और माहे तथा तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश हुई।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 20 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु के कन्याकुमारी में 5 सेमी, केरल के पथानामथिट्टा में 5 सेमी, कोल्लम और तिरुवनंतपुरम प्रत्येक जगह 3 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के माया बंदर में 3 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम और मायलावाराम प्रत्येक जगह 3 सेमी, विदर्भ के  अमरावती में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।