मौसम

मौसम अपडेट: केरल और बिहार के साथ देश के किन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश जाने देश के मौसम का हाल

Dayanidhi

मौसम विभाग के अनुसार आज 27 मई, यानी आज पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने, गरज के साथ बौछारें पड़ने और 50-60 किमी प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग जगहों पर भी बिजली गिरने 40-50 किमी प्रति घंटे की दर से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

आज, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तेलंगाना, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

आज दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहने तथा तापमान बढ़ने का अनुमान लगाया गया है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 तथा न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तक होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार बन रहे हैं, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है। जून में पड़ने वाली गर्मी से राहत के लिए लोगों को अभी और प्रतीक्षा करने की बात कही गई है। दिल्ली में इस बार मानसून के देर से आने का अनुमान लगाया गया है।

हरियाणा में मई में गर्मी  से राहत के बाद, अब तापमान बढ़ने के आसार हैं।  29 मई तक प्रदेश में गर्मी बढ़ने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग ने हरियाणा में 30 और 31 मई को मौसम बदलने का अनुमान लगाया है। इस दौरान धूल भरी आंधी और गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

नौतपा शुरु हो चुका है, अगले 9 दिन तक सूर्य रोहिणी नक्षत्र में रहेगा। यह समय वो होता है जब सूर्य पृथ्वी के सबसे ज्यादा निकट होता है। आने वाले 9 दिन तक खतरनाक धूप के लोगों को परेशान करने के आसार हैं।

जानें क्या होता है नौतपा?

सूर्य जब रोहिणी नक्षत्र में जाता है तब नौतपा की शुरुआत होती है। इन दिनों सूर्य धरती के सबसे निकट होता है। इस नक्षत्र में सूर्य लगभग 15 दिनों तक रहेगा। लेकिन शुरू के 9 दिनों में गर्मी काफी बढ़ जाती है, इसी कारण इन 9 दिनों के अवधि को ही नौतपा कहा जाता है। 

भारी बारिश होने के आसार

आज बिहार और झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर भयंकर बारिश होने की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, उत्तर आंतरिक ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। 

दक्षिण झारखंड में 40-50 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवा के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का आसार हैं और बाद में हवा के धीरे-धीरे 55-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने का अनुमान है।

मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन और मालदीव क्षेत्र और केरल तट पर 40-50 किमी प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।