मौसम

मौसम अपडेट: कल से इन राज्यों में गरज के साथ जमकर होगी पूर्वोत्तर मॉनसूनी बारिश

Dayanidhi

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप के निचले स्तरों में उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलने से, कल यानी 29 अक्टूबर से भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में पूर्वोत्तर मॉनसूनी बारिश के शुरू होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए आज यानी 28 अक्टूबर को केरल और माहे तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई  है।

वहीं 29 अक्टूबर से 01 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश होने तथा वज्रपात के आसार हैं

वहीं 30 और 31 अक्टूबर को केरल और माहे तथा 31 अक्टूबर और 01 नवंबर को दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बिजली गिरने तथा मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई गई है

अगले 5 दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।

कल कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक या कम
कल तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे के कई इलाकों में, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों,  पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस से 3.0 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

वहीं कल हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, सौराष्ट्र और कच्छ तथा मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम  तापमान सामान्य के करीब रहा।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल, देश के मैदानी इलाकों में पिलानी और फलोदी (पश्चिम राजस्थान) में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक या कम
कल पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस से 3.0 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

वहीं कल दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश इलाकों, रायलसीमा और तटीय कर्नाटक के कई हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस काफी नीचे रहा।

कल विदर्भ के अधिकांश इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, बिहार तथा असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में  न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।  कल देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम
कल, देश के मैदानी इलाकों में मंडला (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 27 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे तथा तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।