दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल गर्मी और उमस जारी, लेकिन छह से 10 अक्टूबर के बीच बारिश से मौसम बदलने की संभावना।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख में भी बारिश के आसार हैं।
दक्षिण भारत के तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का पूर्वानुमान, कई जगहों पर अलर्ट जारी।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी जारी, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में जल्द विदाई की संभावना।
पिलानी में 41 डिग्री तापमान दर्ज, मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह।
मौसम विभाग की ओर से पांच अक्टूबर 2026 की सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, उत्तर भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई लगभग हो चुकी है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है। सुबह और शाम के तापमान में हल्की राहत मिलने लगी है, लेकिन दोपहर में गर्मी और उमस अभी भी लोगों को परेशान कर रही है। दिल्ली में आज तेज बारिश की संभावना न के बराबर है।
दिल्ली-एनसीआर में दिन में गर्मी, सुबह-शाम राहत
दिल्ली में सुबह का तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है। दिन में तापमान बढ़कर करीब 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। रात में तापमान फिर घटकर करीब 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में यह उतार-चढ़ाव अक्टूबर की बदलती मौसमी परिस्थितियों की और इशारा कर रहा है। हालांकि अगले कुछ दिनों में दिल्ली के मौसम में बहुत बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है, लेकिन आसपास के राज्यों में बारिश होने से तापमान में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।
छह से 10 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने दिल्ली के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में छह से 10 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी पांच से 10 अक्टूबर के दौरान बारिश हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
बारिश होने पर दिन के तापमान में कुछ कमी आने की उम्मीद है। साथ ही हवा में नमी और उमस में भी बदलाव हो सकता है। हालांकि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि दिल्ली में लगातार बारिश का दौर शुरू होगा। फिलहाल बारिश की संभावना कुछ हिस्सों तक सीमित रहने की उम्मीद है।
पहाड़ों में बारिश से बदलेगा मौसम
पहाड़ी राज्यों में मौसम में बदलाव पहले ही दिखाई देने लगा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पांच से 10 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
जम्मू और कश्मीर और लद्दाख में छह से आठ अक्टूबर तथा 10 अक्टूबर को बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट जारी है। इसका असर आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई इलाकों में अभी मौसम सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग ने इन राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।
वहीं आज, केरल और माहे, लक्षद्वीप तथा तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तराखंड के भी कुछ हिस्सों में गरज-चमक व वज्रपात और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
मानसून की विदाई जारी
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे देश के कई हिस्सों से विदा हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ के ज्यादातर हिस्सों के अलावा छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं।
मानसून की विदाई के साथ देश के कई हिस्सों में मौसम साफ होने लगेगा, लेकिन कुछ राज्यों में स्थानीय मौसम प्रणालियों के कारण बारिश जारी रह सकती है।
कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ज्यादा
देश के कुछ हिस्सों में अभी भी तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है। जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, पूर्वी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा हिमाचल प्रदेश के कुछ जगहों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
बढ़ते तापमान व नमी को देखते हुए मौसम विभाग ने आज, कोकण और गोवा के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरे मौसम के बने रहने के आसार जताए हैं। चार अक्टूबर, 2026 को राजस्थान के पिलानी में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस असम के हाफलोंग में दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में कहां कितने बरसे बादल?
पिछले 24 घंटों में कई राज्यों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। केरल के कोझिकोड में सबसे अधिक 90 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा तटीय कर्नाटक के मंगलुरु में 60 मिमी, अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में 60 मिमी और असम और मेघालय के बारापानी व शिलांग में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई।
किसानों और आम लोगों के लिए सुझाव
बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए किसान खेतों में खड़ी फसलों की नियमित निगरानी करें और जरूरत होने पर जल निकासी की व्यवस्था करें। पकी फसल को जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना बेहतर रहेगा। बिजली गिरने की आशंका में खुले खेतों में काम करने से बचें। आम लोग बारिश और आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहें। जिन राज्यों में गर्मी और उमस की आशंका है वहां लोग पर्याप्त पानी पिएं और धूप में निकलते समय सावधानी रखें। पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले लोग मौसम विभाग की चेतावनी देखकर ही यात्रा करें।