देरी से आए मानसून ने जून महीने में होने वाली सामान्य वर्षा का कोटा अब तक पूरा नहीं किया है। हालांकि, अनियमित और भारी वर्षा के पदचाप इस बार भी दिखाई दे रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का 25 जून और 26 जून का आंकड़ा बताता है कि कुछ जिलों में एक ही दिन में सीजन की कुल वर्षा का 50 फीसदी या उससे अधिक पानी कुछ घंटों में गिर गया है, जिसने बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी है।
आईएमडी के मुताबिक यदि 50 मिलीमीटर (एमएम) से अधिक वर्षा दो घंटो तक लगातार हो तो उसे मिनी क्लाउड बर्स्ट की श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे कई जिले हैं जहां इसी तरह का अनुभव लिया गया है।
सबसे पहले उत्तर प्रदेश के बिजनौर की बात करते हैं। यहां 25 जून, 2023 को सुबह आठ से 10 बजे के बीच 92.6 मिलीमीटर वर्षा हो गई। आईएमडी 64.5 से 124.4 एमएम तक की वर्षा को भारी वर्षा की श्रेणी में रखता है। लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिजनौर में पूरे दिन हड़ताल जैसी स्थिति रही साथ ही शहर में जलभराव के कारण कामकाज ठप हो गया।
इसी तरह महाराष्ट्र के सबअर्बन मुंबई में भी 25 जून, 2023 को 176.1 एमएम वर्षा दर्ज की गई। कुछ ही घंटों में हुई इस वर्षा को आईएमडी अत्यधिक भारी वर्षा की श्रेणी में रखता है। आईएमडी के मुताबिक एक दिन में 125.5 से 244.4 मिलीमीटर तक दर्ज होने वाली वर्षा अत्यधिक भारी वर्षा होती है।
उड़ीसा के देवघर जिले में 25 जून, 2023 को 106.3 एमएम वर्षा दर्ज हुई। यह उस दिन के सामान्य वर्षा औसत 7 एमएम से 1419 फीसदी ज्यादा वर्षा थी। देवघर में 1 से 25 जून तक कुल 183.1 एमएम वर्षा हुई है जो कि इस सीजन के सामान्य 143.7 से 27 फीसदी ज्यादा है। हालांकि, गौर करने पर यह पता चलता है कि 1 से 25 जून तक हुई इस कुल वर्षा में 76 फीसदी वर्षा एक ही दिन में हुई है।
उड़ीसा के ही एक दूसरे जिले झारसुगुडा में 25 जून, 2023 को 97.9 एमएम वर्षा रिकॉर्ड किया गया। यह उस दिन के सामान्य वर्षा 8.3 एमएम से 1079 फीसदी ज्यादा था। इस जिले में भी 1 से 25 जून तक कुल 163.9 एमएम वर्षा हुई है और इसका करीब 60 फीसदी वर्षा 97.9 एमएम एक ही दिन में रिकॉर्ड की गई।
लगातार दूसरे दिन 26 जून को भी भारी वर्षा की स्थिति कुछ और जिलों में बनी रही। मसलन उड़ीसा के अनुगुल जिले में 101.1 एमएम वर्षा एक ही दिन में हो गई जो कि अब तक सीजन में हुई जिले में कुल वर्षा 260.6 एमएम का करीब 50 फीसदी है।
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में 107.4 एमएम वर्षा रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य का 2287 फीसदी ज्यादा था। छत्तीसगढ़ के महासमुंद और रायपुर जिले में भी 26 जून, 2023 को क्रमश: 90.8 और 82.1 एमएम वर्षा हुई।
District | Actual (26 June 2023) |
Normal (26 June 2023) |
% Departure (26 June 2023) |
category (26 June 2023) |
Actual (1-26 June 2023) |
Normal (1-26 June 2023) |
% Departure (1-26 June 2023) |
category (1-26 June 2023) |
|
ANUGUL | 101.1 | 7.3 | 1285% | LE | 260.6 | 169.4 | 0.54 | Exscess | |
KATHUA | 107.4 | 4.5 | 2287% | LE | 214.9 | 74 | 1.9 | Large Excess | |
MAHASAMUND | 90.8 | 13 | 599% | LE | 116.3 | 150 | -0.22 | Deficiant | |
MUNGELI | 81 | 6.1 | 1228% | LE | 121.1 | 114.2 | 0.06 | Normal | |
RAIPUR | 82.1 | 6.9 | 1090% | LE | 138.5 | 125.5 | 0.1 | Normal | Source : IMD |
महासमुंद में अब तक 1 से 26 जून तक कुल 116 एमएम वर्षा हुई है। इसमें 90.8 एमएम यानी 79 फीसदी वर्षा एक दिन में हुई है। इसी तरह रायपुर जिले में भी अब तक हुई वर्षा 138.5 एमएम का 70.77 फीसदी वर्षा एक ही दिन में हुई।
एक ही दिन के कुछ घंटों में होने वाली अत्यधिक वर्षा जानलेवा भी साबित होती है और यह जलवायु परिवर्तन का एक स्पष्ट संकेत भी है।