आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं के साथ मौसम रहेगा खराब। फोटो साभार: आईस्टॉक
मौसम

आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट, इन राज्यों में बढ़ा पारा

बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन से कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश का रेड अलर्ट, कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बादल; दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी गर्मी, मानसून की विदाई तेज

Dayanidhi

  • आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं के साथ मौसम रहेगा खराब।

  • बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन सक्रिय, 23 सितंबर की रात आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट के पास पहुंचने का पूर्वानुमान।

  • कई राज्यों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह।

  • दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क रहेगा, तेज धूप के बीच अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

  • किसानों को तैयार फसल सुरक्षित रखने और जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह, मछुआरों से समुद्र में न जाने की अपील।

देश के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के द्वारा आज, 23 सितंबर 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान के कुछ और हिस्सों, सौराष्ट्र-कच्छ, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दूसरी ओर, पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के साथ बना पश्चिमी विक्षोभ एक ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसके कारण उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

डीप डिप्रेशन का असर

बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना डीप डिप्रेशन पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह आज यानी, 23 सितंबर की रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच, कलिंगपट्टनम के आसपास से डीप डिप्रेशन के रूप में गुजर सकता है।

इसके कारण तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश जबकि कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। मौसम विभाग न इन राज्यों में बारिश के लिए ऑरेंज से लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 204.5 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।

कई राज्यों में तेज बारिश के आसार

मौसम विभाग ने आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा तथा पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अंदेशा जताया है। बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इन सभी राज्यों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के आसार हैं। आज, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, कोंकण-गोवा और महाराष्ट्र में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

समुद्र में जाने से बचें मछुआरे

बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के चलते आज, यहां मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई है। पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में हवा की गति 55 से 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, इनकी रफ्तार मे और इजाफा होकर 75 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों के पास भी तेज हवाएं चलने का भी अंदेशा जताया गया है।

वहीं आज, अरब सागर के भी कुछ हिस्सों में तेज हवाओं का असर रहेगा। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी जाती है। पहले से समुद्र में मौजूद लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने का सुझाव दिया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी गर्मी

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तापमान बढ़ रहा है और नमी में कमी आई है। इससे मौसम धीरे-धीरे शुष्क होता जा रहा है। आज, 23 सितंबर 2026 को दिल्ली में आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी और उमस से परेशानी हो सकती है।

अधिकतम तापमान के 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। दिन में उत्तर-पूर्वी हवाएं पांच से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। शाम के समय हवा की गति 15 से 20 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

कई राज्यों में सामान्य से ज्यादा गर्मी

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम, बिहार, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी व पूर्वी मध्य प्रदेश तथा सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।

22 सितंबर, 2026 को राजस्थान के जैसलमेर में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मैदानी इलाकों में असम के हाफलोंग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

किसानों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह

भारी बारिश वाले इलाकों में किसान खेतों से पानी की निकासी की व्यवस्था करें और तैयार फसल को सुरक्षित, सूखे स्थान पर रखें। बारिश के दौरान सिंचाई, कीटनाशक और उर्वरक का छिड़काव करने से बचें। पशुओं को खुले में न छोड़ें और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखें।

आंधी और बिजली चमकने के समय लोग पेड़, बिजली के खंभे और खुले मैदानों से दूर रहें। भारी बारिश में अनावश्यक यात्रा से बचें। दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप के दौरान पर्याप्त पानी पिएं और दोपहर में धूप से बचें। मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखें।