पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भीषण बारिश का रेड अलर्ट, कई राज्यों में भारी वर्षा और तेज हवाओं की चेतावनी जारी।
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से मिलेगी राहत, लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए जुलाई के पहले सप्ताह तक करना होगा इंतजार।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भीषण लू जारी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हीटवेव का असर रहने की आशंका जताई गई।
गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में अगले चार दिनों में मानसून बढ़ने के आसार।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं का अलर्ट, मछुआरों को फिलहाल समुद्र में न जाने की सलाह।
देश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। हरियाणा और आसपास के इलाकों के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग की ओर से आज, 27 जून 2026 की सुबह जारी पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन मानसून के आगमन के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। अब मानसून के जुलाई के पहले सप्ताह में दिल्ली पहुंचने की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज, 27 जून 2026 को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। पूर्वी राजस्थान में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
झारखंड के कुछ इलाकों में तेज आंधी के दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले स्थानों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में तापमान रहेगा 40 डिग्री के आसपास
दिल्ली-एनसीआर में आज अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में उमस बनी रह सकती है, लेकिन शाम के समय कहीं-कहीं तेज हवाओं और हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो सकता है। हालांकि मानसून की औपचारिक एंट्री के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा।
देश के कई इलाकों में भारी से भीषण बारिश का अलर्ट
मानसून के चलते पूर्वोत्तर भारत में बारिश के दौर के जारी रहने की संभावना है। असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है। यहां भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं आज, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में बहुत भारी, जबकि कुछ हिस्सों में भीषण बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। यहां विभाग ने बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में 204.5 मिमी से अधिक बादल बरस सकते हैं।
इसके अलावा आज, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, कोंकण-गोवा, केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं। इन सभी राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बादलों के बरसने के आसार हैं। यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने कहा है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और कुछ जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे उत्तर और पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहा है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इससे इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के द्वार जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि महाराष्ट्र में 29 जून तक अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है।
मध्य भारत के अधिकतर इलाकों में 27 से 29 जून के बीच तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
देश के अन्य अधिकांश हिस्सों में दो जुलाई 2026 तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
वहीं कल, 26 जून 2026 को देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के रोहतक में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं महाराष्ट्र के जेऊर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में हीटवेव का असर जारी
बारिश-आंधी की गतिविधियों के बावजूद पूर्वी उत्तर प्रदेश में हीटवेव से राहत नहीं मिली है। यहां कुछ हिस्सों में भीषण लू की स्थिति बने रहने के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी लू चल सकती है। वहीं ओडिशा के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। ऐसे मौसम में पर्याप्त पानी पीने, दोपहर के समय धूप से बचने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
समुद्र में तेज हवाएं, मछुआरों के लिए चेतावनी
आज, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने का अंदेशा है। अरब सागर में हवा की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे से 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कोंकण, गोवा, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप के समुद्री इलाकों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। इसी तरह बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को फिलहाल समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
लोग और किसान बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों और किसानों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें। गरज-चमक के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। भारी बारिश वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचें। तेज हवाओं और बारिश के कारण यातायात भी प्रभावित हो सकता है। आने वाले दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने के साथ देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।