मौसम

मॉनसून अपडेट: अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में बारिश का मौजूदा दौर रहेगा जारी

Dayanidhi

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार एक चक्रवाती प्रसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और इससे सटे इलाकों के मध्य स्तरों तक फैला हुआ है।

एक ट्रफ रेखा उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से उड़ीसा, छत्तीसगढ़ होते हुए पश्चिम राजस्थान के मध्य भागों तक जाती है।  

वहीं पश्चिमी विक्षोभ, पश्चिमी हवाओं के मध्य स्तरों में एक ट्रफ के रूप में लगातार सक्रिय है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए आज 23 सितंबर को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश तथा बिहार में मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है

वहीं आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी वर्षा होने के आसार हैं।

अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में बारिश का मौजूदा दौर जारी रहने की संभावना है और उसके बाद इसमें कमी आएगी।

23 से 25 सितंबर के दौरान उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, 23, 25 और 26 सितंबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और 23 और 24 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं।

वहीं 23 और 24 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में वज्रपात होने तथा गरज के साथ हल्की से भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

आज कहां गिरेगी बिजली तथा कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

वहीं गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश तथा यनम और तेलंगाना के अलग-अलग हिसो में वज्रपात होने तथा तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य अरब सागर, सोमालिया तट के साथ-साथ, मन्नार की खाड़ी और आसपास के कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिण तमिलनाडु तट पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 22 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, तेलंगाना और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल इसी दौरान पंजाब, बिहार, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, असम और मेघालय, पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, पश्चिम राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई भारी बारिश
कल 22 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों, तथा पश्चिम मध्य प्रदेश के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां हुई 3 सेमी या उससे अधिक बारिश
कल 22 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कार-निकोबार में 10 सेमी, पश्चिम मध्य प्रदेश के गुना में 9 सेमी, पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 6 सेमी, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली हर जगह 6 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी
कल 22 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान हिमाचल प्रदेश, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में बौछारों के साथ आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि की आशंका जताई गई है।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल देश के मैदानी इलाकों में मदुरै (तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल) में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम
कल देश के मैदानी इलाकों में रिज (दिल्ली) में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।