असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश होने के आसार हैं 
मौसम

मॉनसून अपडेट: असम, मेघालय, उत्तराखंड व दिल्ली समेत इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल

Dayanidhi

देश के तमाम हिस्सों में झमाझम बरस रहा है मॉनसून, जिसके कारण उत्तर प्रदेश, बिहार से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक कई राज्यों में बाढ़ का कहर जारी है। वहीं भूस्खलन व पहाड़ गिरने से पिछले 72 घंटों से उत्तराखंड के चमोली-जोशीमठ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद चल रहा है, यहां कई यात्री फसे हुए है जो परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

पड़ोसी देश नेपाल से छोड़ा जा रहा पानी और भारी बारिश के चलते उत्तर प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में अलग-अलग गांव बाढ़ के कारण टापू में बदल गए हैं। वहीं बिहार के कई हिस्सों में भी लोग बाढ़ का दंश झेलने को मजबूर हैं।

असम बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित राज्य है, हालांकि यहां हालात सुधर रहे हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस साल 10 जुलाई तक, आपदाओं में 147 लोगों की जान चली गई, जिनमें से ज्यादातर बाढ़ के कारण हैं। साल 2023 में राज्य में आपदाओं की संख्या 72 थी।

आपदाओं में, बाढ़ ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है, जिसने इस साल अब तक राज्य में 83 लोगों की जान ले ली है। अन्य आपदाओं में 64 लोगों की जान गई 34 बिजली गिरने से, 18 तूफान से, 10 भूस्खलन से और दो शहरी बाढ़ की चपेट में आने के कारण काल के गाल में समा गए।

मौसम विभाग का ताजा अपडेट देखें तो आज भी असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश होने के आसार हैं, इन दोनों राज्यों में 204.5 मिमी से अधिक बारिश होने की आशंका जताई गई है

वहीं आज, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।

आज, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, तेलंगाना तथा आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं। इन सभी राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

कहां पड़ेंगी तेज हवाओं के साथ बौछारें, कहां गिरेगी बिजली?

मौसम विभाग ने आज, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, बिहार, झारखंड, ओडिशा और गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात होने की आशंका जताई है

शुक्रवार 12 जुलाई 2024 को मौसम का पूर्वानुमान और चेतावनी

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

आज, पूर्वोत्तर अरब सागर और इससे सटे उत्तर-पश्चिम अरब सागर, पूर्व-मध्य, पश्चिम-मध्य अरब सागर तथा दक्षिण अरब सागर के निकटवर्ती इलाकों, श्रीलंका तट, मन्नार की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

वहीं आज, गुजरात तट और महाराष्ट्र के आसपास के इलाकों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

आज, पूर्व मध्य, उत्तर पूर्व और दक्षिण पश्चिम अरब सागर के पश्चिम मध्य और आसपास के इलाकों, सोमालिया तट और दक्षिण ओमान तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

तापमान में उतार चढ़ाव

मौसम विभाग का देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान संबंधी अपडेट के मुताबिक, कल, पश्चिम राजस्थान के चुरू में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में गुजरात के बुलसर वलसाड में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 11 जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, कोंकण और गोवा के कई इलाकों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और माहे के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, ओडिशा, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और गुजरात के अलग-अलग इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?

कल, 11 जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के दमोह में 6 सेमी, नौगांव, खजुराहो, सतना, मंडला और सिवनी प्रत्येक जगह 2 सेमी, बिहार के डेहरी में 5 सेमी, सुपौल में 3 सेमी, पूर्वी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में 5 सेमी, बलिया में 4 सेमी, वाराणसी में 3 सेमी, असम और मेघालय के ग्वालपाड़ा में 4 सेमी, चेरापूंजी में 3 सेमी, तेजपुर में 2 सेमी, कोंकण और गोवा के कोलाबा में 3 सेमी, सांताक्रूज में 2 सेमी, विदर्भ के चंद्रपुर में 4 सेमी, गुजरात के सूरत में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।