भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज, 25 जुलाई, 2025 को छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा तथा विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश होने की आशंका जताई है। इन राज्यों में 204.5 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है, यहां रेड अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने इस भीषण बारिश के पीछे कई तरह की मौसमी गतिविधियों को जिम्मेवार ठहराया है। जिसमें बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्सों पर बना कम दबाव का क्षेत्र, विभिन्न हिस्सों से गुजरती मानसूनी ट्रफ, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने तथा अलग-अलग इलाकों में जारी चक्रवाती प्रसार शामिल है।
विभाग ने कहा है कि मौसमी गतिविधियों का असर कई राज्यों में देखने को मिलेगा, इनमें तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, झारखंड, केरल और माहे, मध्य प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना शामिल है जहां आज, बिजली कड़कने तथा गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट तथा 115.6 से 204.4 मिमी तक बादलों के बरसने का पूर्वानुमान है।
वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, गुजरात, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने तथा वज्रपात होने का अंदेशा जताया गया है। इन सभी राज्यों में बादलों के 65.5 से 115.5 मिमी तक बरसने का पूर्वानुमान है, विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की मानें तो आज, 25 जुलाई, 2025 को आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
देश की राजधानी दिल्ली व एनसीआर के इलाकों में मौसम अपने अलग-अलग रंग दिखा रहा है। कभी बारिश तो कभी चिलचिलाती धूप और शाम को झमाझम बादल बरस जाते हैं। वहीं कल, 24 जुलाई को पूरे दिन तेज धूप खिली रही, इसके चलते गर्म और उमस का प्रकोप बना रहा। आसमान में आंशिक रूप से बादल जरूर छाए लेकिन कहीं भी बारिश की एक बूंद नहीं टपकी।
मौसम विभाग के मुताबिक कल, 24 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। साथ हवा में नमी का स्तर 94 प्रतिशत तक दर्ज किया गया। वहीं आज दिल्ली में गरज के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान के 36 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान के 25 डिग्री के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।
कहां-कहां है अचानक बाढ़ व जलभराव का अंदेशा?
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, यानी 25 जुलाई, 2025 को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले 24 घंटों के दौरान तटीय कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़, उडुपी और उत्तर कन्नड़ जिलों तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के शिमोगा में जलभराव व अचानक बाढ़ आने का खतरा है।
इसी दौरान कोंकण और गोवा के उत्तरी गोवा, दक्षिण गोवा, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भीषण बारिश के कारण अचानक बाढ़ व जलभराव की आशंका जताई गई है।
विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा के बालेश्वर, बारागढ़, भद्रक, देवगढ़, जाजापुर, झारसुगुड़ा, केंद्रपाड़ा, केंदुझार, मयूरभंज, संबलपुर, सुबर्नापुर और सुंदरगढ़ जिलों में पानी भरने तहत अचानक बाढ़ आने के आसार हैं।
इसी दौरान पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के पूर्वी-मेदनीपुर, हाओरा, पश्चिम मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना जिलों तथा झारखंड के गढ़वा, गुमला, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, रांची, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश के चलते अचानक बाढ़ व जलभराव का अंदेशा जताया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, बिलासपुर, जशपुर, कोरबा, कोरिया, सूरजपुर और सरगुजा जिलों तथा पूर्वी मध्य प्रदेश के अनूपपुर, बालाघाट, दमोह, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, पन्ना, सागर, सतना, शहडोल, सीधी और उमरिया जिलों में पानी भरने तथा अचानक बाढ़ आने का खतरा है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में कर्नाटक के शिमोगा में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 24 जुलाई, 2025 को पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा, विदर्भ, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे के अधिकतर इलाकों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी राजस्थान, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई।
वहीं कल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम राजस्थान, असम और मेघालय, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, गुजरात तथा लक्षद्वीप के कई इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।