हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में जमीन खिसकने की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। 
मौसम

अरुणाचल, असम, मेघालय, महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट, जानें पूरे देश के मौसम का हाल

Dayanidhi

पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक भारी बारिश का कहर जारी है, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में जमीन खिसकने की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों की बात करें तो यहां उधम सिंह नगर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

देश के कई हिस्सों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। महाराष्ट्र के मुंबई और बुलढाणा में भारी बारिश का दौर जारी है, यहां जलभराव व बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते आज मुंबई में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक असम में बाढ़ के कारण अब तक 72 लोग अपनी जान गंवा चुके है। मध्य प्रदेश में भी जोरदार मॉनसूनी बारिश के चलते जलभराव की खबरे सामने आ रही हैं। अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर जारी है, निचले इलाकों में जलभराव से लोगों के परेशानियां बढ़ गई हैं।

बिहार में भी बारिश के कारण कई इलाकों के जलमग्न होने की खबर है। पूर्वी चंपारण जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण यहां से होकर बहने वाली सभी नदियां उफान पर होने की बात बताई जा रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बूढ़ी गंडक, सिरसामाल मन, मोतिहारी झील समेत कई नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी है जिसके कारण इलाके में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है।

कहां होगी भारी बारिश?

मौसम विभाग का कहना है कि आज नौ जुलाई 2024 को अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी से भयंकर बारिश होने के आसार हैं, यहां 204.5 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, असम और मेघालय, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, इन राज्यों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

आज, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मराठवाड़ा, गुजरात, केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना तथा आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है। इन सभी राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।

वहीं कल, कोंकण और गोवा के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में जमकर बरसे बादल।

कहां पड़ेंगी तेज हवाओं के साथ बौछारें, कहां गिरेगी बिजली?

मौसम विभाग के अनुसार, आज, तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ वज्रपात होने की आशंका जताई गई है

वहीं आज, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा रायलसीमा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बिजली गिरने के आसार हैं।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, आज, पूर्व मध्य और पश्चिम मध्य अरब सागर के कई हिस्सों, दक्षिण पश्चिम अरब सागर के उत्तरी हिस्सों, मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट, दक्षिण पश्चिम और इससे सटे दक्षिण पूर्व बॉब, मध्य बॉब के अधिकांश इलाकों और समीपवर्ती उत्तर पश्चिम बॉब के कई हिस्सों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

वहीं आज, सोमालिया तट और दक्षिण पश्चिम अरब सागर के आस-पास और उत्तरी हिस्सों, पश्चिम मध्य अरब सागर के अधिकांश इलाकों, दक्षिण ओमान तट और आसपास 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

तापमान में उतार चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान देखें तो कल, पश्चिम राजस्थान में बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में गुजरात के वलसाड और बुलसर में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, आठ जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान उत्तराखंड, केरल और माहे के अधिकतर इलाकों, कोंकण और गोवा के कई हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, अरुणाचल प्रदेश तथा असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, विदर्भ, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग मैदानी इलाकों, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?

कल, आठ जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान कोंकण और गोवा के रत्नागिरी में 12 सेमी, हरनाई में 11 सेमी, कोलाबा में 10 सेमी, मुंबई सिटी में 7 सेमी, ठाणे, रायगढ़ हर जगह 5 सेमी, अलीबाग में 4 सेमी, तटीय कर्नाटक के मैंगलोर में 8 सेमी, होनावर में 4 सेमी बारिश हुई।

वहीं कल, मराठवाड़ा के परभणी में 2 सेमी, विदर्भ के गोंदिया में 2 सेमी, पश्चिमी मध्य प्रदेश के बैतूल में 4 सेमी, पूर्वी मध्य प्रदेश के खजुराहो में 3 सेमी, मंडला में 2 सेमी, पूर्वी राजस्थान के जयपुर में 2 सेमी, सौराष्ट्र और कच्छ के भुज में 2 सेमी, उत्तराखंड के पंतनगर में 5 सेमी, मुक्तेश्वर में 2 सेमी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।