गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। अब तक 40,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।  फोटो साभार: आईस्टॉक
मौसम

असम व गुजरात में बाढ़ का कहर, 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी

राजस्थान और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्रों से मानसून हुआ सक्रिय, दिल्ली समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान के आसार।

Dayanidhi

  • अगले दो दिनों में बंगाल की खाड़ी का कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत होने की आशंका जताई गई।

  • दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में आज भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी।

  • गुजरात में बाढ़ से हालात गंभीर, 40 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए, रेड अलर्ट जारी।

  • असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 61 पहुंची, 12 जिलों के सात लाख से अधिक लोग प्रभावित।

  • मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने तथा भारी बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह।

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के द्वारा शनिवार सुबह, 25 जुलाई 2026 को जारी ताजा अपडेट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में तथा उत्तरी ओडिशा तट के पास भी नया कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। अगले दो दिनों में इसके और मजबूत होने के आसार हैं।

वहीं मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में बना पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन सभी मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

दिल्ली में आज भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज, 25 जुलाई को दिल्ली के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने दिल्ली में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक पानी बरस सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी अलर्ट

उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल और चंपावत में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड के इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। विभाग ने यहां भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर और कुल्लू में 25 और 26 जुलाई को बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।

वहीं आज, 25 जुलाई को जम्मू और कश्मीर के पुलवामा, रामबन, जम्मू, पुंछ, कुलगाम, उधमपुर, कठुआ, डोडा, अनंतनाग, गांदरबल और कुपवाड़ा जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।जम्मू और कश्मीर के इन इलाकों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। विभाग ने यहां भी भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

गुजरात और असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति

गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। अब तक 40,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। अहमदाबाद में एहतियात के तौर पर सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र आज बंद रखने का फैसला किया गया है।

मौसम विभाग ने आज भी गुजरात में कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होने का अंदेशा जताया है। विभाग ने यहां बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 204.5 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।

वहीं असम में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। पिछले 24 घंटों में 14 लोगों की मौत के बाद राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। राज्य के 12 जिलों में 7.05 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार

उपरोक्त के आलावा मौसम विभाग ने आज, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश का अंदेशा जताया है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बादलों के बरसने के आसार हैं।

वहीं आज, असम और मेघालय, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, हरियाणा,, पंजाब, झारखंड, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक सहित कई राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।

तापमान में बदलाव

कल 24 जुलाई, 2026 को देश के मैदानी इलाकों में तमिलनाडु के मदुरै में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं महाराष्ट्र के यवतमाल में सबसे कम 17 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। जलभराव वाले क्षेत्रों, नदियों और नालों के पास जाने से बचने तथा बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में न रहने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को भी सावधानीपूर्वक यात्रा करने को कहा गया है।

किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने, पकी हुई फसलों की जल्द कटाई करने तथा कटाई के बाद उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। तेज बारिश और हवाओं के दौरान कीटनाशकों और उर्वरकों का छिड़काव नहीं करने की भी सलाह दी गई है। पशुपालकों को अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने और पर्याप्त चारे व स्वच्छ पानी की व्यवस्था करने को कहा गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा और भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करते हुए पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।