बिहार में बाढ़ का संकट गहराया, कई जिलों में घर डूबे, सड़कें बंद और गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूटा। फोटो साभार: आईस्टॉक
मौसम

मानसून अपडेट: बिहार में बाढ़ से हालात गंभीर, 12 राज्यों में बरसेंगे बादल

बिहार में बाढ़ से बिगड़े हालात, 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली में थमेगी बारिश, कई इलाकों में आंधी-वज्रपात और बढ़ेगा तापमान, किसानों को सावधानी बरतने की सलाह

Dayanidhi

  • बिहार में बाढ़ का संकट गहराया, कई जिलों में घर डूबे, सड़कें बंद और गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूटा।

  • 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका।

  • दिल्ली-एनसीआर में आज से बारिश घटेगी, बादल छाए रहेंगे और तापमान बढ़ने के साथ उमस भी बढ़ सकती है।

  • उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून कमजोर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बारिश घटने के आसार हैं।

  • किसानों को तैयार फसल सुरक्षित रखने, खेतों से पानी निकालने और आंधी-बिजली के दौरान खुले में काम नहीं करने की सलाह।

मौसम विभाग की ओर से आज, आठ सितंबर 2026 की सुबह जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश के कई इलाकों में कम दबाव, पश्चिमी विक्षोभ मानसून सक्रिय है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं। आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर कम होने और मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने के आसार हैं। हालांकि मानसून की पूरी तरह विदाई अभी नहीं हुई है। कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक जारी रह सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में आज से बारिश कम होने के आसार

दिल्ली-एनसीआर में आज, आठ सितंबर, 2026 से बारिश की गतिविधियां कम होने का पूर्वानुमान है। राजधानी और आसपास के इलाकों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन लगातार बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश कम होने के बाद उमस और गर्मी में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।

बिहार में बाढ़ से हालात गंभीर, कई इलाकों का संपर्क टूटा

बिहार में बाढ़ ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गंगा, गंडक, पुनपुन और कोसी समेत कई नदियां उफान पर हैं। भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, लखीसराय और पटना समेत कई जिलों में बाढ़ के पानी के रिहायशी इलाकों तक पहुंचने की खबर है।

कई जगह सड़कें पानी में डूब गई हैं, जबकि गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।भागलपुर का सिंहकुंड गांव चारों ओर पानी से घिरकर टापू बन गया है। खगड़िया में लोग नाव के जरिए मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। मुंगेर में हजारों परिवार बाढ़ के बीच रहने को मजबूर हैं।

प्रशासन की ओर से राहत शिविर, सामुदायिक रसोई और नावों के माध्यम से लोगों तक मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों के सामने भोजन, सुरक्षित आवास और आवागमन की बड़ी चुनौती बनी हुई है।

वहीं, अभी भी बिहार में मौसम का मिजाज सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के पटना केंद्र ने आज, 19 जिलों में बारिश और खराब मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर बिहार के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के आसार हैं। उत्तर-पश्चिम बिहार में मौसम अधिक प्रभावी रह सकता है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अंदेशा जताया है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है। इन सभी राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से और उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।

कई राज्यों में आंधी और वज्रपात का खतरा

विभाग ने अपने पूर्वानुमान में आज, आठ सितम्बर, 2026 को बारिश के साथ-साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ वज्रपात का अंदेशा जताया है

वहीं आज, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, उत्तराखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पूर्वोत्तर के राज्यों के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश के आसार हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत में कमजोर पड़ रहा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून की गतिविधियां कमजोर हो रही हैं। इसके बावजूद इसे मानसून की तत्काल और पूरी तरह विदाई नहीं माना जा सकता। मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अभी बारिश का दौर बना रहेगा। स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण कुछ इलाकों में बारिश अचानक बढ़ भी सकती है।

कई राज्यों में सामान्य से ज्यादा तापमान

देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री अधिक दर्ज हुआ। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भी गर्मी ज्यादा रही।

वहीं रात के तापमान की बात करें तो असम, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री से अधिक रहा।

वहीं, सात सितंबर, 2026 को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस तमिलनाडु के वेल्लोर में दर्ज किया गया। असम के हाफलोंग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज हुआ।

किसानों और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

बदलते मौसम को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तैयार फसल को सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखें। खेतों में पानी जमा होने पर उसकी निकासी की व्यवस्था करें। बारिश या तेज हवा के दौरान खाद, दवा और कीटनाशक का छिड़काव करने से बचें।

आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों में काम न करें और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। पशुओं को भी खुले स्थानों से हटाकर सुरक्षित जगह पर रखें। आम लोगों और किसानों को स्थानीय मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखनी चाहिए। तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।