आज, ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। ओडिशा में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।  
मौसम

अरब सागर में डिप्रेशन का असर, कई राज्यों में भारी बारिश के आसार, ओडिशा में अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी उमस भरी गर्मी, जबकि ओडिशा, पूर्वोत्तर और मध्य भारत में भारी बारिश का दौर जारी

Dayanidhi

  • 🔶 ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट – 115.6 से 204.4 मिमी तक भारी से बहुत भारी बारिश का अंदेशा।

  • 🟡 18 राज्यों में येलो अलर्ट – बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी यूपी, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर व दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश।

  • ⚡ आंधी-तूफान और वज्रपात का खतरा – कई राज्यों में 30–40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी।

  • 🌡️ दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी – अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस, बारिश की संभावना बेहद कम।

  • 🚜 जनता और किसानों के लिए चेतावनी – खेतों में जलभराव से बचाव की तैयारी करें, मछुआरे 24 घंटे तक अरब सागर में न जाएं।

देश भर में लगातार कई तरह की मौसमी गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने आज, 11 सितंबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान में भी कई तरह की मौसमी प्रणालियों का जिक्र किया है। विभाग ने कहा है कि अरब सागर में बने डिप्रेशन और अन्य मौसमी गतिविधियों के कारण देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। पूर्वोत्तर, पूर्वी और मध्य भारत में जहां भारी बारिश हो सकती है, वहीं कुछ राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

अरब सागर और पाकिस्तान से सटे इलाकों में बने डिप्रेशन ने मौसम पर असर डालना शुरू कर दिया है। यह डिप्रेशन पिछले छह घंटों में पश्चिम दिशा की ओर लगभग 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ा है। इसके अगले 12 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर पड़कर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने का पूर्वानुमान है

केवल डिप्रेशन ही नहीं, बल्कि अन्य मौसमी गतिविधियां भी बारिश को बढ़ा रही हैं। मानसून ट्रफ समुद्र तल पर अब अरब सागर से होते हुए भुज, आगरा, बाराबंकी, वाराणसी, रांची और दीघा से पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। देश के कई हिस्सों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार जारी है।

आज कहां-कहां होगी भारी बारिश?

उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते आज, 11 सितंबर, 2025 को ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।

मौसमी गतिविधियों का असर आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा तेलंगाना और विदर्भ के कुछ इलाकों में देखने को मिल सकता है। इन सभी राज्यों में गरज के साथ भारी बारिश के आसार हैं, यानी यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल। यहां विभाग ने बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

पूर्वोत्तर भारत में मौसमी बदलाव की बात करें तो आज, यानी 11 सितंबर, 2025 को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी जमकर बरसेंगे बादल। यहां भी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है तथा यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर में मौसम?

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर उमस भरी गर्मी से लोग परेशान है। मौसम विभाग की मानें तो आज दिनभर धूप खिली रहेगी। बीच-बीच में हल्के-हल्के बादल भी दिख सकते हैं। दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में भी बारिश के आसार कम हैं। जाहिर है बारिश न होने से तापमान बढ़ेगा और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी

11 और 12 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में तेज रफ्तार से सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान सुबह और शाम के मौसम में ठंडक महसूस होगी। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान के 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। जल्द ही दिल्ली से मानसून की विदाई हो सकती है

कहां है आंधी-तूफान और वज्रपात के आसार?

विभाग के मुताबिक आज, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड और ओडिशा, आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं तथा बिजली गिरने की आशंका है।

जबकि आज, 11 सितंबर, 2025 को आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा तथा उत्तराखंड में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात का अंदेशा जताया गया है

मौसम विभाग की किसानों और आम जनता के लिए सुझाव

विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि आज, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के लोग भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए सतर्क रहें। बिजली गिरने और आंधी-तूफान के समय पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। जिन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है, वहां के किसान खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था करें। मछुआरों को अरब सागर में अगले 24 घंटों तक न जाने की सलाह दी गई है।

अरब सागर में बना डिप्रेशन धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा, लेकिन इसका असर देशभर के मौसम पर दिखाई देगा। ओडिशा, पूर्वोत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं। आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहकर मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करना चाहिए।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 10 सितंबर, 2025 को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में मिजोरम के आइजोल में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल, 10 सितंबर, 2025 को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 10 सितंबर, 2025 को लक्षद्वीप के अधिकतर इलाकों, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख, उत्तराखंड, बिहार, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, असम और मेघालय, पश्चिम मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई।

वहीं कल, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाकों, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, सौराष्ट्र और कच्छ, रायलसीमा, केरल और माहे के कई इलाकों, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल, 10 सितंबर, 2025 को झारखंड के रांची में 6 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कार निकोबार में 3 सेमी, पूर्व उत्तर प्रदेश के बलिया में 3 सेमी, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के मालदा में 3 सेमी, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के आसनसोल में 3 सेमी, तेलंगाना के आदिलाबाद में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

वहीं कल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के पेरियाकुलम, करूर परमाथी, मदुरै और तिरुत्तानी प्रत्येक जगह 2 सेमी, पूर्वी मध्य प्रदेश के मलाजखंड में 2 सेमी, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कलबुर्गी में 2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।