आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में चक्रवात का अलर्ट, 100-110 किमी की रफ्तार से हवाएं और भारी बारिश होने की आशंका। फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स
मौसम

चक्रवात अकवान हुआ गंभीर, 120 किमी की हवाओं का अलर्ट; ओडिशा में 2 लाख लोगों के बचाव की तैयारी

बंगाल की खाड़ी में गहराया तूफान, 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के आसार; ओडिशा में 74 बचाव दल तैनात, उत्तर भारत में घने कोहरे का अलर्ट

Dayanidhi

  • बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अकवान गंभीर तूफान बना, 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट पार करने का अनुमान, हवाएं 120 किमी तक चलेंगी।

  • आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में चक्रवात का अलर्ट, 100-110 किमी की रफ्तार से हवाएं और भारी बारिश होने की आशंका।

  • ओडिशा में चक्रवात से निपटने की तैयारी तेज, 74 बचाव दल तैनात, दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित पहुंचाने की योजना।

  • उत्तर प्रदेश में 18 नवंबर को घने कोहरे की चेतावनी, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब में 19 से 21 नवंबर तक अलर्ट।

  • देश के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे, हिमाचल के मंडी में सबसे कम 6.1 डिग्री दर्ज।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अकवान’ ने अब गंभीर रूप ले लिया है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, 18 नवंबर, 2026 की सुबह 5:30 बजे यह गंभीर चक्रवाती तूफान (सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म) में तब्दील हो गया। तूफान फिलहाल दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से और उससे सटे पश्चिम-मध्य क्षेत्र में केंद्रित है।

इसके लगातार उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंके 120 किमी प्रति घंटे तक चलने का अनुमान है।

यह चेन्नई से करीब 580 किमी पूर्व, श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 650 किमी उत्तर-पूर्व और आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से लगभग 610 किमी दक्षिण-पूर्व में स्थित था। पिछले छह घंटों के दौरान तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में महज तीन किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा। हालांकि इसकी गति धीमी है, लेकिन यह अब गंभीर चक्रवाती तूफान बन चुका है।

आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में अलर्ट

चक्रवात से होने वाले असर को देखते हुए आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेल्लोर से विशाखापत्तनम के बीच इसके तट पार करने का अनुमान है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका है। तटीय इलाकों में पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

तूफान आज सुबह चेन्नई से करीब 580 किमी पूर्व, श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 650 किमी उत्तर-पूर्व और आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 610 किमी दक्षिण-पूर्व में स्थित था

ओडिशा में दो लाख लोगों को निकालने की तैयारी

चक्रवात का असर ओडिशा में भी देखने को मिल सकता है। राज्य सरकार ने बचाव और राहत व्यवस्था मजबूत कर दी है। ओडिशा में एनडीआरएफ और ओडीआरएएफ समेत 74 बचाव दल तैनात किए गए हैं। आठ जिलों में 87 संवेदनशील ब्लॉक और 1,902 खतरे वाली जगहों की पहचान की गई है।

ओडिशा विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय के मुताबिक, प्रशासन ने करीब 2,04,070 लोगों को संभावित रूप से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की है। इनमें गंजम के 1,21,597, गजपति के 25 हजार, पुरी के 24,076, कंधमाल के 10,240 और मलकानगिरी के 10 हजार लोग शामिल हैं। हालांकि वास्तविक निकासी का फैसला मौसम और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर होगा।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य हिस्सों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। तटीय इलाकों के लोगों को भी सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। अगले 48 घंटों में अकवान की दिशा और ताकत पर सभी की नजर रहेगी।

उत्तर भारत में ठंड और कोहरे की दस्तक

एक तरफ पूर्वी तट पर चक्रवात का खतरा है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर बढ़ रहा है। उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहा। वहीं, देश के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से माइनस पांच डिग्री से अधिक नीचे दर्ज किया गया।

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान हिमाचल प्रदेश के मंडी में 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

कई राज्यों में सामान्य से नीचे पहुंचा पारा

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से माइनस पांच डिग्री से अधिक नीचे दर्ज किया गया। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, ओडिशा, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में भी तापमान में भारी गिरावट रही।

हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कोंकण एवं गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु सहित कई इलाकों में भी रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। इससे सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ने लगा है।

यूपी में आज घने कोहरे के आसार

उत्तर प्रदेश के लोगों को 18 नवंबर को कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अंदेशा जताया है। सुबह के समय दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।

हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में 19 से बढ़ेगा कोहरा

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 19 नवंबर से कोहरे का दायरा बढ़ सकता है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 19 से 21 नवंबर तक घने कोहरे की आशंका है। सुबह के समय दृश्यता घटने से रजमर्रा के आवागमन और यातायात पर असर पड़ सकता है। खासकर हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर आने वाले दिनों में बढ़ने के संकेत हैं।