मौसम

उत्तर भारत में बढ़ने लगी सर्दी, दक्षिण के राज्यों में गरज के साथ बारिश के आसार

29 और 30 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी के अलग-अलग हिस्सों, कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है

Dayanidhi

मौसम विभाग के मुताबिक, एक चक्रवाती प्रसार तमिलनाडु तट से दूर दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर और दूसरा दक्षिण तमिलनाडु के निचले स्तरों पर जारी है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए आज, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात की आशंका जताई है

दक्षिण भारत के अगले पांच दिनों के मौसम की बात करें तो, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, तटीय कर्नाटक तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

वहीं, 29 और 30 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी के अलग-अलग हिस्सों, कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है। यानी इन सभी राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

उपरोक्त हिस्सों को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

वहीं राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो, यहां भी मौसम बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है, धुंघ भी दिखने लग गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में मौसम के साफ रहने का अनुमान है, वहीं आने वाले दिनों में धुंध के बढ़ने के आसार हैं। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनताम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

वहीं उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में आज मौसम साफ रहेगा है। जबकि शाम के समय सर्द हवाओं के चलने से तापमन में गिरावट आ सकती है। स्थानीय मौसम विभाग ने यहां रात में ओस पड़ने का अनुमान लगाया है। हालांकि पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान के 15 से लेकर 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की वजह से तापमान में भारी गिरावट आ रही है। उत्तराखंड के ऊंचे पहड़ों में बर्फबारी के बाद इन इलाकों में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है, कहीं-कहीं अलाव जलाकर लोग अपने आपको गर्म रखने का प्रयास करते देखे जा सकते हैं।

कहां-कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, कर्नाटक, रायलसीमा, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस, काफी नीचे दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, राजकोट (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में जलगांव (मध्य महाराष्ट्र) में न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 26 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे, असम और मेघालय तथा अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 26 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान झालदा में 6 सेमी, वदावथूर और पेरिंगमाला प्रत्येक जगह 5 सेमी, गंगावती, कोट्टायम, तिरुपतिसारम, मोहम्मदाबाद, उमरंगशु प्रत्येक जगह 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।