सौराष्ट्र और कच्छ में लू चलने की आशंका, जबकि दक्षिण और पूर्वी राज्यों में उमस भरा मौसम बना रहेगा। 
मौसम

गर्मी की आहट, सौराष्ट्र-कच्छ में लू, दक्षिण में उमस भरा मौसम, जानें देश का मौसम

उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सबसे ज्यादा बढ़ेगा, जहां चार से छह डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी तापमान दो से पांच डिग्री तक बढ़ सकता है।

Dayanidhi

  • देशभर में तापमान बढ़ रहा है, उत्तर-पश्चिम भारत में सबसे अधिक चार से छह डिग्री तक वृद्धि की आशंका जताई गई है।

  • पूर्वोत्तर राज्यों में 14 से 17 अप्रैल के बीच बारिश, आंधी-तूफान, वज्रपात और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहेंगी।

  • दिल्ली-एनसीआर में तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहेगा, कुछ जगहों पर 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।

  • सौराष्ट्र और कच्छ में लू चलने की आशंका, जबकि दक्षिण और पूर्वी राज्यों में उमस भरा मौसम बना रहेगा।

  • किसानों को भारी बारिश और बढ़ती गर्मी को देखते हुए फसल सुरक्षा, सिंचाई और जल निकासी के उपाय करने की सलाह दी गई।

भारत के अधिकतर इलाकों में गर्मी लगातार बढ़ रही है। हालांकि कुछ हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान का असर भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, यानी 14 अप्रैल 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह का मौसम बना रहेगा। कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं तेजी से तापमान बढ़ेगा।

पूर्वोत्तर भारत में बारिश और आंधी-तूफान

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में आने वाले दिनों में मौसम के खराब रहने के आसार हैं। यहां 14 से 17 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। कई जगहों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

साथ ही यहां तेज हवाएं भी चल सकती हैं जिनकी रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। खासकर अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। विभाग ने किसानों को अपनी फसल को सुरक्षित रखने के लिए पहले से तैयारी करने का सुझाव दिया है।

उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ती गर्मी

उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम बिल्कुल साफ और सूखा बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के इलाकों में गर्मी लगातार बढ़ रही है। आज तापमान के 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर तापमान के 40 डिग्री तक भी पहुंचने का अंदेशा जताया गया है।

हालांकि अभी लू या हीटवेव चलने के आसार नहीं है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है। रात के समय तापमान 20 से 22 डिग्री के आसपास रहेगा, जिससे थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में यहां तापमान चार से छह डिग्री तक बढ़ सकता है।

पूर्वी भारत में हल्की बारिश

पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदलता हुआ नजर आएगा। 14 और 15 अप्रैल को सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं बिजली गिरने के साथ बौछारें भी देखने को मिल सकती है।

वहीं आज, 14 अप्रैल को सिक्किम में बादलों के जमकर बरसने की आशंका जताई गई है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत में सामान्य बारिश

दक्षिण भारत के राज्यों जैसे कर्नाटक और केरल में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां के कुछ हिस्सों में वज्रपात के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि भारी बारिश नहीं होगी, लेकिन कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। दक्षिण भारत के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहेगा।

पूरे देश में बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सबसे ज्यादा बढ़ेगा, जहां चार से छह डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

मध्य भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत में भी तापमान दो से पांच डिग्री तक बढ़ सकता है। दक्षिण भारत में भी हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर पूरे देश में बढ़ेगा।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 13 अप्रैल, 2026 को महाराष्ट्र के अकोला में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हीटवेव और उमस भरे मौसम की चेतावनी

देश के कुछ हिस्सों में लू या हीटवेव चलने के आसार जताए गए हैं। सौराष्ट्र और कच्छ में हीटवेव की आशंका जताई गई है। इसके अलावा ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल जैसे राज्यों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। इस तरह का मौसम लोगों के लिए असहज हो सकता है और स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है।

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम को देखते हुए किसानों को कुछ खास बातों का ध्यान रखने का सुझाव दिया गया है। जिन इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं, वहां खेतों में पानी जमा न होने दें। इसके लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है।

जहां गर्मी ज्यादा बढ़ रही है, वहां फसलों को समय-समय पर पानी देते रहें। मिट्टी में नमी बनाए रखना जरूरी है। फसल की कटाई के बाद उसे सुरक्षित जगह पर रखें ताकि बारिश या खराब मौसम से नुकसान न हो।

देशभर में इस समय मौसम अलग-अलग रूप दिखा रहा है। कहीं बारिश है तो कहीं तेज गर्मी। पूर्वोत्तर भारत में बारिश और तूफान का असर रहेगा, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी तेजी से बढ़ेगी। पूर्व और दक्षिण भारत में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी और बढ़ेगी। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम की जानकारी लेते रहें और उसके अनुसार अपनी दिनचर्या में बदलाव करने की सलाह दी गई है।