उत्तर भारत में 11 मई से मौसम बदलेगा, कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई।
गुजरात और राजस्थान में लू का असर बढ़ेगा, तापमान में पांच डिग्री तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश, कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में 11 से 13 मई के बीच बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं के आसार।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, मछुआरों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।
देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक अगले कुछ दिनों में तेज गर्मी, आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह नौ मई, 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, नौ और 10 मई को उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
इसके बाद 11 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने का पूर्वानुमान है।
उत्तर भारत में आंधी और बारिश का असर
उत्तराखंड में अभी दो दिन तक मौसम साफ रहने और तापमान बढ़ने के आसार हैं। मैदानी इलाकों में गर्मी तेज हो सकती है और तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अंदेशा है। 11 मई से राज्य में फिर मौसम बदलने लगेगा। मौसम विभाग ने 11 से 13 मई के बीच कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है। विभाग ने कुछ पर्वतीय इलाकों में ओलावृष्टि भी होने की आशंका जताई है।
देहरादून, नैनीताल, चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में तेज हवाओं और बिजली चमकने के आसार हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वहीं उत्तर के अन्य पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में 11 से 13 मई के बीच बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू और कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है।
मैदानी इलाकों में मौसमी बदलाव देखें तो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा, यहां 11 मई से मौसम बदलेगा। इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। इससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं।
वहीं आज, नौ मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा 12 और 13 मई को फिर बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
बिहार, झारखंड और बंगाल में तेज तूफान की चेतावनी
पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी है।
झारखंड में आज, यानी नौ मई 2026 को ओलावृष्टि हो सकती है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश जारी
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम खराब बना रहेगा। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां 64.5 से 155.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। विभाग ने इन राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लक्षद्वीप में भी अगले दो दिनों तक तेज बारिश और हवाएं चल सकती हैं। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कई राज्यों में पारे की छलांग
बारिश और आंधी के बीच देश के कई हिस्सों में गर्मी भी बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 12 मई तक तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य भारत में भी अगले पांच दिनों तक तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, आठ मई, 2026 को राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लू या हीटवेव, गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ और पश्चिम राजस्थान में लू या हीटवेव चलने की आशंका जताई है। इन इलाकों में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं नौ और 10 मई के दौरान कोंकण और गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अधिक पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे धूप में ज्यादा देर तक बाहर न रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। जिन क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है, वहां किसान पकी हुई फसलों की कटाई जल्द पूरी कर लें। खेतों में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें ताकि बारिश से नुकसान न हो।
तेज हवाओं को देखते हुए सब्जियों और फलों की फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है। किसान फिलहाल कीटनाशक और उर्वरकों का छिड़काव न करें, क्योंकि बारिश और हवा से इसका असर कम हो सकता है।
पशुपालकों को भी जानवरों को खुले में न बांधने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने को कहा है। आंधी और बिजली चमकने के समय पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। खुले मैदानों और जलाशयों से दूर रहें।
यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को भी अलर्ट रहने को कहा गया है।
आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है। ऐसे में लोगों को लगातार मौसम विभाग की चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की जरूरत है।