दिल्ली-एनसीआर में तापमान में चार डिग्री तक की बढ़ोतरी का आसार, कोंकण और गोवा में गर्म और उमस भरे मौसम के बने रहने का अंदेशा। फोटो साभार: आईस्टॉक
मौसम

उत्तर में चढ़ा पारा, गर्मी में इजाफा, दक्षिण में भारी बारिश, जानें देशभर का हाल

उत्तर-पश्चिमी भारत में तेज गर्मी के आसार, पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान, उमस भरी गर्मी की चेतावनी जारी।

Dayanidhi

  • दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिमी भारत में अगले तीन दिनों तक तेज धूप और बढ़ती गर्मी के आसार, तापमान में चार डिग्री तक की बढ़ोतरी।

  • उत्तराखंड में आज तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटा पहुंच सकती।

  • असम, मेघालय समेत पूर्वोत्तर राज्यों में 11 मई तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना।

  • तमिलनाडु, केरल और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया।

  • राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री दर्ज, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दिनों गर्मी और बढ़ेगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक तेज धूप और गर्मी बढ़ने के आसार हैं, जबकि पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी भी उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बना हुआ है। इसके साथ ही 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी इलाकों के मौसम में बदलाव कर सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी गर्मी

दिल्ली-एनसीआर में हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम कुछ समय के लिए सुहावना हो गया था, लेकिन अब फिर से तेज गर्मी लौटने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि आज, आठ मई, 2026 से अगले तीन दिनों तक आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इस दौरान दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। आज यहां अधिकतम तापमान के 35 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान के 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। गर्मी और धूप के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है। डॉक्टरों ने अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।

उत्तराखंड में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड में आज, आठ मई, 2026 को तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और कुछ जगहों पर हवाओं में और इजाफा होकर 70 किमी प्रति घंटा तक भी जा सकती है।

पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। बिजली गिरने और पेड़ गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। किसानों को भी अपनी फसलों और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आठ और नौ मई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश में भी बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

असम और मेघालय में 11 मई तक बारिश जारी रह सकती है। लगातार बारिश के कारण कुछ निचले इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

पूर्वी भारत में भी बारिश के आसार

पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। बिहार और ओडिशा में आठ से 11 मई के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

झारखंड में भी कई इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने के समय घरों के अंदर रहने की सलाह दी है।

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं

महाराष्ट्र और गोवा में उमस बढ़ेगी

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। वहीं कोंकण और गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि उमस के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है। इस दौरान लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप में ज्यादा देर तक बाहर न रहने की सलाह दी है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अंदेशा

मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। विभाग ने यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 64.5 से 155.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।

कर्नाटक के दक्षिणी हिस्सों में भी तेज बारिश और हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों और समुद्र के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है।

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती का काम करें। जिन इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना है, वहां कटाई के बाद फसल को खुले में न छोड़ें। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था करें।

तेज गर्मी वाले क्षेत्रों में फसलों को समय पर पानी देने की सलाह दी गई है। दोपहर के समय खेतों में काम करने से बचने को भी कहा गया है।

तापमान में बढ़ोतरी के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 10 मई तक तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। मध्य भारत में भी आठ मई के बाद गर्मी बढ़ सकती है। पूर्वोत्तर भारत में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, सात मई, 2026 को राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के हरदोई में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

देश के बाकी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।