फाइल फोटो: सीएसई 
जल

178 जलाशयों में एक सप्ताह में 5 अरब घन मीटर पानी घटा, क्षमता का सिर्फ 63 फीसदी भंडार बचा

दक्षिण भारत के जलाशयों में पानी की भारी कमी, सामान्य स्तर से 47 प्रतिशत कम भंडारण

Raju Sajwan

देश के 178 प्रमुख जलाशयों में एक सप्ताह के भीतर 5.07 अरब घन मीटर पानी घट गया है। केंद्रीय जल आयोग की 12 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, इन जलाशयों में अब उनकी कुल उपयोगी भंडारण क्षमता का महज 63.25 प्रतिशत पानी बचा है। एक सप्ताह पहले यह आंकड़ा करीब 66 प्रतिशत था।

इस साल 12 नवंबर तक देश के 178 प्रमुख जलाशयों में 116.854 बीसीएम पानी बचा है। यह पिछले साल की इसी अवधि के 166.101 बीसीएम भंडारण का महज 70.35 प्रतिशत और सामान्य भंडारण स्तर 145.811 बीसीएम का 80.14 प्रतिशत है। यानी जलाशयों में पिछले साल के मुकाबले 29.65 प्रतिशत और सामान्य स्तर से 19.86 प्रतिशत कम पानी उपलब्ध है।

इन 178 जलाशयों की कुल उपयोगी भंडारण क्षमता 184.762 अरब घन मीटर (बीसीएम) है। इनमें पिछले सप्ताह, 5 नवंबर को 121.926 बीसीएम पानी भरा था। यानी एक सप्ताह में जलाशयों से 5.072 बीसीएम पानी कम हो गया। इस साल का मौजूदा भंडारण सामान्य स्तर 145.811 बीसीएम से 28.957 बीसीएम कम है। वहीं, पिछले साल इसी अवधि में इन जलाशयों में 166.101 बीसीएम पानी उपलब्ध था। इस तरह पिछले साल के मुकाबले इस बार जलाशयों में 49.247 बीसीएम कम पानी बचा है।

दक्षिण भारत में सामान्य से 47 फीसदी कम पानी

दक्षिण भारत के जलाशयों में पानी की स्थिति देश के अन्य क्षेत्रों के मुकाबले काफी खराब है। केंद्रीय जल आयोग की 12 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण भारत के 50 प्रमुख जलाशयों की कुल उपयोगी भंडारण क्षमता 55.879 अरब घन मीटर (बीसीएम) है, लेकिन इनमें महज 22.206 बीसीएम पानी बचा है। यानी इन जलाशयों में उनकी कुल क्षमता का सिर्फ 39.74 प्रतिशत पानी उपलब्ध है। यह पिछले साल की इसी अवधि के 49.440 बीसीएम और सामान्य भंडारण स्तर 41.814 बीसीएम से भी काफी कम है। सामान्य स्तर के मुकाबले इस बार दक्षिण भारत के जलाशयों में 46.89 प्रतिशत कम पानी है।

राज्यों के स्तर पर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की स्थिति सबसे चिंताजनक है। आंध्र प्रदेश के सात जलाशयों में कुल क्षमता का सिर्फ 27.54 प्रतिशत यानी 3.432 बीसीएम पानी बचा है। तेलंगाना के आठ जलाशयों में 33.49 प्रतिशत (3.269 बीसीएम) और तमिलनाडु के नौ जलाशयों में 36.28 प्रतिशत (1.720 बीसीएम) पानी उपलब्ध है। कर्नाटक के 19 जलाशयों में 44.89 प्रतिशत यानी 11.228 बीसीएम पानी बचा है, जबकि केरल के सात जलाशयों में 65.55 प्रतिशत (2.557 बीसीएम) भंडारण दर्ज किया गया है।

उत्तर भारत के जलाशयों की 45 फीसदी खाली

उत्तर भारत के जलाशयों में भी पानी का भंडारण सामान्य स्तर से काफी नीचे है। केंद्रीय जल आयोग की 12 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर भारत के 11 प्रमुख जलाशयों की कुल उपयोगी भंडारण क्षमता 19.836 अरब घन मीटर (बीसीएम) है। इनमें फिलहाल 10.948 बीसीएम पानी बचा है, जो कुल क्षमता का 55.19 प्रतिशत है। यह सामान्य भंडारण स्तर 14.562 बीसीएम से 3.614 बीसीएम कम है। सामान्य के मुकाबले उत्तर भारत में जलाशयों का भंडारण 24.82 प्रतिशत नीचे है।

उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश, पंजाब और राजस्थान के जलाशय शामिल हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश के तीन जलाशयों में 6.921 बीसीएम पानी है, जो उनकी क्षमता का 55.48 प्रतिशत है। पंजाब के एक जलाशय में 1.040 बीसीएम यानी 44.37 प्रतिशत पानी बचा है। वहीं राजस्थान के सात जलाशयों में 2.987 बीसीएम पानी उपलब्ध है, जो कुल क्षमता का 59.54 प्रतिशत है। तीनों राज्यों में भंडारण पिछले साल की इसी अवधि और सामान्य स्तर से कम है। पंजाब में स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है, जहां सामान्य से 27.12 प्रतिशत कम पानी बचा है।

महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान में भी खाली हुए जलाशय

महाराष्ट्र के 38 प्रमुख जलाशयों में 14.589 अरब घन मीटर (बीसीएम) पानी बचा है, जो इनकी कुल उपयोगी भंडारण क्षमता का 71.63 प्रतिशत है। पिछले साल इसी अवधि में इन जलाशयों में 19.814 बीसीएम पानी था, जबकि सामान्य भंडारण 18.069 बीसीएम है। यानी इस बार पानी सामान्य स्तर से 19.26 प्रतिशत कम है। राज्य में सूखे का दायरा भी काफी बड़ा है। महाराष्ट्र सरकार ने 14 अक्टूबर 2026 के फैसले के तहत 305 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। ये तालुके 33 जिलों में हैं।

गुजरात के 19 प्रमुख जलाशयों में 13.437 बीसीएम पानी उपलब्ध है, जो कुल क्षमता का 74.60 प्रतिशत है। पिछले साल इसी अवधि में इन जलाशयों में 17.282 बीसीएम पानी था और सामान्य भंडारण 14.421 बीसीएम था। इस तरह मौजूदा भंडारण सामान्य स्तर से 6.82 प्रतिशत कम है। दूसरी ओर, राज्य के चार जिलों देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर और कच्छ को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है।

राजस्थान के सात प्रमुख जलाशयों में 2.987 बीसीएम पानी बचा है, जो कुल उपयोगी क्षमता का 59.54 प्रतिशत है। पिछले साल इसी अवधि में इन जलाशयों में 4.891 बीसीएम पानी था, जबकि सामान्य भंडारण 4.325 बीसीएम है। इस बार भंडारण सामान्य स्तर से 30.94 प्रतिशत कम है। राज्य में सूखे का असर भी कई इलाकों तक फैला है। राजस्थान सरकार ने 14 जिलों की 80 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। इनमें 69 तहसीलों को गंभीर और 11 को मध्यम रूप से प्रभावित श्रेणी में रखा गया

पूर्वी भारत के जलाशयों में पानी की स्थिति राज्यों के बीच काफी अलग-अलग है। केंद्रीय जल आयोग की 12 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, इस क्षेत्र के 31 प्रमुख जलाशयों की कुल उपयोगी भंडारण क्षमता 21.853 अरब घन मीटर (बीसीएम) है, जिसमें फिलहाल 16.399 बीसीएम पानी उपलब्ध है। यानी कुल क्षमता का 75.04 प्रतिशत पानी बचा है। पिछले साल इसी अवधि में इन जलाशयों में 17.822 बीसीएम पानी था, जबकि सामान्य भंडारण स्तर 16.808 बीसीएम था। इस तरह मौजूदा भंडारण सामान्य स्तर से 2.43 प्रतिशत कम है, लेकिन पिछले साल के मुकाबले स्थिति कुछ कमजोर है।

राज्यों के स्तर पर असम के दो जलाशयों में कुल क्षमता का केवल 36.58 प्रतिशत पानी बचा है। बिहार के पांच जलाशयों में यह 46.87 प्रतिशत, मेघालय के एक जलाशय में 48.59 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल के चार जलाशयों में 47.14 प्रतिशत है। इसके मुकाबले झारखंड में 71.97 प्रतिशत, ओडिशा में 81.60 प्रतिशत और त्रिपुरा में 84.29 प्रतिशत पानी उपलब्ध है। मिजोरम में 52.80 प्रतिशत और नगालैंड में 59.07 प्रतिशत भंडारण दर्ज किया गया है। इस तरह असम, बिहार, मेघालय और पश्चिम बंगाल के जलाशयों में आधी से भी कम क्षमता में पानी बचा है।