दक्षिण भारत में खेतों की सिंचाई पारंपरिक रूप में पानी के छोटे-छोटे स्त्रोतों से की जाती थी। सिंचाई के संसाधनों के संचालन में मंदिरों का महत्वपूर्ण योगदान होता था। हालांकि चोल (9वीं से 12वीं सदी) और विजयनगर दोनों ही साम्राज्यों ने कृषि को बढ़ावा दिया, फिर भी इनमें से किसी ने भी सिंचाई और सार्वजनिक कार्यों के लिए अलग से विभाग नहीं बनाया। इन कार्यों को सामान्य लोगों, गांवों के संगठनों और मंदिरों पर छोड़ दिया गया था, क्योंकि ये भी जरूरी संसाधनों को राज्य की तरह ही आसानी से जुटा सकते थे। उदाहरण के तौर पर, आंध्र प्रदेश के तिरुपति के पास स्थित शहर कालहस्ती में बना शैव मंदिर चढ़ावों का उपयोग सिंचाई के लिए नहरों की खुदाई और मंदिरों की अधिकृत जमीनों पर फिर अधिकार प्राप्त करने के लिए करता था। सन 1540 के कालहस्ती अभिलेख के अनुसार “वीराप्पनार अय्यर ने भगवान के खजाने में 1306 पोन (मुद्रा) जमा किए, जिसका उपयोग मुत्तयामान-समुद्रम के पास के नए क्षेत्रों को खरीदने में किया जाना था, जिससे इस जमीन को खेती के काम में लाया जा सके। इसके अलावा लक्कुसेतिपुरम झील से पानी निकालने का भी प्रायोजन था। इस झील की मरम्मत और रखरखाव के लिए जमा किए गए धन में से 1006 पोन खर्च किए जाने थे।”
दक्षिण भारत में मंदिरों के जरिए चलाई जाने वाली सिंचाई परियोजनाओं के और भी कई उदाहरण मिलते हैं। सन 1584 में एक शैव और एक वैष्णव मंदिर के न्यासियों का कुछ अन्य लोगों की सहायता से एक मंदिर की अधिकृत जमीन पर स्थानीय नदी से निकाले गए नालों की खुदाई करने जैसा उदाहरण भी मिलता है। इन नालों से पानी दूसरे मंदिर की जमीन पर बने तालाब में ले जाया जाता था। जिस मंदिर की जमीन पर नालों की खुदाई हुई थी, उसे मुआवजे के तौर पर एक एकड़ जमीन प्रदान की गई थी। एक अन्य घटना में किसी मंदिर की अधिकृत अनुपजाऊ जमीन को 1952 में कर मुक्त कर दिया गया था, जिसके बाद मंदिर के संचालकों ने उसे उपजाने और सुधार के लिए ठेके पर दे दिया।
विजयनगर के एक पुराने अभिलेख से पता चलता है कि राज्य और किसी एक मंदिर के संचालकों ने उस जमीन को कर मुक्त कर दिया था जिस पर मंदिर के तालाब से सिंचाई होती थी और जिसके लिए एक स्थानीय व्यापारी ने कोष दिया था। इस व्यापारी को इस जमीन से प्राप्त आमदनी दो साल तक दी गई, जिसके बाद जमीन और तालाब, दोनों मंदिर को वापस मिल गए। इसका एक छोटा भाग दासवंडा अनुदान के तौर पर व्यापारी को दिया गया, क्योंकि उसने तालाब का निर्माण करवाया था।
सन 1410 के मैसूर के अभिलेखों में गांवों के संगठनों और मंदिरों के बीच सिंचाई के साधनों के निर्माण में सहयोगी होने का उदाहरण मिलता है। गांववालों ने एक नदी पर बांध बनाया, जिसे उन्होंने अपनी जमीनों पर खोदे गए जल मार्गों से मंदिर तक जोड़ा। ऐसा तय किया गया था कि दो-तिहाई पानी का इस्तेमाल मंदिर की अधिकृत जमीन पर किया जाएगा और बाकी का एक-तिहाई गांव की जमीन पर। इसके खर्च का अनुपात भी इसी तरह बांटा गया। सन 1424 के एक अभिलेख के अनुसार, सन 1410 में गांववालों की ओर से तैयार किया गया बांध टूट गया था। एक सैनिक अधिकारी की सहायता से इसका पुनर्निर्माण करवाया गया था।
मंदिरों की अधिकृत जमीन पर सिंचाई का काम काफी योजनाबद्ध ढंग से किया जाता था। सन 1496 में एक मंदिर के प्रबंधक ने कर्नाटक के कोलार जिले में स्थित जगह पर एक व्यक्ति से समझौता किया, जिसने गांव में तालाब की खुदाई की। इस तालाब की खूबियों के बदले उसे दासवंडा अनुदान के अंतर्गत सिंचाई युक्त जमीन दी गई। इस अभिलेख के अनुसार, अल्पा का बेटा, नरसिंह देव को, जो नरसिंह मंदिर में पुजारी है और कोन्डापा तिम्मन्ना के बेटे एवापा के बीच इस प्रकार का एक समझौता हुआ।
इसके मुताबिक, “भगवान नरसिंह के चढ़ावे से खरीदे गांव गुंडाल्लाहल्ली में तालाब की जरूरत है ताकि गांववालों का जीवन चल सके। यह तालाब बहुत मजबूत होना चाहिए, इसके बांधों पर खूब मिटृी होनी चाहिए। इसका फाटक पत्थरों का होना चाहिए। इसके जल मार्ग ईंट और गारे से बनने चाहिए। इसके बदले हम तुम्हें सिंचित होने वाले धान के खेत देंगे। तालाब के पास ही सिंचित दस हिस्सों में तीन हिस्सा जमीन तुम्हें मिलेगी। अगर इस तालाब में कुछ गड़बड़ी आई, तो हम धान उगाने वाले समूचे खेतों पर तुम्हारी जमीन के साथ कर लगा देंगे। तुम अपनी जमीन पर नारियल और अन्य प्रकार की फसलों को उगा सकते हो। इन तक पहुंचने वाला पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। तुम्हारे चावल के खेतों में काम करने वाले श्रमिकों को रहने का घर बनाना हो तो स्थल का चयन हम करेंगे। ये धान के खेत तुम्हें तब तक के लिए दिए जाते हैं जब तक चांद और सूरज रहेंगे। इसके अतिरिक्त तुम्हारी आने वाली पीढ़ी को भी इस पर अधिकार होगा। तुम इसे बेच भी सकते हो।”
दक्षिण भारत में मंदिरों द्वारा सिंचाई के विकास में योगदान के ये कुछ उदाहरण हैं। उन्हें कभी राज्य के प्रशासकों से सहायता मिलती थी तो कभी लोगों से। विजयनगर राज्य के बाद सबसे ज्यादा जमीन पर मंदिरों का ही आधिपत्य था।
सिंचाई के अलावा, मंदिरों के संचालक नई जमीन पर खेती कराने और उनसे प्राप्त आमदनी को मंदिरों को चलाने में खर्च करते थे। इनका प्रयोग त्योहारों और देवताओं के चढ़ावे में सबसे अधिक किया जाता था
नौंवी शताब्दी में बना तिरुपति का मंदिर अनुयायियों के चढ़ावे के धन का कृषि के विकास में उपयोग करने का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। मंदिर ने विजयनगर के इलाके में छोटे सिंचाई साधनों को बढ़ावा दिया। सोलहवीं सदी तक लगभग 150 गांवों को इस नीति से मदद दी गई। इस व्यवस्था से कार्य करने का एक उदाहरण सन 1429 में राजा देवराय द्वितीय (1423-1446) द्वारा एक स्थानीय मंदिर को तीन करमुक्त गांव दान देने में मिलता है। इसमें एक ब्राह्मण गांव विक्रमादित्यमंगला भी शामिल था। इन गांवों की आमदनी को त्योहारों के वक्त इस्तेमाल किया जाता था। हर साल मंदिर का दफ्तर (जिसे तिरुप्पनभंडारम कहा जाता था) गांवों से प्राप्त होने वाली आमदनी का एक हिस्सा मंदिरों में भेंट चढाने के लिए अलग से बचाकर रखता था। कंडडायी रामानुज आयंगर नामक व्यक्ति ने अपने दान किए गए 6500 पणम (मुद्रा) में से 1300 पणम को विक्रमादित्यमंगला में सिंचाई के मार्गों के निर्माण के लिए ही रखा। इस सिंचाई से प्राप्त आमदनी मंदिरों को ही मिलने वाली थी। इस तरह विक्रमादित्यमंगला गांव की स्थायी आमदनी बढ़ी और यह दो दानों से ही संभव हो सकी।
मंदिरों के कोष से गांवों में सिंचाई के अलग-अलग स्त्रोतों का निर्माण किया जाता था। इससे इन गांवों से प्राप्त आमदनी में बढ़ोतरी होती थी, जिसे धार्मिक कार्यों में खर्च किया जाता था। इस व्यवस्था से कृषि की संरचना पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा, क्योंकि गांवों की जमीन और सिंचाई के संसाधनों का प्रबंध खेतिहर मजदूर ही करते थे।
तिरुपति क्षेत्र में किसी एकाधिकारी के न होने के कारण विजयनगर साम्राज्य के शुरू के दिनों में, मंदिर ने सन 1390 के आसपास न्यासियों को एक स्वतंत्र संचालक संगठन बनाने में सफलता हासिल की, जिसे स्थानों के नाम से जाना जाता था। इस संगठन के पास बहुत महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां थीं। इसका स्थापित होना इस क्षेत्र के विकास के लिए पहला बड़ा कदम था।
पंद्रहवीं शताब्दी के मध्य तक तिरुपति मंदिर वैष्णवों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका था। चूंकि इस समय तक तिरुपति में धार्मिक काम काफी बढ़ गए थे, इसलिए राज्य की ओर से दी गई जमीन और धन में भी बराबर बढ़ोतरी हुई। चढ़ावे और दान में प्राप्त धन का इस्तेमाल करीब सौ गांवों में सिंचाई के कार्यों के विकास में किया जाता था। सोलहवीं सदी में मंदिर को प्रदान किए गए गांवों में से करीब नब्बे प्रतिशत राज्य दान में मिले थे।
मंदिर के महत्व को स्थापित करने में राज्य का संरक्षण बहुत जरूरी था। लेकिन मंदिर में धार्मिक कार्यों को चलाने के लिए उसके जमीन और धन सुरक्षित आमदनी के स्त्रोत बने रहें, इस बात का आश्वासन मंदिर के द्वारा गांवों में सिंचाई की व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु खर्च किए गए धन से मिलता था। इससे छोटे न्यासी भी आश्वस्त रहते थे।
प्राचीन काल से ही भारत के मंदिरों में या उसके इर्द-गिर्द कुंड या सरोवर के निर्माण की परंपरा रही है। देश के विभिन्न हिस्सों में राजाओं ने इस तरह के कुंडों का निर्माण करवाया। इन कुंडों के निर्माण के दो प्रयोजन थे। पहला, लोगों की मान्यता है कि मंदिरों के कुंड में स्नान करने से उनके पाप धुल जाएंगे। और दूसरा यह कि भारत के अधिकांश क्षेत्र पानी के लिए बारिश पर निर्भर होते हैं। ऐसे में इन कुंडों में बारिश के मौसम में पानी संग्रहित होता है और जरूरत के वक्त लोगों की पानी की मूलभूत जरूरतों को पूरा करते हैं।
असम का जॉयसागर टैंक इसका एक उदाहरण है जिसका निर्माण अहोम राजा रुद्र सिंह ने अपनी मां जॉयमती की स्मृति में करवाया था। इस टैंक को देश के सबसे बड़े मंदिर कुंड के रूप में जाना जाता है। यह 318 एकड़ में फैला है और इसके किनारों पर जयदोल मंदिर, शिव मंदिर, देवी घर और नाटी गोसाईं के मंदिर बनवाए गए हैं।
पुरी में स्थित नरेंद्र सरोवर को ओडिशा का सबसे पवित्र सरोवर माना जाता है। जगन्नाथ मंदिर के उत्तर-पूर्व में स्थित इस सरोवर का फैलाव 3.24 एकड़ है।
तमिलनाडु के कुंबकोनम शहर में स्थित महामहम सरोवर 6.2 एकड़ क्षेत्र में फैला है और 16 छोटे मंडपों और नव कन्निका मंदिर से घिरा है। ऐसी मान्यता है कि महामहम उत्सव के दौरान भारत की सभी प्रमुख नदियां इस सरोवर में मिलती हैं। इनके अलावा भी देशभर में सैकड़ों मंदिर मौजूद हैं, जो क्षेत्र विशेष की जल आवश्यकताओं की पूर्ति करने में सक्षम हैं। हिंदुओं की इस परंपरा को सिख समुदाय ने भी अपनाया। अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के चारों ओर बना “अमृत सरोवर” इसी का एक उदाहरण है।
कई स्थानों पर प्राकृतिक कुंड भी देखने को मिलते हैं, जो गर्म पानी के लिए जाने जाते हैं। इन्हीं प्राकृतिक कुंडों में से एक है बिहार राज्य के मुंगेर जिले का सीता कुंड। ऐसी मान्यता है कि सीता ने अग्नि परीक्षा के बाद इस कुंड में स्नान किया था और तभी से इस कुंड का पानी गर्म हो गया। इसके आसपास सीता मंदिर है और बाद में चारों भाइयों के नाम से राम कुंड, लक्ष्मण कुंड, भरत कुंड और शत्रुघ्न कुंड बनवाया गया।
- चैतन्य चंदन