विज्ञान

नासा से ताजा तस्वीरें : दिखाई पड़ी मंगल की शुष्क झील !

Vivek Mishra

क्या मंगल ग्रह पर जीवन था? मंगल ग्रह पर अतीत में जीवन होने की आशंका और उसके निशानों व अवशेषों की तलाश लगातार जारी है। अमेरिकी अतंरिक्ष एजेंसी नासा के मार्स क्यूरोसिटी रोवर की ताजा तस्वीरों ने एक बेहद सूनसान पहाड़ी क्षेत्र की तस्वीर साझा की है। यह 95 मील चौड़ा गेल क्रेटर पहाड़ी बेसिन क्षेत्र है। जहां एक किनारा दिखाई दे रहा है। अभी ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि इसी किनारे पर एक झील बहती थी जो लंबे अंतराल के बाद सूख गई। रेत और चट्टानों के बीच दरारें भी कुछ ऐसा ही इशारा देती हैं। हाल ही में जर्नल नेचर में भी इस शुष्क झील के बारे में एक अध्ययन प्रकाशित किया गया था। 

2012 में नासा ने क्यूरोसिटी रोवर को मंगल ग्रह भेजा था। क्यूरोसिटी रोवर का काम मंगल ग्रह के अतीत में जीवन होेने के सबूत तलाशना है। लाल ग्रह पर खारे पानी के होने का सबूत मिला था, साथ ही कुछ अन्य संकेतों के बाद यह माना गया था कि मंगल ग्रह पर सूक्ष्मजीवों का संसार रहा होगा। 

वहीं अमेरिकी भू-गर्भ वैज्ञानिकों का मत है कि नासा के जरिए आई तस्वीरें यह स्पष्ट तौर पर इशारा करती हैं कि कभी इन पहाड़ों के बीच से पानी बहता था। बहरहाल, नासा के रोवर से मंगल ग्रह पर रासायनिक तत्वों, वायु, जल आदि की निगरानी हो रही है। सेल्फी लेने में भी सबल क्यूरोसिटी रोवर काफी दिलचस्प तस्वीरें लाल ग्रह से पृथ्वी तक भेज रहा है। इससे लाल ग्रह के अतीत जीवन का सही आकलन संभव हो सकेगा।