भारतीय वैज्ञानिकों ने पेरोवस्काइट नैनोक्रिस्टल्स से स्थिर, चमकदार और कम लागत वाली सफेद एलईडी बनाने की नई तकनीक विकसित की। प्रतीकात्मक तस्वीर फोटो साभार: आईस्टॉक
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

अब नहीं घुलेगा रंगों का जादू! वैज्ञानिकों ने खोजा स्थिर और चमकदार सफेद रोशनी का नया रास्ता

परंपरागत एलईडी को मिल सकती है सस्ती और लचीली तकनीक से चुनौती, स्मार्टफोन से लेकर घरों तक बदल सकती है रोशनी की दुनिया

Dayanidhi

  • भारतीय वैज्ञानिकों ने पेरोवस्काइट नैनोक्रिस्टल्स से स्थिर, चमकदार और कम लागत वाली सफेद एलईडी बनाने की नई तकनीक विकसित की।

  • लेड सेलेनाइड और एल्युमिनियम ऑक्साइड की दोहरी सुरक्षा से लाल और हरे रंगों को आपस में घुलने से बचाया।

  • नई तकनीक से सफेद रोशनी का रंग बिजली की धारा बदलकर गर्म या ठंडा किया जा सकता है।

  • वैज्ञानिकों ने स्प्रे कोटिंग तकनीक से कांच और लचीली पीईटी प्लास्टिक पर सफेद एलईडी उपकरण तैयार किए।

  • अनुकूलित एलईडी उपकरणों ने 24 घंटे तक स्थिर रोशनी दी, लेकिन सीसे की विषाक्तता अब भी बड़ी चुनौती है।

स्मार्टफोन की स्क्रीन हो या घरों में जलने वाली एलईडी लाइट, सफेद रोशनी हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है। लेकिन क्या हो अगर यही रोशनी अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से कभी ठंडी सफेद तो कभी गर्म पीली बनाई जा सके? वह भी कम खर्च में, बिना महंगे दुर्लभ तत्वों के और ऐसी तकनीक से जिसे मोड़ने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में भी इस्तेमाल किया जा सके। भारतीय वैज्ञानिकों ने इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है।

बेंगलुरु स्थित सेंटर फॉर नैनो एंड सॉफ्ट मैटर साइंसेज (सीईएनएस) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के शोधकर्ताओं ने ऐसी तकनीक विकसित की है, जो नई पीढ़ी की सफेद एलईडी लाइट के रास्ते में खड़ी एक बड़ी समस्या को दूर करने में मदद कर सकती है। यह शोध प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिका 'स्माल' में प्रकाशित हुआ है।

रंगों की दोस्ती बनी थी सबसे बड़ी परेशानी

वैज्ञानिक लंबे समय से हैलाइड पेरोवस्काइट नैनोक्रिस्टल्स को अगली पीढ़ी की रोशनी के लिए एक शानदार विकल्प मानते रहे हैं। सीजियम लेड हैलाइड (सीएसपीबीएक्स3) नाम के इन पदार्थों में खास बात यह है कि ये बेहद चमकीले और शुद्ध रंग पैदा करते हैं। इनमें क्लोरीन, ब्रोमीन और आयोडीन की मदद से अलग-अलग रंग प्राप्त किए जा सकते हैं।

मसलन, सीएसपीबीबीआर3 हरे रंग की रोशनी देता है, जबकि सीएसपीबीआई3 लाल रंग पैदा करता है। दोनों को मिलाकर सफेद रोशनी बनाने की संभावना काफी आकर्षक है।

लेकिन यहीं एक पेंच था। जब अलग-अलग रंग पैदा करने वाले ये नैनोक्रिस्टल एक-दूसरे के संपर्क में आते हैं, तो उनके हैलाइड आयन आपस में अदला-बदली करने लगते हैं। इसे 'एनायन एक्सचेंज' कहा जाता है। नतीजा यह होता है कि लाल और हरे रंग की अपनी अलग पहचान खोने लगती है और उनकी जगह नारंगी जैसा मिला-जुला रंग दिखाई देने लगता है। कई बार यह बदलाव कुछ ही मिनटों में शुरू हो सकता है।

यानी जिस तकनीक से रंगों की दुनिया सजनी थी, वही रंगों को बिगाड़ने लगी।

दोहरी सुरक्षा से रंगों पर लगाया पहरा

इस समस्या का समाधान खोजने के लिए शोधकर्ताओं ने दोहरी सुरक्षा का तरीका अपनाया। टीम में गौरी शर्मा, स्वाति खुराना, समीर सपरा और प्रलय के. सान्ट्रा शामिल थे।

पहले चरण में वैज्ञानिकों ने नैनोक्रिस्टल की सतह पर मौजूद हैलाइड की खाली जगहों यानी 'वैकेंसी' को कम करने के लिए लेड सेलेनाइड (पीबीएसई) का इस्तेमाल किया। ये खाली जगहें ही आयनों के इधर-उधर जाने का रास्ता बनती हैं। इन्हें कम करने से रंगों के आपसी घालमेल पर रोक लगाने में मदद मिली। खास बात यह रही कि इससे पदार्थ की चमक और रंग की शुद्धता पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ा।

दूसरे चरण में वैज्ञानिकों ने नैनोक्रिस्टल की परतों पर एल्युमिनियम ऑक्साइड (एअल2ओ3 ) की बेहद पतली सुरक्षा परत चढ़ाई। एटॉमिक लेयर डिपोजिशन (एएलडी) तकनीक से तैयार यह परत महज 5 से 6 नैनोमीटर मोटी है। यह एक सुरक्षा दीवार की तरह काम करती है और अलग-अलग रंगों की परतों के बीच आयनों के प्रसार को रोकने में मदद करती है।

इस तरह रासायनिक और भौतिक सुरक्षा के दोहरे इंतजाम ने रंगों को उनकी जगह बनाए रखने का रास्ता तैयार किया।

कांच ही नहीं, मुड़ने वाली प्लास्टिक पर भी बनी एलईडी

इस शोध की एक और खासियत इसका व्यावहारिक इस्तेमाल है। वैज्ञानिकों ने स्प्रे कोटिंग और माइक्रोपैटर्निंग जैसी तकनीकों की मदद से बहुस्तरीय सफेद एलईडी उपकरण तैयार किए। इनका निर्माण सामान्य कांच के साथ-साथ लचीली पीईटी प्लास्टिक शीट पर भी किया गया।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, अनुकूलित उपकरणों ने लगातार 24 घंटे तक काम करते हुए स्थिर सफेद रोशनी दी। गर्म करने और ठंडा करने पर भी रोशनी का रंग आदर्श सफेद रंग के करीब बना रहा।

इतना ही नहीं, बिजली की धारा बदलकर रोशनी के मिजाज को भी बदला जा सकता है। यानी जरूरत के मुताबिक सफेद रोशनी को गर्म या मंद बनाया जा सकता है।

बाजार तक पहुंचने से पहले एक बड़ी चुनौती

यह तकनीक भविष्य में स्मार्टफोन डिस्प्ले, लचीली स्क्रीन और ऊर्जा-कुशल एलईडी लाइटिंग के लिए नए दरवाजे खोल सकती है। कम तापमान पर निर्माण, अपेक्षाकृत सरल प्रक्रिया और स्प्रे कोटिंग जैसी विधियां इसे बड़े पैमाने पर बनाने की संभावना भी बढ़ाती हैं।

हालांकि इस चमकदार भविष्य के सामने एक गंभीर सवाल भी है। इन नैनोक्रिस्टल में लेड यानी सीसा मौजूद है, जो मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए नुकसानदेह हो सकता है। इसलिए सुरक्षित इस्तेमाल, कचरे के निपटान और रीसाइक्लिंग की व्यवस्था जरूरी होगी। भविष्य में सीसा-मुक्त विकल्प विकसित करना भी अहम होगा।

फिलहाल यह खोज प्रयोगशाला से बाजार तक पहुंचने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वैज्ञानिकों ने रंगों को आपस में घुलने से रोकने का रास्ता दिखाया है। अब चुनौती है इस रोशनी को लंबे समय तक सुरक्षित, टिकाऊ और आम आदमी की जेब के अनुकूल बनाना।