यह नासा के द्वारा वॉयजर-1 की चित्रात्मक तस्वीर बनाई गई है। उसके पूरे एक प्रकाश दिन की दूरी तय करने की उल्टी गिनती चालू हो गई है। और वह बिना थके लगातार काम पर है (सभी फोटो: नासा से साभार)
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

मानव जिज्ञासा की उड़ान: वॉयजर-1 ने अंतरिक्ष में रचा नया इतिहास

वर्ष 1977 में पृथ्वी से अंतरिक्ष की ओर रवाना वॉयजर-1 कुल एक प्रकाश दिन की अपनी यात्रा का कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा

Vivek Mishra

एक ऐसा अंतरिक्ष यान, जो 49 बरस का हो चुका है और जिसकी आंखें बंद हो चुकी हैं। ऊर्जा धीरे-धीरे क्षीण हो रही है। आज के एक साधारण मोबाइल फोन से भी बेहद कम कंप्यूटर स्मृति वाला यह यान तारों के बीच फैले विशाल अंतरिक्ष (इंटरस्टेलर) में लगातार लगभग 61 हजार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और हर दिन करीब 14.7 लाख किलोमीटर की दूरी तय करता है। यह अंतरिक्ष पूरी तरह खाली नहीं है, लेकिन इसकी दूरियां इतनी विराट हैं कि निकटतम तारों तक पहुंचने में भी हजारों नहीं बल्कि लाखों गुना अधिक धैर्य और समय की कल्पना करनी पड़ती है।

जब हम उस यान के बारे में यहां लिख रहे हैं, उम्मीदों से भरे हुए हैं। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को वॉयजर-1 पृथ्वी से एक प्रकाश-दिन की दूरी तक पहुंच जाएगा। और जब आप यह पढ़ रहे होंगे, संभव है कि यह ऐतिहासिक पड़ाव घटित हो चुका हो। वह पृथ्वी से एक प्रकाश-दिन यानी लगभग 25.9 अरब किलोमीटर दूर होगा। इतनी दूरी कि प्रकाश को भी इसे तय करने में 24 घंटे लगते हैं। उस समय वॉयजर-1 को भेजा गया कोई भी रेडियो संदेश वहां तक पहुंचने में करीब एक दिन लेगा और फिर उसका जवाब लौटने में भी एक और दिन लग जाएगा। यह केवल दूरी का नया कीर्तिमान नहीं होगा। यह उस मानवीय जिज्ञासा की उपलब्धि होगी, जो हमें अपनी दुनिया की सीमाओं से परे देखने के लिए प्रेरित करती है। वॉयजर-1 को किसी दूसरे ग्रह पर जीवन खोजने या किसी दूसरी सभ्यता से संपर्क स्थापित करने के लिए नहीं भेजा गया था। वह बृहस्पति और शनि के रहस्यों को जानने निकला था। लेकिन उसके साथ भेजा गया गोल्डन रिकॉर्ड हमारी पृथ्वी की आवाजें, संगीत, तस्वीरें और अभिवादन लेकर चल रहा है। इस संभावना के साथ कि कभी, कहीं, कोई उसे खोज सके।

दिलचस्प यह है कि वॉयजर अंतरिक्ष यान के साथ 1977 में भेजे गए गोल्डन रिकॉर्ड में पृथ्वी की भाषाई विविधता का प्रतिनिधित्व करने के लिए जो भाषाएं शामिल की गई थीं उसकी सूची में हिंदी, उर्दू, बंगाली, गुजराती, मराठी, कन्नड़, तेलगू, तमिल, ओड़िया, पंजाबी, राजस्थानी भाषा भी मौजूद थीं। यह रिकॉर्ड संभावित रूप से किसी दूसरी सभ्यता के लिए पृथ्वी का परिचय था।

बहरहाल वॉयजर-1 अब अंतरतारकीय अंतरिक्ष (इंटरस्टेलर) में है। उसकी बिजली लगातार घट रही है और उसके उपकरण एक-एक करके बंद किए जा रहे हैं लेकिन जब तक उसके संकेत पृथ्वी तक पहुंच सकते हैं और वह हमें उस ब्रह्मांड के बारे में बता सकता है, जहां तक मनुष्य स्वयं अभी नहीं पहुंच पाया है। यह सिर्फ दूरी का रिकॉर्ड नहीं है। यह उस दिन का प्रतीक है, जब इंसान की बनाई एक मशीन इतनी दूर होगी कि उससे बातचीत करना भी दो दिनों का धैर्य मांगेगा। नासा के अनुसार, इस दूरी तक पहुंचने वाली वह पहली मानव-निर्मित वस्तु होगी। वैसे तो यह यान मूल रूप से लगभग पांच साल के प्राथमिक मिशन के लिए बनाया गया था और इसका काम पृथ्वी के सौर मंडल के भीतर ग्रहों की जानकारी जुटाना था। लेकिन आज पांच दशक बाद वह इन सबसे सुदूर अंतरिक्ष से वैज्ञानिक जानकारी भेज रहा है।

पर ग्रह का ज्वालामुखी

वर्ष 1977 में 5 सितंबर को वॉयजर-1 ने उड़ान भरी थी। लेकिन इससे पहले 20 अगस्त, 1977 तो वायजर-2 इस दुनिया से अंतरिक्ष में रवाना हुआ। वह भी अभी इंटरस्टेलर यानी अंतरतारकीय अंतरिक्ष में मौजूद है यानी वह सूर्य के कणों और चुंबकीय क्षेत्र से बने विशाल बुलबुले की बाहरी सीमा पार करके तारों के बीच के अंतरिक्ष में पहुंच चुका है। नासा के मुताबिक, उसने नवंबर 2018 में हमारे सौरमंडल की सीमा पार की थी। 16 दिन पहले रवानगी भरने के बावजूद वह वॉयजर-1 के मुकाबले धीमा है और नासा के मुताबिक, नवंबर 2035 के आस-पास एक प्रकाश दिन की दूरी पूरी कर सकता है। दोनों यान अब तारों के बीच अलग-अलग दिशाओं में आगे बढ़ रहे हैं।

बहरहाल वॉयजर-1 और वॉयजर-2 दोनों का मकसद एलियंस खोजना नहीं था। वैज्ञानिक विशाल ग्रहों, उनके वायुमंडलों, चुंबकीय क्षेत्रों और चंद्रमाओं को करीब से समझना चाहते थे। लेकिन इन यानों ने ऐसी खोजें कीं, जिन्होंने सौरमंडल की हमारी समझ को बदल दिया।

नासा के मुताबिक, वॉयजर-1 ने पृथ्वी के बाहर किसी दूसरे खगोलीय पिंड पर सक्रिय ज्वालामुखी फूटने का पहला प्रत्यक्ष प्रमाण भेजा। 8 मार्च 1979 को ली गई तस्वीरों में बृहस्पति के चंद्रमा आईओ के किनारे एक विशाल ज्वालामुखीय गुबार दिखाई दिया। वॉयजर मिशन की नेविगेशन इंजीनियर लिंडा मोराबितो ने तस्वीरों का विश्लेषण करते हुए इस असाधारण घटना को पहचाना। इस खोज ने पहली बार प्रत्यक्ष रूप से दिखाया कि पृथ्वी के अलावा दूसरे संसारों पर भी सक्रिय ज्वालामुखी मौजूद हो सकते हैं।

वॉयजर-1 द्वारा 25 फरवरी 1979 को ली गई बृहस्पति की यह अद्भुत तस्वीर उसके विशाल लाल धब्बे और आसपास के जटिल बादलों को दर्शाती है। यह बृहस्पति के वायुमंडल में होने वाली रहस्यमयी तरंगों और गति को उजागर करती हैं

इसके बाद नवंबर 1980 में यान शनि ग्रह पहुंचा। उसके वलयों और टाइटन के घने वायुमंडल का अध्ययन किया। टाइटन के गुरुत्वीय प्रभाव ने वॉयजर-1 को ग्रहों के तल से बाहर की दिशा में मोड़ दिया। उसकी ग्रहों के पास से उड़ान भरने वाली यात्रा वहीं समाप्त हुई, लेकिन अंतरतारकीय अंतरिक्ष की ओर उसकी यात्रा जारी रही। 14 फरवरी 1990 को वॉयजर-1 ने लगभग छह अरब किलोमीटर दूर से पृथ्वी की तस्वीर ली। उसमें हमारा ग्रह एक छोटे नीले बिंदु जैसा दिखाई दिया। यही तस्वीर “पेल ब्लू डॉट” के नाम से प्रसिद्ध हुई।

कार्ल सैगन ने अपनी 1994 की पुस्तक “पेल ब्लू डॉट : ए विजन ऑफ द ह्यूमन फ्यूचर इन स्पेस”में लिखा कि पृथ्वी के उस छोटे से बिंदु पर ही मानव इतिहास की सारी खुशियां, पीड़ाएं, प्रेम और संघर्ष घटित हुए हैं। उन्होंने इस तस्वीर को मानवीय अहंकार पर प्रश्न उठाने और एक-दूसरे के प्रति अधिक दयालु होने की जिम्मेदारी याद दिलाने वाला दृश्य माना।

सैगन ने वॉयजर यान को ब्रह्मांड के महासागर में छोड़ी गई संदेश वाली बोतल से जोड़ा था। लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि अंतरिक्ष इतना खाली है कि वॉयजर के किसी दूसरे तारे की ग्रह-प्रणाली में पहुंचने की संभावना अत्यंत कम है।

नासा के मुताबिक, उसके कैमरे 14 फरवरी 1990 को आखिरी तस्वीरें लेने के बाद बंद कर दिए गए थे ताकि बिजली और कंप्यूटर संसाधन बचाए जा सकें यानी वॉयजर-1 अपनी आंखों से उस गुमनाम अंतरिक्ष को देख नहीं सकता लेकिन वह उन जरूरी संकेतों को जरूर दर्ज कर रहा है, जिन्हें हम उसके बिना कभी न जान पाते।

सूर्य के बुलबुले के बाहर

25 अगस्त 2012 को वॉयजर-1 ने हेलियोपॉज पार किया। यह हेलियोस्फीयर की बाहरी सीमा है यानी वह विशाल क्षेत्र, जिसमें सूर्य से निकलने वाले आवेशित कणों और चुंबकीय क्षेत्र का प्रभाव रहता है। इस तरह वॉयजर-1 अंतरतारकीय अंतरिक्ष में प्रवेश करने वाला पहला मानव-निर्मित यान बना। वॉयजर-2 ने नवंबर 2018 में यह सीमा पार की। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वॉयजर-1 सूर्य के गुरुत्वाकर्षण से पूरी तरह मुक्त हो चुका है या किसी दूसरे सौरमंडल में प्रवेश कर गया है।

उसकी दिशा में ग्लाइज 445 नाम का तारा है। नासा के अनुसार, लगभग 40,000 साल बाद वह उससे करीब 1.7 प्रकाश-वर्ष की दूरी से गुजरेगा। यह उस तारे के ग्रहों के बीच से गुजरने के समान नहीं है। यानी वॉयजर उस सौरमंडल के भीतर नहीं जा सकेगा, बल्कि दूर से गुजर जाएगा।

वॉयजर-1 द्वारा 1979 में ली गई इस तस्वीर में बृहस्पति के उपग्रह आयो पर विशाल ज्वालामुखी विस्फोट दिखाई देता है, जिसमें पदार्थ लगभग 160 किलोमीटर की ऊंचाई तक उछला था

अंतरिक्ष में इतनी लंबी यात्रा कैसे

वॉयजर-1 सूर्य की रोशनी से बिजली नहीं बनाता। इतनी दूर सौर पैनल उपयोगी ऊर्जा नहीं दे सकते। इसके बजाय उसके रेडियोआइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जनरेटर प्लूटोनियम-238 के प्राकृतिक रेडियोधर्मी क्षय से निकलने वाली गर्मी को बिजली में बदलते हैं। यह परमाणु रिएक्टर नहीं है। इसमें नियंत्रित श्रृंखला अभिक्रिया नहीं चलाई जाती। रेडियोधर्मी पदार्थ के क्षय से मिलने वाली गर्मी का इस्तेमाल होता है।

समस्या यह है कि समय के साथ उपलब्ध बिजली घटती जाती है। नासा के अनुसार, दोनों वॉयजर यान हर साल लगभग चार वाट बिजली खोते हैं। इसलिए मिशन टीम को तय करना पड़ता है कि कौन-सा उपकरण बंद किया जाए, ताकि बाकी उपकरण कुछ और समय तक काम कर सकें।

वॉयजर-1 पर 17 अप्रैल 2026 को लो-एनर्जी चार्ज्ड पार्टिकल्स उपकरण बंद किया गया। यह उपकरण 1977 से लगभग लगातार काम कर रहा था और अंतरतारकीय अंतरिक्ष में आवेशित कणों का अध्ययन करता था। नासा के 17 अप्रैल 2026 के आधिकारिक विवरण के मुताबिक, अब यान के दो वैज्ञानिक उपकरण सक्रिय हैं, एक प्लाज्मा तरंगों का अध्ययन करता है और दूसरा चुंबकीय क्षेत्र मापता है।

ऐसी बचाई गई स्मृति

आज के मोबाइल फोन की तुलना में वॉयजर के कंप्यूटर अत्यंत सीमित हैं। उसके प्रत्येक कंप्यूटर की स्मृति लगभग 69.63 किलोबाइट बताई जाती है। फिर भी उस दौर की इंजीनियरिंग ने यान को दशकों तक स्वचालित ढंग से काम करने योग्य बनाया। इस कहानी का सबसे प्रभावशाली अध्याय नवंबर 2023 में शुरू हुआ, जब वॉयजर-1 का डेटा पढ़ने योग्य नहीं रहा। मार्च 2024 में नासा जेपीएल की टीम ने पाया कि उसके फ्लाइट डेटा सबसिस्टम की एक चिप खराब हो गई थी। इससे सॉफ्टवेयर कोड का एक हिस्सा अनुपयोगी हो गया। चिप बदली नहीं जा सकती थी। इसलिए इंजीनियरों ने कोड को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर कंप्यूटर की स्मृति में दूसरी जगहों पर रखा और प्रोग्राम के संबंधित निर्देशों को बदल दिया। 18 अप्रैल 2024 को नए निर्देश भेजे गए। दूरी इतनी थी कि रेडियो संकेत को यान तक पहुंचने में लगभग 22.5 घंटे और जवाब लौटने में उतना ही समय लगता था। 20 अप्रैल को मिले संकेत ने पुष्टि की कि पहला महत्वपूर्ण सुधार सफल हुआ। बाद में यान ने फिर वैज्ञानिक डेटा भेजना शुरू कर दिया। यानी सॉफ्टवेयर की मदद से उसकी मरम्मत की गई।

वॉयजर-1 ने इंटरस्टेलर में मौजूद चीजों के बारे में ही नहीं बताया बल्कि यह भी बताया कि वहां का वातावरण कितना घना है। 2021 में नेचर एस्ट्रोनॉमी में प्रकाशित शोध के अनुसार, उसके प्लाज्मा वेव उपकरण ने अंतरतारकीय गैस में बेहद कमजोर, लगभग लगातार रहने वाले संकेत दर्ज किए। इनसे वैज्ञानिक आसपास के प्लाज्मा के घनत्व में बदलाव का अनुमान लगा सके। यह नहीं पता कि गोल्डन रिकॉर्ड कभी किसी दूसरी सभ्यता तक पहुंचेगा या नहीं। हमें यह भी नहीं पता कि उसे खोजने वाला कोई उसे समझ पाएगा या नहीं।

दिवंगत वैज्ञानिक कार्ल सैगन के शब्दों के मुताबिक, हमने उसे अंतरिक्ष के उस महासागर में छोड़ दिया, जहां तारों के बीच की दूरियां हमारी कल्पना से भी बड़ी हैं और मनुष्य अपनी सीमाएं जानकर भी प्रश्न पूछना बंद नहीं करता। यह भी तय नहीं है कि ब्रह्मांड में कोई हमारी चिट्ठी पढ़ेगा या नहीं लेकिन हम यह जानते हैं कि पृथ्वी पर कभी ऐसे लोग थे, जिन्होंने उसे लिखना जरूरी समझा। वॉयजर-1 आगे बढ़ रहा है। उसके पीछे एक छोटा नीला ग्रह है और उसके साथ, सोने की परत चढ़ी एक डिस्क में, उस ग्रह की सबसे मधुर और जीवंत आवाजें भी दर्ज है।