देश में बढ़ती गर्मी और पीने के साफ पानी की कमी के बीच भारतीय वैज्ञानिकों ने एक ऐसी अनोखी तकनीक विकसित की है, जो एक साथ दो बड़ी समस्याओं का समाधान कर सकती है।
बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बीआईटीएस), पिलानी के शोधकर्ताओं द्वारा बनाई यह सौर ऊर्जा आधारित प्रणाली समुद्र के खारे पानी को मीठे पानी में बदलने के साथ-साथ गर्म और उमस भरी हवा को भी ठंडा कर सकती है।
प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में यह तकनीक एक घंटे में करीब 12.4 लीटर मीठा पानी तैयार करने में सफल रही। वहीं, इससे अधिकतम 6.57 किलोवाट तक ठंडक पैदा करने और हवा का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक घटाने की क्षमता भी सामने आई।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस तकनीक से मीठे पानी के उत्पादन की अनुमानित लागत महज 30 पैसे प्रति लीटर है।
इसे खासतौर पर उन तटीय इलाकों और द्वीपों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, जहां मीठे पानी की कमी के साथ गर्मी और उमस भी बड़ी चुनौती हैं।
हालांकि, फिलहाल इसका परीक्षण प्रयोगशाला स्तर पर ही हुआ है। अब वैज्ञानिक इसके जमीनी परीक्षण और बड़े पैमाने पर इस्तेमाल की संभावनाएं तलाश रहे हैं।
भीषण गर्मी और पीने के साफ पानी की किल्लत, देश के तटीय इलाकों और द्वीपों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए ये दो ऐसी चुनौतियां हैं, जिनसे उन्हें हर दिन जूझना पड़ता है।
विडंबना देखिए कि चारों ओर समुद्र का अथाह पानी होने के बावजूद उनकी प्यास बुझाने के लिए मीठे पानी की एक-एक बूंद कीमती है। ऊपर से उमस भरी गर्मी जीवन की मुश्किलों को और बढ़ा देती है। ऐसे में भारतीय वैज्ञानिकों ने एक ऐसी तकनीक विकसित की है, जो इन दोनों समस्याओं का एक साथ समाधान कर सकती है।
बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बीआईटीएस), पिलानी से जुड़े वैज्ञानिकों ने एक ऐसी प्रणाली विकसित की है, जो समुद्र के खारे पानी से मीठा पानी तैयार करने के साथ-साथ गर्म और नम हवा को ठंडा व नमी रहित भी बना सकती है। खास बात यह है कि इस तकनीक में पानी को मीठा बनाने और वातावरण को ठंडा करने का काम एक ही प्रणाली से किया जाता है।
गौरतलब है कि अपने इस नवाचार के लिए शोधकर्ताओं को भारतीय पेटेंट भी मिल चुका है। पेटेंट का नाम 'पोर्टेबल सोलर-पावर्ड डिसैलिनेशन अपरेटस एंड सोलर-पावर्ड मेथड ऑफ डिसैलिनेटिंग वाटर एंड कूलिंग एनवायरनमेंट सिमल्टेनियसली' है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक इस प्रणाली में सबसे पहले आसपास की हवा को गर्म करके एक विशेष इकाई से गुजारा जाता है, जहां उसका संपर्क खारे पानी से कराया जाता है।
इस प्रक्रिया में हवा पानी की नमी को सोख लेती है। इसके बाद इस नम हवा को ठंडा किया जाता है, जिससे उसमें मौजूद जलवाष्प संघनित होकर पानी की बूंदों में बदल जाती है। इन बूंदों को इकट्ठा करके मीठे पानी के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान हवा से नमी भी निकल जाती है और उसका तापमान कम हो जाता है। इस तरह एक ही प्रणाली से मीठा पानी और ठंडी, नमी रहित हवा दोनों हासिल किए जा सकते हैं।
इस तकनीक को मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर संदीप एस देशमुख और प्रोफेसर संतनु प्रसाद दत्ता के नेतृत्व में विकसित किया गया है। साथ ही इस शोध दल में संस्थान के शोधार्थी के साई संदीप भी शामिल हैं।
शोधकर्ताओं ने इस प्रणाली का प्रयोगशाला स्तर का नमूना (प्रोटोटाइप) तैयार किया है और अलग-अलग मौसम तथा वातावरण की वास्तविक परिस्थितियों में इसकी क्षमता का परीक्षण किया है। इस प्रणाली में पांच अलग-अलग तरीके से काम करने की व्यवस्था है। इनके जरिए मौसम और जरूरत के अनुसार मीठे पानी के उत्पादन, ठंडक और ऊर्जा की खपत के बीच संतुलन बनाया जा सकता है।
प्रयोगों में पाया गया कि अधिक नमी वाले वातावरण में दो चरणों वाली प्रणाली और पानी गर्म करने की व्यवस्था के साथ यह एक घंटे में करीब 12.4 लीटर मीठा पानी तैयार कर सकती है। वहीं, इसके जरिए अधिकतम 6.57 किलोवाट तक ठंडक पैदा करने की क्षमता भी दर्ज की गई। साथ ही अलग-अलग स्थितियों में इससे निकलने वाली हवा का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक कम पाया गया।
शोधकर्ताओं ने इस प्रोटोटाइप को भारत में मौसम की अलग-अलग परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन करीब 200 लीटर मीठे पानी के उत्पादन के लक्ष्य के अनुरूप विकसित किया है।
इस तकनीक की एक और खासियत इसका किफायती होना है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, प्रयोगशाला परीक्षणों में मीठे पानी के उत्पादन की सबसे कम अनुमानित लागत करीब 30 पैसे प्रति लीटर दर्ज की गई।
शोध दल के मुताबिक, काम करने के इन दोनों तरीकों के अपने-अपने फायदे हैं। कई चरणों में काम करने वाली तकनीक से ज्यादा मीठा पानी मिल सकता है, जबकि हवा से नमी हटाने वाली तकनीक बेहतर तरीके से ठंडक पैदा कर सकती है। ऐसे में यह तकनीक खासतौर पर उन तटीय और द्वीपीय इलाकों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जहां एक ओर मीठे पानी की कमी है और दूसरी ओर गर्मी व उमस से राहत पाने के लिए ठंडक की जरूरत लगातार बढ़ रही है।
इस अध्ययन के निष्कर्ष प्रतिष्ठित वैज्ञानिक जर्नल 'एप्लाइड थर्मल इंजीनियरिंग' में प्रकाशित हुए हैं।
स्पष्ट कर दें कि फिलहाल यह तकनीक प्रयोगशाला स्तर पर विकसित और परखी गई है। अब शोधकर्ता इसे अलग-अलग जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर बनाने और वास्तविक परिस्थितियों में इसके जमीनी परीक्षण (फील्ड ट्रायल) करने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही तकनीक को बड़े स्तर पर इस्तेमाल करने के लिए उद्योग जगत के साथ साझेदारी की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।
ऐसे में यदि जमीनी परीक्षणों में भी इसके नतीजे सफल रहते हैं, तो यह तकनीक उन समुदायों के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकती है, जिन्हें एक तरफ पीने के साफ पानी के लिए संघर्ष करना पड़ता है और दूसरी तरफ बढ़ती गर्मी से जूझना पड़ रहा है।