कार्तिक महीने के साथ ही हर वर्ष उत्तर भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल में दो बिल्कुल विपरीत तस्वीरें उभरती हैं। एक ओर दिल्ली, मुंबई, सूरत और बेंगलुरु के रेलवे स्टेशनों पर अपने घर लौटने की जद्दोजहद में ट्रेनों के खचाखच भरे डिब्बों में ठुंसे लाखों बिहारी प्रवासी कामगार दिखते हैं, तो दिल्ली में यमुना के जहरीले झाग के बीच खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते पूरब के विस्थापित परिवार।
वहीं दूसरी ओर, बिहार-झारखंड और पूर्वांचल के ग्रामीण अंचलों में नदियों और पोखरों के घाटों पर सामूहिकता से सराबोर बिना किसी ताम झाम और सहज भाव से कमर भर पानी में खड़ी होकर उगते और डूबते सूर्य को गन्ना, कच्ची हल्दी और मौसमी फल अर्पित करती आह्लादित स्त्रियों और पुरुषों का अनुशासित लोक-पर्व दिखाई देता है। इन विरोधाभास के बीच लोक-कंठ से फूटता स्वर
"केरवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेड़राय..."
मनुष्य, पशु-पक्षी और प्रकृति के बीच के इसी आत्मीय संवाद को जीवंत कर देता है।
प्रकृति के प्रति इस निश्छल कृतज्ञता और आधुनिक पलायन की त्रासदी के बीच ही छठ महापर्व का वास्तविक मर्म छिपा है। विडंबना यह है कि हाल के वर्षों में सोशल मीडिया और वैचारिक बहसों ने इस जीवंत लोक-पर्व को भी कृत्रिम खांचों में बांटने की कोशिश की है।
कहीं इसे विशुद्ध वैदिक परंपरा साबित करने की होड़ है, तो कहीं इसे बौद्ध परंपरा से जोड़कर एक नया सांस्कृतिक ध्रुवीकरण खड़ा करने का प्रयास। ऐसे विवाद इस पर्व की मूल आत्मा से भटकाव हैं।
यदि हम इसे ‘भारतीय ज्ञान’ की लोक-परंपरा की कसौटी पर परखें, तो छठ किसी भी वैचारिकी से परे, पारिस्थितिकी, जल-संरक्षण और कृषि-कृतज्ञता का एक जीवंत लोक-विज्ञान है, जिसे उन्नीसवीं सदी में गिरमिटिया मजदूरों ने सात समंदर पार तक जीवित रखा, यहां तक मुस्लिम महिलाएं भी उसी निश्चल श्रद्धा के साथ घाट पर अर्घ्य देती दिख जाती है और आज बिहार का मेहनतकश प्रवासी समाज छठी मइया के साथ अपने जुड़ाव को अपने आत्मसम्मान के संबल के रूप में संजो रहा है।
कार्तिक महीने के साथ ही हर वर्ष उत्तर भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक फिजा में दो बिल्कुल विपरीत तस्वीरें उभरती हैं। एक ओर दिल्ली, मुंबई, सूरत और बेंगलुरु के रेलवे स्टेशनों पर अपने घर लौटने की जद्दोजहद में ट्रेनों के खचाखच भरे डिब्बों में ठुंसे लाखों बिहारी प्रवासी कामगार दिखते हैं, तो दिल्ली में यमुना के जहरीले झाग के बीच खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते पूरब के विस्थापित परिवार।
वहीं दूसरी ओर, बिहार-झारखंड और पूर्वांचल के ग्रामीण अंचलों में नदियों और पोखरों के घाटों पर बिना किसी पुरोहित, मंदिर या मूर्ति के कमर भर पानी में खड़ी होकर उगते और डूबते सूर्य को गन्ना, कच्ची हल्दी और मौसमी फल अर्पित करती आह्लादित स्त्रियों और पुरुषों का अनुशासित लोक-पर्व दिखाई देता है। लोक-कंठ से फूटता स्वर-
"केरवा जे फरेला घवद से,
ओह पर सुगा मेड़राय..."
मनुष्य, पशु-पक्षी और प्रकृति के बीच के इसी आत्मीय संवाद को जीवंत कर देता है।
प्रकृति के प्रति इस निश्छल कृतज्ञता और आधुनिक पलायन की त्रासदी के बीच ही छठ महापर्व का वास्तविक मर्म छिपा है।
प्रकृति के प्रति इस निश्छल कृतज्ञता और आधुनिक पलायन की त्रासदी के बीच ही छठ महापर्व का वास्तविक मर्म छिपा है। विडंबना यह है कि हाल के वर्षों में सोशल मीडिया और वैचारिक बहसों ने इस जीवंत लोक-पर्व को भी कृत्रिम खांचों में बांटने की कोशिश की है।
कहीं इसे विशुद्ध वैदिक परंपरा साबित करने की होड़ है, तो कहीं इसे बौद्ध परंपरा से जोड़कर एक नया सांस्कृतिक ध्रुवीकरण खड़ा करने का प्रयास। ऐसे विवाद इस पर्व की मूल आत्मा से भटकाव हैं। यदि हम इसे भारतीय ज्ञान की लोक-परंपरा की कसौटी पर परखें, तो छठ किसी भी वैचारिकी से परे, पारिस्थितिकी, जल-संरक्षण और कृषि-कृतज्ञता का एक जीवंत लोक-विज्ञान है, जिसे उन्नीसवीं सदी में गिरमिटिया मजदूरों ने सात समंदर पार तक जीवित रखा, यहां तक मुस्लिम महिलाएं भी उसी निश्चल श्रद्धा के साथ घाट पर अर्घ्य देती दिख जाती है और आज बिहार का मेहनतकश प्रवासी समाज छठी मइया के साथ अपने जुड़ाव को अपने आत्मसम्मान के संबल के रूप में संजो रहा है।
भारतीय सभ्यता में ज्ञान की दो धाराएं समानांतर प्रवाहित होती रही हैं 'शास्त्रीय' और 'लौकिक'। छठ इन दोनों धाराओं का अद्भुत संगम है। इसके दार्शनिक सूत्र ऋग्वेद की उन ऋचाओं से जुड़ते हैं जो सूर्य को संपूर्ण चराचर जगत की आत्मा (सूर्य आत्मा जगतस्तस्थुषश्च) मानती हैं, और उस प्राचीन सूर्य-उपासना परंपरा से भी, जिसके प्रमाण आज भी बिहार के औरंगाबाद के देव सूर्य मंदिर और नालंदा के बड़गांव में मौजूद हैं।
किंतु इस गूढ़ सूर्य-दर्शन को जन-जन का सहज, लोकतांत्रिक अनुष्ठान बनाने का श्रेय हमारी 'लोक-परंपरा' को जाता है, जिसे पीढ़ी दर पीढ़ी स्त्रियों ने अपने भोजपुरी, मैथिली और मगही छठ गीतों के माध्यम से सहेजा है। भारत के तमाम कृषि-पर्व, चाहे तमिलनाडु का पोंगल हो, असम का बिहू या ओडिशा का नुआखाई, बिना पुरोहित और कर्मकांड के ही मनाए जाते रहे हैं। छठ का पुरोहित-विहीन और स्त्री-प्रधान स्वरूप कोई ऐतिहासिक अपवाद नहीं, बल्कि भारत की मौलिक कृषि-संस्कृति की स्वाभाविक पहचान है।
यदि हम छठ के अनुष्ठानों को गहराई से देखें, तो इसमें प्रकृति और मानव शरीर के संतुलन का एक अत्यंत परिष्कृत समझ दिखाई देता है, जिसकी वैश्विक महत्ता को देखते हुए आज इसे यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल करने की पहल भी हो रही है। पहला, यह ऋतु-संधि और जैविक लय का विज्ञान है। कार्तिक मास शरद और हेमंत ऋतु का संधिकाल होता है, जब मनुष्य की रोग-प्रतिरोधक क्षमता स्वाभाविक रूप से कमजोर पड़ती है। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा शरीर को प्रातः और सायं की उन कोमल किरणों के संपर्क में लाती है और सर्दियों से पहले शरीर की जैविक घड़ी को संतुलित करने में सहायक होती हैं।
दूसरा, यह कृषि-पारिस्थितिकी और जैव-विविधता के संरक्षण का पर्व है। बाजारवादी मिठाइयों और कृत्रिम वस्तुओं से दूर, बांस के सूप में सजाया जाने वाला हर नैवेद्य सीधे खेत से निकला कच्चा और मौसमी उत्पाद होता है, गन्ना, कच्ची हल्दी, अदरक, मूली, सिंघाड़ा, शकरकंद और गागल, नींबू।
इन पारंपरिक फसलों की अनिवार्यता न केवल स्थानीय जैव-विविधता को बचाए रखती है, बल्कि छोटे किसानों के साथ-साथ सूप बुनने वाले डोम कारीगरों और मिट्टी के दीये गढ़ने वाले कुम्हारों की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी संबल देती है। तीसरा, यह जल-संस्कृति और सामाजिक समरसता का अनुष्ठान है। चूंकि व्रतियों को नदी या तालाब के कमर भर पानी में उतरना होता है, इसलिए पर्व से पहले पूरे समाज के लिए अपने जलस्रोतों की सफाई और गाद निकालना एक नैतिक, सामूहिक और वार्षिक दायित्व बन जाता है। एक ही घाट पर खड़ा समाज जाति और वर्ग की दीवारों को स्वतः गिरा देता है।
इस विकेंद्रीकृत लोक-ज्ञान की जीवटता की सबसे कठिन परीक्षा उन्नीसवीं सदी में हुई, जब औपनिवेशिक शासन के दौरान बिहार और पूर्वांचल से लाखों गिरमिटिया मजदूरों को मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, त्रिनिदाद, गुयाना और दक्षिण अफ्रीका के गन्ने के खेतों में खटने के लिए ले जाया गया। बिना किसी सामान, बिना मंदिर और बिना पुरोहित के सात समंदर पार पहुंचे इन मजदूरों के पास केवल उनकी स्मृतियां और लोकगीत थे।
मॉरीशस में, जहां भोजपुरी भाषी समाज बहुसंख्यक था, स्त्रियों ने छठ गीतों के सहारे इस पर्व को जीवित रखा और आज वहां गंगा तालाब के तट पर यह राजकीय सम्मान के साथ मनाया जाता है। कैरेबियाई द्वीपों में बागानों की कठोर मजदूरी ने चार दिवसीय अनुष्ठान में बाधा जरूर डाली, लेकिन 'कार्तिक नहान' और संतान-रक्षा के लोक-संस्कारों के रूप में छठी मइया की स्मृति बची रही, जो आज वहां एक नए सांस्कृतिक पुनर्जागरण का आधार बन रही है।
दक्षिणी गोलार्ध के विपरीत मौसम और अनजान फसलों के बीच भी गिरमिटिया समाज ने प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के इस व्याकरण को ढाल लिया, यह सिद्ध करते हुए कि सूर्य, जल और मिट्टी से मनुष्य का सीधा रिश्ता कभी गुलाम नहीं बनाया जा सकता।
उन्नीसवीं सदी के उन गिरमिटिया मजदूरों और इक्कीसवीं सदी के बिहारी प्रवासी कामगारों के बीच एक गहरा, मार्मिक सूत्र जुड़ा हुआ है। दोनों ही अपनी मिट्टी की उपेक्षा और आर्थिक विवशता के कारण पलायन का दंश झेलने वाले समाज हैं।
आज छठ महापर्व बिहार के विकास मॉडल की विफलता का सबसे बड़ा वार्षिक आईना बन चुका है। खेती के संकट, बाढ़ की त्रासदी और स्थानीय रोजगार के अभाव ने लाखों युवाओं को देश के महानगरों में असंगठित मजदूरी के लिए धकेल दिया है। कार्तिक मास में हर कीमत पर घर लौटने की उनकी तड़प केवल भावुकता नहीं, बल्कि अपने खोए हुए आत्मसम्मान को पुनः पाने की छटपटाहट है।
साथ ही, यह पर्व पीछे गांव में छूट गई उन लाखों महिलाओं के एकाकी संघर्ष और धैर्य का भी उत्सव है, जो साल भर अकेले घर-खेत संभालती हैं और अपने प्रवासी पतियों व परिवार की सलामती के लिए 36 घंटे का निर्जला तप करती हैं। किंतु आधुनिक शहरी विकास की विडंबना इन प्रवासियों का पीछा घाटों तक करती है! जो कामगार घर नहीं लौट पाते, वे दिल्ली की प्रदूषित यमुना के जहरीले पानी या कृत्रिम गड्ढों में खड़े होकर अर्घ्य देने को विवश हैं।
हालांकि, इस गौरवशाली परंपरा का उत्सव मनाते हुए हमें एक जरूरी आत्म-मंथन भी करना होगा। आज स्वयं हमारे गांवों और शहरों के घाटों पर बढ़ता प्लास्टिक का कचरा, कानफोड़ू डीजे का शोर, और राजनीतिक व प्रशासनिक 'वीआईपी संस्कृति' का दिखावा छठ की उस मूल सादगी और पर्यावरण-चेतना को चुनौती दे रहा है। यदि हमने इस आंतरिक प्रदूषण और बाजारवाद को नहीं रोका, तो हम अनजाने में उसी लोक-संस्कृति को कमजोर करेंगे जिसे हमारे पुरखों ने सदियों तक सहेजा है।
छठ महापर्व सदियों से इसलिए जीवित है क्योंकि यह जीवनदायिनी प्राकृतिक शक्तियों के प्रति सार्वभौमिक कृतज्ञता का पर्व है। इस महान विरासत के प्रति सच्ची निष्ठा केवल प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा के गौरवगान, व्यर्थ के वैचारिक विवादों या घाटों के बाहरी आडंबर से सिद्ध नहीं होगी।
सूर्य और छठी मइया की सच्ची आराधना का अर्थ है, अपनी नदियों और जलस्रोतों को स्वच्छ व अविरल बनाना, स्थानीय खेती को लाभकारी बनाना और बिहार झारखंड में ही सम्मानजनक रोजगार का सृजन करना, ताकि आने वाले कल में अपनी ही मिट्टी और अपने ही सूर्य को अर्घ्य देने के लिए प्रवासी बनकर भीड़ भरी ट्रेनों में धक्के न खाने पड़ें।