भारत की प्रमुख नदियों में गंगा, ब्रह्मपुत्र, सिंधु, गोदावरी, कृष्णा और नर्मदा शामिल हैं, जो देश की कृषि, संस्कृति और अर्थव्यवस्था को सहारा देती हैं। फोटो साभार: आईस्टॉक
नदी

बारहमासी नदियों पर संकट, गंगा-ब्रह्मपुत्र में भी घट रहा आधार प्रवाह

आईआईटी गांधीनगर ने नदियों के आधार प्रवाह यानी बेसफ्लो का 60 वर्षों (1961-2021) के डाटा का अध्ययन करते हुए 18 प्रमुख नदी घाटियों के 227 निगरानी केंद्रों का विश्लेषण किया, करीब 30 फीसदी केंद्रों पर नदियों के आधार प्रवाह में बड़ी कमी दर्ज की गई

Vivek Mishra

भारत की बारहमासी नदियों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं क्योंकि उनको जिंदा रखने वाले भूजल का योगदान घट रहा है। इन नदियों का प्रवाह ड्राई सीजन में खत्म होता जा रहा है और ऐसा प्रतीत होता है कि अभी वह मौसमी नदियों की तरह व्यवहार कर रही हैं। यह प्रवृत्ति देश की प्रमुख नदी घाटियों में सहायक और छोटी नदियों में देखा जा रहा है। यहां तक कि भूजल पर आश्रित गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी नदियों में भी बेसफ्लो में कमी दर्ज की गई है।

वैज्ञानिकों ने चेताया है कि अंधाधुंध भू-जल निकासी, शहरीकरण, लैंड यूज और जलवायु कारक सदानीरा गंगा-ब्रह्मपुत्र जैसी बाहरमासी नदियों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है।यह अध्ययन वाटर रिसोर्सेज रिसर्च  जर्नल में प्रकाशित हुआ है। इसका शीर्षक "ऑब्जर्वेशन-एंकरड मशीन लर्निंग फॉर बेसफ्लो एस्टिमेशन इन इंडिया"  है।  इसे आईआईटी गांधीनगर के राजेश सिंह, हिरेन सोलंकी और विमल मिश्रा ने तैयार किया है।

शोधकर्ताओं ने 1961 से 2021 के बीच 18 प्रमुख भारतीय नदी घाटियों के 227 निगरानी केंद्रों के आंकड़ों का विश्लेषण किया। अध्ययन का उद्देश्य केवल यह पता लगाना नहीं था कि नदियों में भूजल का योगदान कितना है, बल्कि यह भी समझना था कि छह दशकों में इस योगदान में किस तरह का बदलाव आया है। 

हम आमतौर पर सोचते हैं कि नदी में पानी केवल बारिश, पहाड़ों पर बर्फ पिघलने या दूसरी नदियों से आता है। लेकिन नदी को पानी मिलने का एक और बहुत महत्वपूर्ण रास्ता है। वह है जमीन के नीचे मौजूद भूजल। जब बारिश होती है तो उसका कुछ पानी जमीन के अंदर चला जाता है। यह पानी मिट्टी और चट्टानों की परतों में जमा होता रहता है। बाद में यही भूजल धीरे-धीरे नदी में पहुंचता रहता है। इसी पानी को वैज्ञानिक भाषा में बेसफ्लो कहते हैं। 

नए अध्ययन में इस आधार प्रवाह में व्यापक गिरावट के संकेत मिले हैं। अध्ययन के मुताबिक, जिन 227 निगरानी केंद्रों का विश्लेषण किया गया, उनमें करीब 30 फीसदी पर आधार प्रवाह घटने की सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण प्रवृत्ति मिली। इसके उलट, केवल करीब 8 फीसदी केंद्रों पर इसमें बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अध्ययन की एक अहम बात यह है कि गिरावट केवल उन नदी घाटियों तक सीमित नहीं है जहां बेस फ्लो यानी आधार प्रवाह का योगदान कम है। गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी नदी घाटियों में भी कई निगरानी केंद्रों पर आधार प्रवाह घटने की प्रवृत्ति सामने आई है। इन घाटियों के अधिकांश अध्ययन केंद्रों पर कुल नदी प्रवाह में आधार प्रवाह का योगदान 70 फीसदी से अधिक पाया गया था। यानी जिन नदियों का बहाव लंबे समय तक भूजल से मिलने वाले पानी पर काफी निर्भर रहता है, वहां भी इस स्रोत में कमी के संकेत हैं।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, भारत की प्रमुख नदी घाटियों में आधार प्रवाह में गिरावट के पीछे भूजल का अत्यधिक दोहन, भूमि उपयोग में बदलाव और जलवायु संबंधी कारक संभावित रूप से जिम्मेदार हो सकते हैं। इनमें कम वर्षा, अधिक वाष्पोत्सर्जन और मानसून के दौरान बारिश के बीच लंबे अंतराल जैसे कारक शामिल हैं। अध्ययन में पाया गया कि मानसून के दौरान हर पांच अतिरिक्त ब्रेक दिनों के साथ आधार प्रवाह की मानकीकृत विसंगति में 0.231 की कमी जुड़ी हुई थी। इसके अलावा, शहरी विस्तार, वनों की कटाई और बांधों तथा जलाशयों के संचालन से भी जलग्रहण क्षेत्रों की प्राकृतिक जल व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

आईआईटी गांधीनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक विमल मिश्रा ने डाउन टू अर्थ को बताया, "बहुत कम ही ऐसे निगरानी केंद्र हैं जहां हमने पाया कि वहां बेसफ्लो में बढ़ोत्तरी हुई है। इसके कई अलग कारण हो सकते हैं जैसे संबंधित जगह पर वर्षा अत्यधिक हुई हो, रिजरवॉयर स्टोरेज रिलीज हुआ हो लेकिन जो सबसे चिंताजनक है वह यह कि हमने यह पाया कि अधिकांश निगरानी केंद्रों पर बेसफ्लो घटा है।"  

भारत की 18 प्रमुख नदी घाटियों में 1961 से 2021 के बीच आधार प्रवाह में बदलाव और कुल नदी बहाव में आधार प्रवाह का योगदान। लाल रंग गिरावट और नीला रंग बढ़ोतरी दर्शाता है

इस शोध में शोधकर्ताओं के सामने एक बड़ी समस्या थी कि नदी में कुल कितना पानी बह रहा है, इसे तो मापा जा सकता है लेकिन उसमें कितना पानी बारिश से आया और कितना जमीन के नीचे से आया, इसे सीधे मापना आसान नहीं है। इसलिए शोधकर्ताओं ने मशीन लर्निंग की मदद ली। उन्होंने एक नया तरीका विकसित किया, जिसका नाम  हाइब्रिड ग्रेडिएंट बूस्टिंग रिग्रेसर बेसफ्लो यानी हाइजीबीआर-बेसफ्लो   रखा गया है। आसान भाषा में कहें तो यह एक ऐसा कंप्यूटर मॉडल है जो नदी के पानी के बहाव, बारिश, मिट्टी में नमी और पहले से इस्तेमाल हो रही वैज्ञानिक गणना पद्धतियों की मदद से यह अनुमान लगाता है कि नदी में कितना पानी भूजल से आ रहा है।

विमल मिश्रा ने बताया, "मानसून सीजन जब खत्म होता है तब कुछ नदियों में हर सीजन में बहाव बना रहता है। यानी ड्राई फ्लो सीजन में बेसफ्लो के कंट्रिब्यूशन के कारण ही यह नदियां बारहमासी बनी रहती हैं। लेकिन यह संभव है कि जो आज कई नदियां जो बारहमासी हैं वह आगे बारहमासी न रह जाएं। खासतौर से गर्मियों के दौरान कई छोटी नदियां सूखी देखी जा सकती हैं। खासतौर से इसका दो अहम कारण दिखाई देते हैं, या तो संबंधित जगह रेनफॉल कम हो गया है या फिर वहां काफी भूजल की निकासी है।" 

आम तौर पर बारिश रुकने के बाद जो सतही अपवाह है वह तेजी से कम हो सकता है, लेकिन जमीन के भीतर जमा पानी कुछ समय तक नदी को पानी देता रहता है। इसीलिए आधार प्रवाह नदियों के साल भर बहने, जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को बनाए रखने और सूखे के समय पानी की उपलब्धता के लिए महत्वपूर्ण है। यह पेयजल, सिंचाई और नदी पर निर्भर दूसरे उपयोगों के लिए भी अहम है।

गंगा की सहायक नदियां हो रही ड्राई

अध्ययन का सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष 1961 से 2021 के बीच आधार प्रवाह में आए बदलाव से जुड़ा है। शोधकर्ताओं ने पाया कि गंगा बेसिन के लगभग सभी अध्ययन केंद्रों पर आधार प्रवाह घटने की प्रवृत्ति थी। ब्रह्मपुत्र बेसिन के कई केंद्रों पर भी गिरावट दर्ज की गई। यह खास तौर पर महत्वपूर्ण है क्योंकि गंगा और ब्रह्मपुत्र की कई अध्ययन स्थलों पर कुल नदी प्रवाह में आधार प्रवाह का हिस्सा 70 फीसदी से अधिक था।

मिश्रा ने बताया, गंगा एक बड़ी नदी है तो उसमें प्रवाह तो रहता है लेकिन उससे मिलने वाली छोटी-छोटी नदियां ड्राई होती जा रही हैं। भूजल निकासी उसका एक बड़ा कारण है। यह बहुत ही चिंताजनक है। ऐसे में नदियों का भविष्य खतरे में है। 

वहीं, नदी घाटी के स्तर पर किए गए विश्लेषण में अधिकांश बेसिनों में आधार प्रवाह की मध्य प्रवृत्ति नकारात्मक पाई गई। साबरमती, कावेरी, दक्षिणी तट और पेन्नार नदी घाटियों में गिरावट अपेक्षाकृत अधिक तेज थी। इसके विपरीत, ब्राह्मणी, गोदावरी, सिंधु, सुवर्णरेखा और पूर्वोत्तर तट की कुछ नदी घाटियों में आधार प्रवाह की मध्य प्रवृत्ति सकारात्मक मिली। लेकिन नतीजे बताते है कि एक ही बेसिन में कुछ जगह आधार प्रवाह बढ़ा, तो दूसरी जगह घटा।

शोध के मुताबिक, स्थानीय भूजल भंडार, बारिश, जमीन के इस्तेमाल और पानी की निकासी जैसी परिस्थितियां अलग-अलग स्थानों पर अलग असर डाल सकती हैं।

गंगा-ब्रह्मपुत्र समेत प्रमुख नदी घाटी में बेसफ्लो घटने की प्रवृत्ति दिखाई दी

कहां नदियों को भूजल का सहारा ज्यादा?

शोधकर्ताओं ने 1961 से 2021 की पूरी अवधि के लिए आधार प्रवाह सूचकांक यानी बीएफआई का भी आकलन किया। इसके अनुसार गंगा, सिंधु और ब्रह्मपुत्र जैसी अंतरराष्ट्रीय नदी घाटियों में बीएफआई का मध्य मान 0.6 से अधिक था। इसका मतलब है कि इन घाटियों के अध्ययन केंद्रों पर लंबे समय के औसत में कुल नदी प्रवाह का 60 फीसदी से अधिक हिस्सा आधार प्रवाह से आया।

कोंकण तट की पश्चिम की ओर बहने वाली अधिकांश नदियों के अध्ययन केंद्रों पर भी बीएफआई 0.6 से अधिक था। इसके उलट, पूर्वी तट, गोदावरी, कृष्णा, पेन्नार, ताप्ती और पश्चिमी तट की नदी घाटियों में बीएफआई 0.4 से कम पाया गया। इन क्षेत्रों में बारिश के दौरान तेजी से नदी में पहुंचने वाले पानी का योगदान अपेक्षाकृत अधिक है और भूजल भंडार से मिलने वाला हिस्सा कम है।

मध्य भारत की नदी घाटियों में बीएफआई का स्तर बीच का था। यहां मौसमी भूजल पुनर्भरण और अलग-अलग स्रोतों से मिलने वाले पानी का मिला-जुला असर दिखाई दिया।

यहां एक महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी नदी का बीएफआई अधिक होना अपने आप में यह साबित नहीं करता कि उसका आधार प्रवाह सुरक्षित है। गंगा और ब्रह्मपुत्र के उदाहरण से पता चलता है कि जिन नदी घाटियों में आधार प्रवाह का हिस्सा अधिक है, वहां भी समय के साथ इसमें गिरावट आ सकती है।

अध्ययन में नदी घाटियों को उनकी शुष्कता के आधार पर तीन जलवायु वर्गों में बांटा गया। इनमें अर्ध-शुष्क, शुष्क-उप-आर्द्र और आर्द्र क्षेत्र शामिल थे।

अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में आधार प्रवाह की गिरावट सबसे अधिक स्पष्ट थी। इन क्षेत्रों में बीएफआई का मध्य मान 0.38 था। इसके मुकाबले आर्द्र क्षेत्रों में भूजल से मिलने वाले पानी का योगदान काफी अधिक पाया गया। अध्ययन में आर्द्र और अर्ध-शुष्क क्षेत्रों के बीच आधार प्रवाह के योगदान का अंतर सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण था।

अर्ध-शुष्क और शुष्क-उप-आर्द्र क्षेत्रों में बारिश अपेक्षाकृत कम होती है और वाष्पीकरण की मांग अधिक रहती है। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में सिंचाई के लिए भूजल पर निर्भरता भी अधिक है। ऐसे क्षेत्रों में भूजल का दोहन बढ़ने या बारिश से भूजल का पुनर्भरण कम होने पर नदियों को मिलने वाला आधार प्रवाह प्रभावित हो सकता है।

हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि उनका अध्ययन इन कारणों के बीच सीधे कारण-परिणाम का संबंध स्थापित नहीं करता। भूजल का दोहन, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव, बांधों का संचालन और जलवायु में बदलाव संभावित कारणों के रूप में चर्चा में हैं। लेकिन इस अध्ययन से यह साबित नहीं होता कि किसी खास क्षेत्र में आधार प्रवाह की गिरावट का मुख्य कारण इनमें से कौन-सा कारक है। 

अल नीनो वाले वर्षों में भी कम रहा आधार प्रवाह

शोधकर्ताओं ने आधार प्रवाह में साल-दर-साल होने वाले बदलावों और समुद्र की सतह के तापमान से जुड़ी जलवायु घटनाओं के बीच संबंध भी जांचा। इसमें अल नीनो-दक्षिणी दोलन यानी ईएनएसओ और हिंद महासागर द्विध्रुव यानी आईओडी को शामिल किया गया।

अध्ययन के मुताबिक, 1961 से 2021 के दौरान अल नीनो वाले वर्षों में आधार प्रवाह की औसत मानकीकृत विसंगति माइनस 0.567 रही। ला नीना वाले वर्षों में यह 0.104 और सामान्य ईएनएसओ परिस्थितियों वाले वर्षों में माइनस 0.014 थी। इन तीनों स्थितियों के बीच अंतर सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण पाया गया।

इसका अर्थ है कि अध्ययन की अवधि में अल नीनो वाले वर्षों के दौरान आधार प्रवाह सामान्य से कम रहने की प्रवृत्ति थी, जबकि ला नीना वाले वर्षों में यह अपेक्षाकृत अधिक था। शोधकर्ताओं ने इसे मानसूनी बारिश और भूजल पुनर्भरण के बीच संभावित संबंध के संदर्भ में देखा है।

इसके उलट, आईओडी की सकारात्मक, नकारात्मक और सामान्य स्थितियों के बीच आधार प्रवाह की विसंगतियों में सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण अंतर नहीं मिला। शोधकर्ताओं के अनुसार, ईएनएसओ और आईओडी की घटनाएं कई बार एक साथ होती हैं, जिससे आईओडी के स्वतंत्र प्रभाव को अलग करना कठिन हो सकता है।

भारतीय मानसून की विशेषताओं का विश्लेषण करते हुए अध्ययन में पाया गया कि मानसून के बीच बारिश के लंबे विराम यानी ब्रेक-डे की संख्या और आधार प्रवाह की वार्षिक विसंगतियों के बीच महत्वपूर्ण नकारात्मक संबंध था। हर पांच दिन के ब्रेक-डे बढ़ने पर आधार प्रवाह की विसंगति में 0.231 की कमी का संबंध मिला। यह संबंध सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण था।

हालांकि, मानसून के देर से शुरू होने या देर से समाप्त होने के साथ आधार प्रवाह में आए बदलाव सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण नहीं थे। इसलिए अध्ययन के आधार पर यह कहना उचित नहीं होगा कि मानसून की शुरुआत या समाप्ति में देरी से आधार प्रवाह निश्चित रूप से घटता है।