अरब सागर में “शक्ति” गंभीर चक्रवात में तब्दील, ओमान तट की ओर बढ़ रहा है। 
आपदा

प्रबल हुआ चक्रवाती तूफान “शक्ति”, बिहार में भीषण बारिश, हिमाचल में ओलावृष्टि

बिहार, सिक्किम और बंगाल में रेड अलर्ट, अचानक बाढ़ और भूस्खलन के आसार।

Dayanidhi

  • अरब सागर में “शक्ति” गंभीर चक्रवात में तब्दील, ओमान तट की ओर बढ़ रहा है।

  • बिहार में कम दबाव क्षेत्र से भीषण बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी।

  • बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रेड अलर्ट, अचानक बाढ़ और भूस्खलन के आसार।

  • अरब सागर में 120 किमी प्रति घंटे तक की तूफानी हवाएं, मछुआरों को चेतावनी।

  • उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल और पंजाब में ओलावृष्टि।

मौसम विभाग के अनुसार, देश में इस समय दो बड़े मौसम मौसम संबंधी गतिविधियां सक्रिय हैं, पहला कम दबाव क्षेत्र जो बिहार के ऊपर और दूसरा गंभीर चक्रवाती तूफान “शक्ति” अरब सागर में जारी है। इन दोनों गतिविधियों का असर देश के कई हिस्सों के मौसम पर देखा जा रहा है।

पश्चिम बिहार में बना कम दबाव क्षेत्र

पश्चिम बिहार और उसके आसपास अच्छी तरह से बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़कर उत्तर बिहार के ऊपर पहुंच गया है। इसके धीरे-धीरे अगले 12 घंटों में और कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके कारण बिहार और आसपास के राज्यों में भीषण बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अंदेशा जताया गया है।

अरब सागर में चक्रवाती तूफान “शक्ति”

अरब सागर में बना चक्रवाती तूफान “शक्ति” अब गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। यह तूफान उत्तर-पश्चिम अरब सागर में सक्रिय है और फिलहाल ओमान तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, “शक्ति” 17 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है।

इसका केंद्र अब ओमान के रस अल हद्द से करीब 250 किमी दक्षिण-पूर्व में स्थित है। यह ओमान के मसिराह से 300 किमी पूर्व, पाकिस्तान के कराची से 700 किमी दक्षिण-पश्चिम, गुजरात के नालिया से 770 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम तथा द्वारका से 770 किमी पश्चिम में सक्रिय है।

विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में इस तूफान के धीरे-धीरे कमजोर पड़ने तथा दिशा बदलकर यह पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में गुजरात तट की ओर बढ़ सकता है।

अरब सागर में बना चक्रवाती तूफान “शक्ति” अब गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। यह तूफान उत्तर-पश्चिम अरब सागर में सक्रिय है और फिलहाल ओमान तट की ओर बढ़ रहा है।

कई राज्यों में भारी बारिश का अंदेशा

मौसम विभाग ने आज, पांच अक्टूबर, 2025 को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी जबकि कुछ हिस्सों में भीषण बारिश होने की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में 204.5 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यहां बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

वहीं आज, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, पश्चिम राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश, केरल और माहे में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। इन सभी राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

बारिश के साथ-साथ बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना तथा कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा वज्रपात के आसार हैं

अरब सागर और तटीय इलाकों में तूफानी हवाएं चलने का अंदेशा, मछुआरों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमालिया तट और आसपास के इलाकों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

वहीं आज, गुजरात तट, उत्तरी अरब सागर और पश्चिम-मध्य अरब सागर के कई हिस्सों, पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, पाकिस्तान और ओमान तटों, उत्तरी और आसपास के दक्षिण गुजरात तटों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक की दर तक पहुंचने का अंदेशा है।

उत्तरी और मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़कर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार तक तूफानी मौसम रहने की आशंका है।

पश्चिम-मध्य अरब सागर के कुछ उत्तर-पूर्वी हिस्सों और आसपास के इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से से चलने वाली तूफानी हवाओं में इजाफा होकर 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज, पश्चिम-मध्य अरब सागर के उत्तर-पूर्वी हिस्सों और आसपास के क्षेत्रों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे से लेकर 90 किमी प्रति घंटे की गति तक की तूफानी हवाओं के साथ एक चक्रवाती तूफान के प्रबल होने का अंदेशा है।

पश्चिम-मध्य अरब सागर के कुछ उत्तर-पूर्वी भागों और आसपास के क्षेत्रों में 90 से 110 किमी प्रति घंटे से लेकर 120 किमी प्रति घंटे की गति तक की तूफानी हवाओं के साथ एक गंभीर चक्रवाती तूफान के और खतरनाक होने की आशंका जताई गई है।

उपरोक्त तूफानी गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सात अक्टूबर, 2025 तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

अचानक बाढ़ और भूस्खलन के आसार

भारी बारिश के कारण बिहार, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में अचानक बाढ़, जलभराव और भूस्खलन का खतरा है।

खास तौर पर किशनगंज, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर जिले में सावधानी की जरूरत है।

मौसम विभाग ने लोगों को सुझाव देते हुए कहा है कि सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव से यातायात में बाधा और दृश्यता में कमी आ सकती है।

कच्चे घरों को नुकसान पहुंच सकता है, फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है

कैसा रहेगा उत्तर भारत में मौसम का मिजाज

पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और आसपास के इलाकों में चक्रवाती प्रसार के रूप में बना हुआ है। इसकी वजह से हिमाचल प्रदेश और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि, वज्रपात तथा गरज के साथ गरज बारिश होने के आसार हैं ।

वहीं आज, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, पंजाब और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बारिश होने तथा बिजली गिरने का अंदेशा जताया गया है।