कमजोर पड़ा चक्रवात ‘शक्ति’ – अरब सागर में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान कमजोर होकर सामान्य चक्रवात में बदल गया है।
धीरे-धीरे दबाव क्षेत्र बनेगा – मौसम विभाग के अनुसार, ‘शक्ति’ सात अक्टूबर तक और कमजोर होकर कम दबाव क्षेत्र (डिप्रेशन) में तब्दील हो जाएगा।
तेज हवाएं और ऊंची लहरें – पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम अरब सागर में 80–100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और ऊंची समुद्री लहरें उठ रही हैं।
मछुआरों के लिए चेतावनी – विभाग ने मछुआरों को सात अक्टूबर तक पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम अरब सागर में न जाने की सख्त हिदायत दी है।
सतर्कता जरूरी – चक्रवात कमजोर पड़ने के बावजूद तटीय इलाकों में तेज हवाओं और ऊंची लहरों का खतरा बना रहेगा, सतर्कता जरूरी है।
अरब सागर में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ पिछले छह घंटों के दौरान लगभग पांच किमी प्रति घंटे की गति से दक्षिण दिशा में आगे बढ़ते हुए कमजोर होकर एक सामान्य चक्रवाती तूफान में बदल गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवाती तूफान आज, छह अक्टूबर, 2025 की सुबह 5:30 बजे पश्चिम-मध्य और इससे सटे उत्तर-पश्चिम अरब सागर के ऊपर केंद्रित था। यह ओमान के मसीरा से लगभग 200 किमी दक्षिण-पूर्व, रस अल हद्द से 310 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, पाकिस्तान के कराची से 910 किमी दक्षिण-पश्चिम और गुजरात के द्वारका से 950 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम तथा नलिया से 970 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की दूरी पर है।
मौसम विभाग की मानें तो ‘शक्ति’ तूफान अब पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा और सात अक्टूबर, 2025 की सुबह तक एक दबाव क्षेत्र (डिप्रेशन) में तब्दील हो जाएगा।
तेज हवाएं और ऊंची समुद्री लहरें
अरब सागर के विभिन्न हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान तूफानी हवाएं और ऊंची समुद्री लहरें जारी रहने के आसार हैं। आज, सोमालिया, ओमान तट, पश्चिम-मध्य से सटे समुद्री इलाकों, केरल, लक्षद्वीप, कोमोरिन क्षेत्र के आसपास 40 से 50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने के आसार हैं।
वहीं आज, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम अरब सागर के कुछ हिस्सों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में इजाफा होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।
पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम अरब सागर में 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील हो गई हैं।
कल, यानी सात अक्टूबर की सुबह तक तूफानी हवाओं की रफ्तार के धीरे-धीरे कम होकर 45 से 55 किमी प्रति घंटे से 65 किमी प्रति घंटे की गति तक रहने के आसार हैं और उसके बाद धीरे-धीरे रफ्तार और कम हो जाएगी।
समुद्री स्थिति और चेतावनी
मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य अरब सागर में समुद्र की स्थिति आज, छह अक्टूबर की सुबह तक बहुत ऊंची-ऊंची लहरें उठने के आसार हैं। इसके बाद कल, यानी सात अक्टूबर तक इसी तरह की स्थिति में बनी रहेगी। वहीं, उत्तर-पूर्व अरब सागर और सौराष्ट्र-कच्छ तटों के पास छह अक्टूबर की सुबह तक समुद्र उथल-पुथल भरा माहौल रहेगा।
मछुआरों के लिए चेतावनी
उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को कड़ी चेतावनी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि सात अक्टूबर तक पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम अरब सागर में जाने से परहेज करें। इसके अलावा, उत्तर-पूर्व अरब सागर तथा सौराष्ट्र-कच्छ तटों के पास भी छह अक्टूबर की सुबह तक समुद्र में न उतरने की हिदायत दी गई है।
चक्रवात ‘शक्ति’ धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इससे जुड़ी तेज हवाओं और ऊंची लहरों का खतरा फिलहाल बना रहेगा। अरब सागर के तटीय इलाकों में सतर्कता और सुरक्षा उपाय बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।