कम दबाव पिछले छह घंटों के दौरान तीन किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है।  स्रोत: आईएमडी
आपदा

तूफान 'लोपार' के आने की आशंका, कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

Dayanidhi

मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा और निकटवर्ती उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों से सटे बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य क्षेत्र में बना कम दबाव पिछले छह घंटों के दौरान तीन किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है। यदि यह चक्रवात में बदलता है तो इस तूफान का नाम लोपार (LOPAR) होगा, हालांकि मौसम विभाग के ताजा अपडेट में चक्रवात में बदलने का कोई जिक्र नहीं किया गया है।

आज, 20 जुलाई, 2024 को भारतीय समयानुसार 05:30 बजे यह ओडिशा तट के चिल्का झील के पास ओडिशा के पुरी से लगभग 40 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और ओडिशा के गोपालपुर से 70 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में केंद्रित था। इसके ओडिशा और छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए आज यानी 20 जुलाई को दक्षिण ओडिशा के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है

वहीं आज, उत्तर ओडिशा के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार जताए हैं। आज, पश्चिम बंगाल में गंगा के अधिकतर तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने देश के अन्य हिस्सों पर भी तूफान का असर पड़ने की बात कही है, इनमें उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के अधिकांश इलाकों में आज, हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है।

वहीं आज, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जाहिर की गई है। आज, झारखंड के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी वर्षा होने की आशंका है।

आज, छत्तीसगढ़ के अधिकतर इलाकों में भी चक्रवात का असर देखा जा सकता है, यहां अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। आज यानी 20 जुलाई को इन हिस्सों के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ इलाकों में बादलों के जमकर बरसने का अनुमान लगाया गया है।

तूफानी गतिविधि को देखते हुए, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक आज, पूर्वोत्तर अरब सागर के दक्षिणी हिस्सों, दक्षिण-पूर्व के उत्तरी इलाकों और इससे सटे दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, दक्षिण गुजरात, महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, कर्नाटक, केरल के तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका के तटों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर 35 से 45 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश के तटों, मध्य के अधिकांश हिस्सों, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्सों, उत्तर बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों में 45 से 55 प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

आज, मध्य अरब सागर और दक्षिण-पूर्व तथा दक्षिण-पश्चिम अरब सागर से सटे इलाकों, उत्तरी अरब सागर के दक्षिणी हिस्सों, सोमालिया और ओमान के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।