स्वास्थ्य

विश्व लिवर दिवस 2024: हर साल 20 लाख जिंदगियां लील रही हैं लिवर की बीमारियां

Dayanidhi

विश्व लिवर दिवस हर साल 19 अप्रैल को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लीवर या यकृत से संबंधित बीमारियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को लिवर के स्वास्थ्य के महत्व के बारे में शिक्षित करना, लिवर के रोगों के खिलाफ निवारक उपायों को प्रोत्साहित करना और समय रहते पता लगाने और उपचार करना है।

लिवर शरीर का एक अभिन्न अंग है। पेट के दाई ओर पसलियों के नीचे स्थित लिवर एक ऐसा अंग है जो भोजन को पचाने और शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। यह थक्के बनाने वाले कारकों को विकसित करने में भी मदद करता है जो पूरे शरीर में रक्त के उचित संचार में मदद करते हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, भारत में लिवर की बीमारियां मृत्यु के शीर्ष दस कारणों में से एक हैं। लीवर को स्वस्थ रखने के लिए, लिवर की बीमारियों से जुड़े कारणों, लक्षणों, निवारक उपायों और उपचारों को समझना जरूरी है।

विश्व लिवर दिवस का इतिहास:

वर्ष 2010 में, यूरोपियन एसोसिएशन फॉर द स्टडी ऑफ द लिवर (ईएएसएल) ने वर्ष 1966 में ईएएसएल के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पहला विश्व लिवर दिवस मनाया। तब से, हर साल 19 अप्रैल को विश्व लिवर दिवस के रूप में मनाया जाता है।

ग्लोबल बर्डन ऑफ लिवर डिजीज के मुताबिक, दुनिया भर में हर साल लगभग 20 लाख लोग लिवर की बीमारियों के कारण मरते हैं, यानी 25 मौतों में से एक मौत लिवर की बीमारी के कारण होती है। वर्ष 2030 तक यह संख्या 35 प्रतिशत तक बढ़ने की आशंका जताई गई है। लीवर से संबंधित सभी मौतों में से लगभग दो-तिहाई पुरुषों में होती हैं।

विश्व लीवर दिवस की थीम :

इस वर्ष विश्व लिवर दिवस की थीम है "सतर्क रहें, नियमित रूप से लिवर की जांच करवाएं और फैटी लिवर रोगों से बचें।" यह थीम शुरुआती अवस्था में लिवर संबंधी समस्याओं की पहचान करने और उन्हें रोकने के महत्व पर प्रकाश डालती है, विशेष रूप से फैटी लिवर रोग से उत्पन्न होने वाले स्वास्थ्य को होने वाले खतरों पर गौर करती है।

हर साल लिवर संबंधी रोगों के कारण होने वाली मौतों की संख्या में वृद्धि जागरूकता और रोकथाम के उपायों की कमी के कारण होती है। इस दिन का उद्देश्य लोगों से स्वस्थ जीवन शैली और आहार अपनाने का आग्रह करना है जो लिवर की कार्यप्रणाली को बढ़ावा दे और लिवर रोगों को दूर रख सके।

पर्याप्त नींद लेना, तनाव कम करने के लिए अभ्यास करना, स्वस्थ आहार लेना, नियमित रूप से व्यायाम करना, शराब और तंबाकू से बचना कुछ ऐसे उपाय हैं जिन्हें हम अपना कर अपने लिवर को स्वस्थ रख सकते हैं।

लिवर को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें? 

स्वस्थ और संतुलित आहार लेना।

नियमित रूप से रोजाना शारीरिक व्यायाम करना।

हेपेटाइटिस सी के लिए परीक्षण। अगर जल्दी पता चल जाए तो दोनों संक्रमणों का प्रभावी ढंग से इलाज किया जा सकता है।

अगर निगेटिव है, तो सुनिश्चित करें कि हेपेटाइटिस बी का टीका लगवाया गया है।

अस्पताल जाते समय, सुनिश्चित करें कि इंजेक्शन और परीक्षण के लिए डिस्पोजेबल सुइयों का इस्तेमाल किया जाए।