सभी इलस्ट्रेशन: योगेन्द्र आनंद / सीएसई
स्वास्थ्य

भारत में जन्म दर में ऐतिहासिक गिरावट का सच, छह राज्यों की ग्राउंड रिपोर्ट से समझें

भारत की जनसंख्या वृद्धि दर तेजी से गिर रही है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के पिछले दो दौर के नतीजे बताते हैं कि देश की कुल प्रजनन दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे चली गई है। दुनियाभर के जिन देशों में इस तरह के जनसांख्यिकीय बदलाव आए हैं, उनमें भारत की वृद्धि सबसे तेज रही है। इस बदलाव के आमतौर पर बताए जाने वाले कारण भारत के मामले में पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। तब आखिर इस बदलाव की क्या वजह है? दिल्ली से रिचर्ड महापात्रा के साथ जम्मू-कश्मीर से आसिफ इकबाल नाइक और भागीरथ, राजस्थान से माधव शर्मा, असम से संदीपन तालुकदार, छत्तीसगढ़ से पुरुषोत्तम सिंह ठाकुर, मध्य प्रदेश से राकेश कुमार मालवीय और ओडिशा से पूजा दास का विश्लेषण

Richard Mahapatra, Asif Iqbal Naik, Bhagirath, Madhav Sharma, Sandipan Talukdar, Purushottam Singh Thakur, Rakesh Kumar Malviya, Puja Das

दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश इस समय एक जनसांख्यिकीय बदलावों से गुजर रहा है। भारत की जन्म दर हैरान करने वाली तेजी से गिर रही है। इस गिरावट को बेमन से ही सही, लेकिन जनसंख्या नियंत्रण की अंतिम सफलता के रूप में देखा जा रहा है। दुनिया में भी जन्म दर में इसी तरह की गिरावट देखी जा रही है और भारत में इसे उस “जनसंख्या विस्फोट” को थमने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, जिसकी आशंका 18वीं सदी में अंग्रेज पादरी-अर्थशास्त्री थॉमस माल्थस ने अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि के खतरों को लेकर जताई थी। हाल ही में जारी राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के छठे दौर (एनएफएचएस-6) के मुताबिक, भारत की कुल प्रजनन दर (टीएफआर) 2.0 है। यह 2.1 के प्रतिस्थापन स्तर से नीचे है। प्रतिस्थापन स्तर का मतलब प्रजनन आयु (15-49 वर्ष) में एक महिला द्वारा औसतन इतने बच्चों को जन्म देना है, जिससे आबादी का मौजूदा स्तर बना रहे। 2.1 से अधिक टीएफआर का मतलब जनसंख्या वृद्धि है, जबकि इससे कम होने पर आबादी में गिरावट की स्थिति बनती है। एनएफएचएस के लगातार दूसरे दौर में राष्ट्रीय टीएफआर 2.0 पर बनी हुई है। इससे पहले एनएफएचएस-5 (2019-21) में भी टीएफआर 2.0 दर्ज की गई थी।

एनएफएचएस-6 के मुताबिक, 28 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रजनन दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे है, जबकि 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह राष्ट्रीय औसत 2.0 से भी कम है। केवल सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों यानी बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मेघालय, उत्तर प्रदेश और लक्षद्वीप में टीएफआर 2.1 या इससे अधिक है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रजनन दर में भी बड़ा अंतर है। शहरी क्षेत्रों में टीएफआर 1.6 है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह 2.1 है। बिहार में देश की सबसे अधिक टीएफआर 2.7 है, जबकि अंडमान और निकोबार में सबसे कम 0.9 है। इससे पहले मई में भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा प्रकाशित “सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम स्टैटिस्टिकल रिपोर्ट 2024” में 2024 में देश की टीएफआर 1.9 रहने का अनुमान लगाया गया था। उस साल बिहार में टीएफआर सबसे अधिक 2.9 और दिल्ली में सबसे कम 1.2 था।

संयुक्त राष्ट्र की जनसंख्या रिपोर्टों के मुताबिक, भारत की प्रजनन दर 1950 में पांच से अधिक बच्चों से घटकर अब दो बच्चों तक आ गई है। इसमें वैश्विक औसत की तुलना में कहीं अधिक तेजी से गिरावट आई है। जिन देशों ने प्रतिस्थापन स्तर से नीचे की प्रजनन दर हासिल की है, उनमें भारत में यह बदलाव सबसे तेजी से हुआ है। भारत की मौजूदा प्रजनन दर अब दुनिया के विकसित देशों की प्रजनन दर के करीब पहुंच गई है।

देश में जन्म दर दशकों से घट रही है। लेकिन हाल के वर्षों में इसमें तेज गिरावट देखी गई है। 1992-93 में हुए पहले एनएफएचएस से लेकर अब तक के छह दौर में टीएफआर लगातार घटती गई है। पहले दौर में यह 3.4 थी जो चौथे दौर में 2.2 तक पहुंच गई। पांचवें दौर में पहली बार यह प्रतिस्थापन स्तर से नीचे चली गई। हर साल होने वाले कुल जन्म की संख्या भी घट रही है। यह 2020 में करीब 2.35 करोड़ से घटकर 2025 में 2.3 करोड़ रह गई है और इसके लगातार घटते रहने का अनुमान है। जर्मनी के मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर डेमोग्राफिक रिसर्च के शोधकर्ता मोरध्वज धाकड़ ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि भारत में प्रजनन दर के प्रतिस्थापन स्तर से नीचे जाने की उम्मीद अभी नहीं थी। यह स्थिति 2030-35 में आने की उम्मीद थी।

हालांकि, कम प्रजनन दर का मतलब यह नहीं है कि आबादी तुरंत घटने लगेगी। “जनसांख्यिकीय जड़त्व” (डेमोग्राफिक मोमेंटम) के कारण आबादी कुछ समय तक बढ़ती रहेगी। यह आबादी की आयु संरचना के कारण होता है। अगर किसी देश में युवाओं की संख्या बहुत अधिक है तो वे बड़े होकर बच्चे पैदा करते हैं और आबादी बढ़ती रहती है, भले ही प्रत्येक व्यक्ति के बच्चों की संख्या कम हो। भारत में प्रजनन आयु वाली महिलाओं की संख्या 2011 तक बढ़ रही थी। अभी भी 14 वर्ष से कम आयु की लड़कियां भारत की आबादी का करीब एक-चौथाई हैं। अनुमान है कि मौजूदा जनसंख्या वृद्धि में करीब 70 प्रतिशत योगदान इसी जनसांख्यिकीय जड़त्व का है।

इसके बावजूद, प्रजनन दर में गिरावट जनसंख्या स्थिरीकरण के दौर की शुरुआत का संकेत है, जो आगे चलकर आबादी में गिरावट का आधार बनता है। “आर्थिक सर्वेक्षण 2018-19” में कहा गया था, “भारत अगले दो दशकों में जनसंख्या वृद्धि में तेज गिरावट का अनुभव करेगा। हालांकि देश समग्र रूप से जनसांख्यिकीय लाभांश के दौर में रहेगा, लेकिन जनसांख्यिकीय संक्रमण के उन्नत चरण में पहुंच चुके कुछ राज्य 2030 के दशक की शुरुआत में ही वृद्ध समाज में बदल जाएंगे।” 2041 तक के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय जनसंख्या अनुमानों से पता चलता है कि भारत जनसांख्यिकीय संक्रमण के अगले चरण में प्रवेश कर चुका है और अगले दो दशकों में जनसंख्या वृद्धि में तेज गिरावट आएगी।

“आर्थिक सर्वेक्षण 2018-19” में यह भी कहा गया था, “राज्यों में जनसंख्या और जनसंख्या वृद्धि की दिशा अलग-अलग होगी। जनसांख्यिकीय संक्रमण में आगे निकल चुके राज्यों में जनसंख्या वृद्धि में लगातार गिरावट आएगी और 2031-41 तक वृद्धि दर लगभग शून्य हो जाएगी। जनसांख्यिकीय संक्रमण में पीछे चल रहे राज्यों में भी 2021-41 के दौरान जनसंख्या वृद्धि में उल्लेखनीय गिरावट आएगी।”

0-19 वर्ष आयु वर्ग पहले ही अपने चरम को पार कर चुका है। 2011 में कुल आबादी में इसकी हिस्सेदारी 41 प्रतिशत थी, जो 2041 में घटकर सिर्फ 25 प्रतिशत रह जाएगी। इसके विपरीत, 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की आबादी की हिस्सेदारी 2011 के 8.6 प्रतिशत से बढ़कर 2041 में 16 प्रतिशत हो जाएगी। विभिन्न अनुमानों के मुताबिक, कामकाजी उम्र की आबादी में मौजूदा सालाना 97 लाख की वृद्धि 2031-41 के दौरान घटकर 42 लाख प्रति वर्ष रह जाएगी। केरल स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माइग्रेशन एंड डेवलपमेंट के 2021-2051 के जनसंख्या अनुमान के मुताबिक, 0-14 वर्ष के बच्चों की संख्या 2021 के 34.1 करोड़ से घटकर 2031 में 32.2 करोड़ हो जाएगी। इसके बाद अगले दशक में इसमें और 3.4 करोड़ की कमी आएगी और 2051 तक इसमें 2.2 करोड़ की और गिरावट होगी।

इस जनसांख्यिकीय बदलाव का पहला संकेत स्कूलों में दाखिले के आंकड़ों में दिखाई दे रहा है। भारत के यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस यानी यूडीआईएसई+ के आंकड़ों से पता चलता है कि यह बदलाव किस तरह सामने आ रहा है। अगस्त 2025 में जारी आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के नामांकन में 20.8 लाख की कमी आई है। 2023-24 में यह 23.497 करोड़ से घटकर 2024-25 में 23.289 करोड़ रह गई है। यह पिछले सात वर्षों में सबसे कम नामांकन है। खास बात यह भी है कि कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की संख्या में पिछले सात वर्षों में 1.746 करोड़ की कमी आई है।

जनसंख्या के चरण

ऐतिहासिक आंकड़ों के आधार पर जनसांख्यिकी विशेषज्ञों ने जनसंख्या संक्रमण को तीन चरणों में बांटा है। पहले चरण में जन्म और मृत्यु दर दोनों ऊंची होती है। दूसरे चरण में जन्म दर ऊंची और मृत्यु दर कम होती है जिससे आबादी बढ़ती है। तीसरे चरण में जन्म और मृत्यु दोनों दरों में कमी आती है जिससे आबादी स्थिर होती है। हर चरण सामाजिक-आर्थिक प्रगति से जुड़ा है और इसमें खासतौर पर महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

संयुक्त राष्ट्र के जनसांख्यिकी विशेषज्ञों के मुताबिक, इस समय दुनिया की दो-तिहाई आबादी ऐसे देशों में रहती है जहां प्रजनन दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे है। संयुक्त राष्ट्र के जनसांख्यिकी विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि भारत तीसरे चरण की ओर बढ़ रहा है। देश में जन्म दर में आई गिरावट को दूसरे देशों के इसी तरह के सफर के संदर्भ में समझा जा सकता है।

दुनिया में प्रजनन दर में गिरावट पहली बार 1960 के दशक में दर्ज की गई थी, जब दुनिया माल्थस की चेतावनी को लेकर बेहद चिंतित थी। कुछ ही दशकों में बड़ी संख्या में देशों में प्रजनन दर में गिरावट दर्ज की गई। वर्तमान में ऊंची टीएफआर वाले अफ्रीकी देशों में भी जन्म दर घट रही है। विकसित देशों में, जो प्रतिस्थापन स्तर से नीचे प्रजनन दर हासिल करने वाले पहले देश थे, कम जन्म दर के पीछे कई कारण बताए गए। इन कारणों में आय में वृद्धि, व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं, विवाह संबंधों में बदलाव, उच्च शिक्षा के कारण महिलाओं का सशक्तिकरण, महिलाओं की बढ़ती श्रम भागीदारी और महिलाओं का जीवन में बाद में बच्चे पैदा करने का निर्णय शामिल हैं।

इन सभी मानकों पर भारत अभी पीछे है। जापान और चीन जैसे समान अनुभव वाले एशियाई देशों की तुलना में भारत एक महत्वपूर्ण मामले में अलग है और वह है आर्थिक स्थिति। जापान में 1957 में प्रजनन दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे चली गई थी, जब उसकी आर्थिक स्थिति आज के भारत से भी कमजोर थी। जापान, दक्षिण कोरिया और चीन जैसे देशों में प्रजनन दर में गिरावट के दौर में तेज आर्थिक वृद्धि, यानी औद्योगिक विकास भी हुआ था। इसके विपरीत भारत के बारे में यह नहीं कहा जा सकता कि उसने वर्तमान या पिछले दशकों में उस स्तर की आर्थिक वृद्धि हासिल की है। फिर भारत में प्रजनन दर में गिरावट की वजह क्या है?

भारत में गिरावट की वजह

प्रजनन दर में गिरावट का संबंध महिलाओं के सशक्तिकरण, आय और शिक्षा के साथ-साथ प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़े संकेतकों जैसे गर्भनिरोधक तक पहुंच, कम शिशु मृत्यु दर, बच्चों की देखभाल, कम उम्र में बच्चे पैदा करने के फैसले और बच्चों के जन्म के बीच अंतर से स्पष्ट रूप से जुड़ा है। एनएफएचएस-5 के आंकड़ों के विश्लेषण से प्रजनन दर और इन कारकों के बीच संबंध साफ दिखाई देता है। गोवा, सिक्किम और हिमाचल प्रदेश जैसे कम टीएफआर वाले राज्यों का महिला सशक्तिकरण सूचकांक काफी ऊंचा है। इसके विपरीत, बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे अधिक प्रजनन दर वाले राज्यों का इस सूचकांक पर प्रदर्शन कम है।

इस संबंध को ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में भी देखा जा सकता है। उदाहरण के लिए, 1960 में एक भारतीय महिला के औसतन छह बच्चे होते थे। संयुक्त राष्ट्र और विश्व बैंक के आंकड़े बताते हैं कि उस समय चार में से एक से भी कम महिला किसी न किसी प्रकार के गर्भनिरोधक का इस्तेमाल करती थीं और दो में से एक से भी कम ने प्राथमिक शिक्षा हासिल की थी।

जन्म दर के लिए विवाह की उम्र महत्वपूर्ण है। यह लड़कियों की शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, परिवार के सहयोग, अपने शरीर पर अधिकार और अपने जीवन से जुड़े फैसले लेने की क्षमता को दर्शाती है। भारत के मामले में जहां प्रजनन आयु की महिलाओं की संख्या काफी अधिक है यह स्थिति और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। हालांकि, देश में बाल विवाह अब भी व्यापक है। एनएफएचएस-6 के मुताबिक, 20-24 वर्ष की उम्र की पांच में से एक से अधिक महिलाओं की शादी 18 वर्ष की आधिकारिक न्यूनतम विवाह आयु से पहले हो गई थी। किशोर गर्भधारण की दर 6.7 प्रतिशत पर स्थिर है। एक और महत्वपूर्ण संबंध यह है कि जिन राज्यों में प्रजनन दर प्रतिस्थापन स्तर से अधिक है, वहां 18 वर्ष से पहले शादी करने वाली महिलाओं का प्रतिशत भी अधिक है।

एनएफएचएस-6 के अनुसार, गर्भनिरोधक का इस्तेमाल करने वाली विवाहित महिलाओं का प्रतिशत पिछले सर्वेक्षण के 66.7 प्रतिशत से बढ़कर 69.1 प्रतिशत हो गया है। हालांकि, आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों का इस्तेमाल 56.4 प्रतिशत से घटकर 52.7 प्रतिशत रह गया। वहीं, पारंपरिक गर्भनिरोधक साधनों का इस्तेमाल 10.3 प्रतिशत से बढ़कर 16.4 प्रतिशत हो गया है। एक और संकेतक यह बताता है कि गर्भनिरोधक तक पहुंच की कमी है या परिवार नियोजन का फैसला लेने की क्षमता सीमित है। इसे अपूर्ण जरूरत या अनमेट नीड कहा जाता है।

एनएफएचएस के मुताबिक, “परिवार नियोजन की अनमेट नीड उन प्रजनन सक्षम महिलाओं को कहा जाता है जो गर्भनिरोधक का इस्तेमाल नहीं करतीं, लेकिन अगला बच्चा कुछ समय बाद चाहती हैं या बच्चे पैदा करना पूरी तरह रोकना चाहती हैं।” दोनों एनएफएचएस के बीच परिवार नियोजन की अपूर्ण जरूरत में सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण कमी नहीं आई है। यह 9.4 प्रतिशत से घटकर 8.5 प्रतिशत हुई है। अधिक टीएफआर वाले राज्यों में यह जरूरत लगातार अधिक है, जैसे मेघालय में 21 प्रतिशत, बिहार में 14.4 प्रतिशत और झारखंड में 12.6 प्रतिशत। उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा 10.8 प्रतिशत है।

भारत में गर्भनिरोधक की जिम्मेदारी मुख्य रूप से महिलाओं पर है, जो लैंगिक असमानता की ओर संकेत करती है। एनएफएचएस-6 के मुताबिक, केवल 0.5 प्रतिशत विवाहित पुरुषों ने नसबंदी कराई। एनएफएचएस-5 के आंकड़ों पर आधारित विभिन्न अनुमानों के मुताबिक, इस अपूर्ण गर्भनिरोधक जरूरत ने सर्वेक्षण अवधि के दौरान जनसंख्या वृद्धि में करीब एक-चौथाई योगदान दिया।

एक और महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि भारत में महिलाओं की श्रम भागीदारी अब भी कम है। करीब 43 प्रतिशत महिलाएं अभी भी श्रमबल से बाहर हैं क्योंकि वे बिना वेतन वाले घरेलू और अन्य पारिवारिक कामों में लगी हैं। इससे यह तर्क दिया जा सकता है कि अगर मौजूदा परिस्थितियों से बेहतर स्थितियां होतीं, तो प्रजनन दर में गिरावट और भी तेज होती।

अमूर्त कारण

क्या सामाजिक बदलाव भारतीयों के छोटे परिवार अपनाने या बच्चे न पैदा करने के बढ़ते रुझान को बढ़ावा दे रहा है? केवल चार राज्यों में टीएफआर प्रतिस्थापन स्तर से ऊपर है और बाकी राज्यों में लोग दो बच्चों का छोटा परिवार भी नहीं चाहते। यह समझने के लिए कि इसके पीछे क्या कारण हैं और क्या महिलाओं को परिवार नियोजन से जुड़े फैसलों में अधिक शक्ति और स्वायत्तता मिली है, डाउन टू अर्थ ने नौ राज्यों में बड़ी संख्या में परिवारों से बातचीत की।

बातचीत का केंद्र ऐसे दंपति थे जिनकी शादी को एक दशक हो चुका है और जिनके अधिकतम दो बच्चे हैं। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के इन दंपतियों से शिशु मृत्यु दर में गिरावट, शिक्षा का स्तर, जीवन-यापन की लागत में वृद्धि और परिवार नियोजन में महिलाओं की निर्णय लेने की शक्ति जैसे कई मुद्दों पर बात की गई। खास बात यह रही कि बातचीत में दंपतियों की पिछली पीढ़ी के परिवार के आकार और बच्चों के प्रति उनकी सोच को भी समझने की कोशिश की गई। क्या बच्चों को पहले “आर्थिक संपत्ति” माना जाता था? क्या पुराने सामाजिक-आर्थिक मानदंड बड़े परिवार को प्रोत्साहित करते थे? क्या अब इसमें बदलाव आया है?

इन बातचीतों से पता चलता है कि आज दंपतियों के परिवार नियोजन के फैसले कई परतों वाले सामाजिक और आर्थिक माहौल से प्रभावित हैं। केवल एक पीढ़ी में कई परिवारों का औसत आकार 60-70 प्रतिशत तक घट गया है यानी छह-सात बच्चों से घटकर करीब दो बच्चे हो गया है। ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों के कई दंपतियों ने बताया कि शिशु मृत्यु दर में भारी गिरावट के कारण अब वे कम बच्चे पैदा कर सकते हैं और उन्हें बच्चों के जीवित रहने का भरोसा रहता है। इसके साथ अस्पतालों में प्रसव की लगभग सार्वभौमिक उपलब्धता ने भी इस भरोसे को बढ़ाया है, क्योंकि प्रसव के दौरान चिकित्सकीय निगरानी उपलब्ध रहती है।

कई दंपतियों ने संयुक्त परिवार के टूटने को भी महत्वपूर्ण कारण बताया। इससे बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी माता-पिता पर अधिक आ गई है। बढ़ती जीवन-यापन लागत और बच्चों की परवरिश का खर्च इस दबाव को और बढ़ा रहा है। लगभग सभी दंपतियों ने बढ़ती लागत को छोटे परिवार को चुनने का प्रमुख कारण बताया। शिक्षा को छोटे परिवार के कारण के रूप में देखने पर कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकला, लेकिन कई दंपतियों ने संकेत दिया कि यह एक कारक है। आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि वाले अधिकांश दंपतियों ने कहा कि अधिक बच्चों को “आर्थिक संपत्ति” के रूप में देखना अब उनके लिए कोई विचार नहीं है। एक दंपति ने कहा, “गरीबी का अधिक बच्चे पैदा करने से कोई संबंध नहीं है। यह सब बच्चे की परवरिश से जुड़ी मौजूदा परिस्थितियों पर निर्भर करता है।” दूसरी ओर, महिलाओं की शिक्षा और उनकी श्रमबल में भागीदारी परिवार नियोजन के फैसलों में महत्वपूर्ण कारक के रूप में सामने आई।

विशेषज्ञ भी सहमत

अंडमान और निकोबार की प्रजनन दर देश में सबसे कम है। यहां स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के निदेशक एचएम सिद्धाराजू इसके पीछे कई कारण बताते हैं। उनका कहना है कि कई दंपति एक बच्चे से संतुष्ट हैं और छोटा परिवार चाहते हैं। आधुनिक परिवार नियोजन साधनों तक पहुंच आसान हुई है और महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार तथा साक्षरता बढ़ने से भी प्रजनन दर में गिरावट आई है। अंडमान एवं निकोबार में आदिवासी समुदायों के बीच लंबे समय तक काम कर चुकी भाषाविद् अन्विता अब्बी का कहना है कि द्वीपों में मुख्य रूप से मध्यमवर्गीय समाज है और आर्थिक स्वतंत्रता तथा शिक्षा जैसे कारक घटती प्रजनन दर में योगदान दे सकते हैं। उनका कहना है, “यहां हर कोई शिक्षित है और बेरोजगारी कम है।” वह इसे निम्न टीएफआर का अहम कारण मानती हैं।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में टीएफआर में वृद्धि दर्ज की गई है, हालांकि यह अब भी प्रतिस्थापन स्तर से नीचे है। एनएफएचएस-5 में यह 1.4 थी, जो नवीनतम सर्वेक्षण में बढ़कर 1.8 हो गई है। श्रीनगर स्थित जनसंख्या अनुसंधान केंद्र में तैनात एक अधिकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में टीएफआर घटने के कारण दूसरे राज्यों जैसे ही हैं। उनके अनुसार, शिक्षा के स्तर में सुधार और संयुक्त परिवारों का टूटना इसके मुख्य कारण हैं।

हालांकि, श्रीनगर के खानयार स्थित गौसिया सरकारी अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ अंदलीब अब्दुल्ला केंद्र शासित प्रदेश की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति को कम टीएफआर से सीधे जोड़ती हैं। उनका कहना है कि जम्मू-कश्मीर तीन दशक से अधिक समय से संघर्ष की स्थिति से गुजर रहा है, जिसका आर्थिक स्थिति पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। लगातार संघर्ष वाले क्षेत्र में रहने से तनाव बढ़ता है, जिसका प्रजनन दर पर भी सीधा असर पड़ता है। उनके अनुसार, कमजोर आर्थिक स्थिति ने मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग की खर्च करने की क्षमता घटा दी है और ऐसी स्थिति में लोग अधिक बच्चे नहीं चाहते। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण विवाह में भी देरी हो रही है।

अब्दुल्ला का कहना है कि शिक्षा पूरी करने के बाद लड़कियां अब नौकरी को प्राथमिकता देती हैं, जिससे विवाह में देरी हो रही है। पुरुषों के मामले में भी ऐसा ही है। विवाह में देरी के कारण महिलाओं की प्रजनन अवधि छोटी हो रही है, जो कम टीएफआर का एक महत्वपूर्ण कारण है।

पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की कार्यकारी निदेशक पूनम मुत्तरेजा कहती हैं, “गिरावट को केवल परिवार नियोजन के परिणाम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह व्यापक सामाजिक बदलाव को दर्शाती है, जिसमें महिलाओं की बढ़ती आकांक्षाएं और छोटे, नियोजित परिवारों की ओर धीरे-धीरे बढ़ता रुझान शामिल है।”

नया चलन

असम के रामपुर में मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता (आशा) जॉयमोती कुमारी पिछले 20 वर्षों से राजापुखुरी और नाथपारा गांवों में काम कर रही हैं। उनका कहना है कि वह दंपतियों की सोच में बदलाव देख रही हैं। पिछले एक दशक में उन्होंने देखा है कि दंपति चाहे बच्चा पुरुष हो या महिला अब परिवार को एक बच्चे तक सीमित कर रहे हैं। उनका कहना है, “लोगों को एहसास हो गया है कि आज के सामाजिक और आर्थिक माहौल में छोटा परिवार सबसे व्यावहारिक विकल्प है। महिलाएं भी परिवार के फैसलों में अधिक भूमिका निभा रही हैं।”

आशा कार्यकर्ता नियमित रूप से गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी करती हैं, जिससे शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिली है। जॉयमोती कहती हैं, “जब लोगों को पता होता है कि उनके बच्चों के जीवित रहने की संभावना बहुत अधिक है, तो उन्हें बड़े परिवार की जरूरत महसूस नहीं होती।”

अर्थशास्त्री और जनसांख्यिकी विशेषज्ञ डीन स्पीयर्स और माइकल गेरुसो की 2025 में प्रकाशित किताब आफ्टर द स्पाइक: पॉपुलेशन, प्रोग्रेस, एंड द केस फॉर पीपल भी छोटे परिवारों के आम होते जाने की प्रवृत्ति की पुष्टि करती है। वह डाउन टू अर्थ से कहते हैं, “एनएफएचएस-5 में उत्तर प्रदेश की युवा महिलाओं ने सर्वेक्षणकर्ताओं से कहा था कि वे औसतन 1.9 बच्चे चाहती हैं। ऐसा भविष्य जिसमें उत्तर प्रदेश की महिलाएं औसतन 1.9 बच्चे पैदा कर रही हों, संभवतः ऐसा भविष्य होगा जिसमें दूसरे हिस्सों में लोग इससे भी कम बच्चे पैदा कर रहे होंगे।” वे कहते हैं, “लंबे समय तक भारत अतिजनसंख्या की आशंकाओं के केंद्र में रहा। आज भारत में लोगों का जीवन पहले से अधिक समृद्ध, लंबा और स्वस्थ है। इसलिए अतिजनसंख्या भारत के लिए विनाश का कारण नहीं बनी।”

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) ने अपनी “स्टेट ऑफ द वर्ल्ड पॉपुलेशन रिपोर्ट 2025” के लिए भारत सहित 14 देशों में 14,000 वयस्कों का ऑनलाइन सर्वेक्षण किया। यूएनएफपीए की एक खबर के मुताबिक, सर्वेक्षण में शामिल उन लोगों में, “जिन्होंने बच्चे होने या बच्चे चाहने की बात कही, उनके लिए सबसे आम चुनौतियां आर्थिक थीं। इन चुनौतियों में वित्तीय असुरक्षा और बेरोजगारी से लेकर अपर्याप्त आवास और बच्चों की बेहतर देखभाल तक शामिल थी।”

भारत में 36 प्रतिशत से अधिक उत्तरदाताओं ने अनियोजित गर्भधारण की बात कही, जबकि 30 प्रतिशत से अधिक लोग जब बच्चा चाहते थे, तब बच्चा पैदा नहीं कर सके। रिपोर्ट के मुताबिक, “यह दोहरी चुनौती को दर्शाता है। एक चुनौती कम प्रजनन है जिसमें लोग अपनी इच्छा से कम बच्चे पैदा कर रहे हैं और दूसरी चुनौती अधिक प्रजनन है जिसमें लोग अपनी इच्छा से अधिक बच्चे पैदा कर रहे हैं।”

यूएनएफपीए की “वर्ल्ड फर्टिलिटी रिपोर्ट, 2024” ने शुरुआती उम्र में बच्चे पैदा करने की प्रवृत्ति में कमी को भी भारत में घटती प्रजनन दर के एक कारण के रूप में चिन्हित किया है। यूएनएफपीए की खबर के मुताबिक, “भारत में उच्च आय वर्ग के कई शिक्षित और कामकाजी लोग 30 वर्ष के आसपास विवाह कर रहे हैं और इसके तुरंत बाद पहला बच्चा पैदा कर रहे हैं।” इसमें कहा गया है कि दूसरे बच्चे के मामले में मातृ, शिशु और सामाजिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बच्चों के बीच अंतर रखने की व्यवस्था की अनदेखी की जाती है।

हालांकि यह स्पष्ट है कि महिलाएं परिवार नियोजन में तेजी से अंतिम फैसला लेने की भूमिका में आ रही हैं, लेकिन वे अक्सर इस बारे में निश्चित नहीं होतीं कि उन्हें कितने बच्चे चाहिए। यूएनएफपीए की रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आता है। जब लोगों से परिवार के “आदर्श” आकार के बारे में पूछा गया तो कई लोग हिचकिचाए। सर्वेक्षण में प्रजनन आयु के 22 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने अपने आदर्श बच्चों की संख्या के सवाल पर “पता नहीं” या “बताना नहीं चाहते” कहा। वहीं 35 प्रतिशत यह नहीं बता सके कि वे कितने बच्चे पैदा करने की चाहत रखते हैं। इससे पता चलता है कि इस तरह की अनिश्चितता बेहद आम है, लेकिन इस पर पर्याप्त शोध नहीं हुआ है।

स्पीयर्स और गेरुसो अपनी किताब आफ्टर द स्पाइक में लिखते हैं, “जनसंख्या वृद्धि के दौर में हमारे पूर्वजों के लिए माता-पिता बनना शायद कोई बहुत बड़ा फैसला नहीं था। यह जीवन का हिस्सा था। लेकिन अब यह एक फैसला है। और क्योंकि यह फैसला है, इसलिए लोग इसके लाभ और लागत के बारे में सोचेंगे। वे शायद इन्हीं शब्दों का इस्तेमाल न करें, जब तक कि वे अर्थशास्त्री न हों। लेकिन जब वे खुद से पूछते हैं कि मैं जीवन में क्या हासिल करना चाहता हूं? मैं जीवन में क्या बनना चाहता हूं? तब वे परिणामों का आकलन कर रहे होते हैं। जब तक विकल्प एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करते हैं और एक-दूसरे के लिए जगह कम करते हैं, लोग अवसर लागत पर विचार करेंगे।”

चिंता की बात

2023 में चीन को पीछे छोड़कर भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया। 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में “जनसंख्या विस्फोट” को संकट बताया था। 1970 के दशक में आपातकाल के दौरान जबरन परिवार नियोजन के भयावह अनुभव के बाद जनसंख्या नियंत्रण राजनीतिक रूप से संवेदनशील मुद्दा बना रहा। लेकिन मोदी सरकार ने इसे फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया। महज छह वर्षों में चिंता “जनसंख्या विस्फोट” से बदलकर “जनसंख्या संकुचन” की हो गई है। इससे ऐसे भविष्य से बचने के लिए नीतिगत बदलाव की जरूरत सामने आ रही है, जिसमें कामकाजी लोगों की संख्या कम और देखभाल की जरूरत वाली बुजुर्ग आबादी अधिक हो।

भारत के दुनिया का पहला राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम शुरू करने के करीब 76 साल बाद घटती जन्म दर नई बड़ी खबर बन गई है। घटती टीएफआर भारत के जनसांख्यिकीय बदलाव का सबसे अप्रत्याशित मोड़ बनकर सामने आई है। आर्थिक सर्वेक्षण 2018-19 में भी कहा गया था, “कुछ राज्य 2030 के दशक में वृद्ध समाज की ओर बढ़ना शुरू कर देंगे।”

वैश्विक स्थिति भी बहुत अलग नहीं है। संयुक्त राष्ट्र के अनुमानों के मुताबिक, 2050 तक केवल आठ देश-कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, मिस्र, इथियोपिया, भारत, नाइजीरिया, पाकिस्तान, फिलीपींस और तंजानिया दुनिया की आधी जनसंख्या वृद्धि के लिए जिम्मेदार होंगे।

दुनिया के उच्च आय वाले देशों में आबादी घटने की स्थिति इतनी गंभीर है कि संयुक्त राष्ट्र की “वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स” 2022 रिपोर्ट में कहा गया था, “अगले कुछ दशकों में उच्च आय वाले देशों में जनसंख्या वृद्धि का एकमात्र स्रोत प्रवासन होगा, क्योंकि मौतों की संख्या धीरे-धीरे जन्मों से अधिक हो जाएगी।” पहली बार संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट ने जनसंख्या में गिरावट के संभावित परिणाम को इस तरह सामने रखा, “अगर जनसंख्या में गिरावट जारी रहती है तो पूरे देश या यहां तक कि मानव आबादी भी खत्म हो सकती है।”