के श्रीनाथ रेड्डी चिकित्सक और पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष हैं 
स्वास्थ्य

“कम प्रजनन दर विकास पर लगाम नहीं लगाती”

प्रजनन दर में गिरावट के बावजूद 2050 तक भारत की जनसांख्यिकीय संरचना युवा बनी रहेगी

K. Srinath Reddy

यह व्यापक रूप से स्वीकार किया गया है कि सामाजिक-आर्थिक विकास सबसे प्रभावी गर्भनिरोधक है। पिछले दो दशकों में भारत के विकास की दिशा ने अधिकांश राज्यों में प्रजनन दर घटाने में मदद की है। हाल के वर्षों में कई दंपति बच्चों को जन्म नहीं देने या केवल एक बच्चा पैदा करने का फैसला कर रहे हैं। इसके पीछे बड़ी आबादी के पर्यावरण पर पड़ने वाली लागत को लेकर चिंता भी एक कारण है। अस्थिर वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर अनिश्चितता और दुनिया में चल रहे युद्धों को लेकर चिंता भी बच्चों के भविष्य को लेकर आशंकाएं पैदा कर रही है।

परिवार नियोजन कार्यक्रमों ने प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों के बारे में जागरुकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हालांकि परिवार नियोजन कार्यक्रम सफल रहे हैं, लेकिन पूरे भारत में इनका असर समान नहीं रहा। कुछ राज्यों ने अपनी कुल प्रजनन दर में काफी कमी की है, जबकि अन्य अब भी शुद्ध प्रतिस्थापन दर से ऊपर हैं।

सामाजिक-आर्थिक विकास का निम्न स्तर, महिलाओं की शिक्षा में पिछड़ापन और परिवार में महिलाओं के निर्णय लेने की सीमित स्वतंत्रता ऐसे कारण हैं, जिनकी वजह से कुछ राज्यों में टीएफआर अब भी अधिक है। इसके अलावा कमजोर स्वास्थ्य प्रणालियां और परिवार नियोजन सेवाओं की सीमित पहुंच भी इसकी वजह हैं। महिलाओं की कम साक्षरता और श्रमबल में कम भागीदारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन सेवाओं की कमजोर पहुंच ग्रामीण और शहरी प्रजनन दर के अंतर के लिए जिम्मेदार हैं।

पुरुषों की शिक्षा और उनके दृष्टिकोण का भी टीएफआर पर असर पड़ता है। पुरुष अक्सर गर्भनिरोधक की जिम्मेदारी महिलाओं पर डाल देते हैं। पुरुषत्व कम होने या यौन सुख में कमी आने जैसी गलत धारणाएं उन्हें किसी भी प्रकार के गर्भनिरोधक को अपनाने से रोकती हैं। युवा पुरुषों में बेहतर स्वास्थ्य साक्षरता और लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देकर इन दृष्टिकोणों और व्यवहारों को बदलने की जरूरत है।

प्रजनन दर में गिरावट के बावजूद भारत की जनसांख्यिकीय संरचना 2050 तक युवा बनी रहेगी। हमें युवाओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और उसकी रक्षा करने के साथ-साथ उन्हें उपयुक्त शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान देना होगा, ताकि जनसांख्यिकीय लाभांश का लाभ उठाया जा सके। इसके अलावा महिलाओं को शिक्षित करके, उन्हें अधिक रोजगार के अवसर देकर और महिलाओं की पसंद को सीमित करने वाली रूढ़िवादी सामाजिक सोच को खत्म करके हम लैंगिक लाभांश हासिल कर सकते हैं। बुजुर्गों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की रक्षा करके हम उनकी उत्पादकता से ग्रे डिविडेंड भी हासिल कर सकते हैं। इसलिए निकट भविष्य में घटती टीएफआर हमारे विकास पर लगाम नहीं लगाएगी।