वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बिगड़ते ही अस्पताल और क्लीनिकों में डॉक्टरों के पास सांसों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। दक्षिण दिल्ली के मजीदिया अस्पताल की इमरजेंसी में आग से जलने, सांस लेने में परेशानी, खांसी जैसी समस्याओं के साथ मरीज भर्ती हुए हैं। अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस तरह के मामले और बढ़ेंगे।
इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर नवाज शरीफ ने डाउन टू अर्थ को बताया कि पिछले वर्ष भी दीवाली की रात से 12 घंटे में 30 मरीज इमरजेंसी में इस तरह ही परेशानी के साथ आए थे। उन्होंने बताया कि दीवाली की रात और उसके बाद सांस की परेशानी से जूझने वाले मरीजों की संख्या बढ़ जाती है।
अस्पताल की श्वसन रोग ओपीडी में 9 नवंबर को 42 मरीज सांस लेने की परेशानी की दिक्कतों के साथ पहुंचे। हवा खराब होने पर इस ओपीडी में औसतन 50-60 मरीज सांसों लेने की दिक्कत से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहुंचते हैं, जबकि सामान्य स्थिति में ऐसे 30-40 मरीज पहुंचते हैं। स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार, इस मौसम में ओपीडी में आने वाली मरीजों की संख्या 60-70 प्रतिशत बढ़ जाती है।
ओपीडी में अपनी बारी का इंतजार कर रहे तेखंड से आए 38 साल के मोहम्मद सबाहुद्दीन ने बताया कि उन्हें लगातार खांसी आ रही है। हवा की गुणवत्ता खराब होते ही उन्हें यह परेशानी होने लगती है।
फरीदाबाद में जनरल फिजिशियन डॉक्टर हर्षित जैन ने डाउन टू अर्थ को बताया कि दीवाली और उसके बाद लैंडलॉक क्षेत्रों में वायु प्रदूषण की समस्या काफी गंभीर हो जाती है। ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोग अक्सर फेफड़ों की परेशानी, खांसी, अस्थमा और गले में परेशानी की समस्या लेकर उनके पास पहुंचते हैं। उनकी क्लीनिक पहुंचने वाले ऐसे लोगों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की संख्या सबसे अधिक होती है। वह बताते हैं कि फेफड़ों की दिक्कत सीधे तौर हृदय से जुड़ी होती है। फेफड़ों में ऑक्सीजन की कमी होने पर हृदय का काम बढ़ जाता है। वह बताते हैं कि दिल पर ज्यादा जोर पड़ने पर उसके ब्लड वेसेल ब्लॉक होने का खतरा रहता है।
वायु प्रदूषण ओपीडी
दिल्ली एनसीआर में दीवाली के मौके पर हर साल वायु प्रदूषण खतरनाक स्थिति में पहुंच जाता है। इसी को देखते हुए नवंबर 2023 में दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल ने वायु प्रदूषण ओपीडी की शुरुआत की थी। इस “प्रदूषण जनित रोग निवारण केंद्र” नाम दिया गया है।
हर सोमवार को दोपहर दो से शाम चार बजे तक चलने वाली इस ओपीडी में वायु प्रदूषण की जुड़ी समस्याओं के निवारण के लिए श्वसन रोग, त्वचा, ईएनटी और मनोरोग और आंखों के डॉक्टर उपलब्ध रहते हैं। हालांकि ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या बेहद सीमित है। डाउन टू अर्थ ने आज 9 नवंबर को ओपीडी का दौरा किया और पाया कि वहां एक भी मरीज नहीं था। ओपीडी में तैनात श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉक्टर इशिता ने बताया कि जागरुकता के अभाव में मरीज नहीं पहुंच रहे हैं।
उनका मानना है कि आने वाले दिनों में इस ओपीडी में लोगों की संख्या बढ़ेगी। वह बताती हैं कि ओपीडी पूरे साल चलती है लेकिन अक्टूबर से इस ओपीडी में लोगों का आना शुरू होता है। उनका कहना है कि वायु प्रदूषण सभी आयु वर्गों पर असर डालता है लेकिन बच्चों और बुजुर्गों पर इसका ज्यादा असर रहता है। वह बताती है कि अस्पताल में हफ्ते में दो दिन- मंगलवार और गुरुवार को लगने वाली श्वसन रोग ओपीडी पिछले एक महीने से ज्यादा बिजी है। उनका मानना है कि वायु प्रदूषण अतिरिक्त जोखिम के रूप में काम कर रहा है।
राममनोहर लोहिया की वायु प्रदूषण ओपीडी में बैठे डॉक्टर अमित जिंदल का कहना है कि वायु प्रदूषण की परेशानी से जूझने वाले अधिकांश मरीज सामान्य ओपीडी में इलाज कराते हैं। वह हफ्ते में एक दिन लगने वाली वायु प्रदूषण ओपीडी का इंतजार नहीं कर सकते। उनका कहना है कि सामान्य ओपीडी में इस मौसम में मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। साथ ही उन्होंने देखा है कि बहुत से स्टेबल रोगी सामान्य फॉलोअप से पहले अस्पताल पहुंचने लगते हैं क्योंकि वायु प्रदूषण से उनकी हालात खराब होने लगती है। उनका कहना है कि हवा की गुणवत्ता खराब होने पर स्वस्थ मरीजों के आने का सिलसिला भी बढ़ जाता है।