अरावली पर्वतमाला; फोटो: सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) 
जंगल

अरावली की पहाड़ियों से जुड़ी वन भूमि का बदला दर्जा, निर्देश को लेकर उठे सवाल

गंगा-भैरव घाटी की 5.87 हेक्टेयर जमीन का राजस्व दर्जा बदलने पर दाखिल आपत्ति में कहा गया कि वन कानून के तहत केंद्रीय मंजूरी के बिना गैर-वानिकी इस्तेमाल नहीं हो सकता

Vivek Mishra

क्या वन भूमि का दर्जा राजस्व रिकॉर्ड में कुछ बदलाव करके खत्म किया जा सकता है? अजमेर की तारागढ़ पहाड़ियों पर सामने आया विवाद इसी बुनियादी सवाल से जुड़ा है। यहां वन विभाग के पास 1940, 1950 और 1951 की ऐसी पुरानी अधिसूचनाओं के रिकॉर्ड हैं, जिनमें इस क्षेत्र की जमीन को वन के रूप में अधिसूचित किए जाने का उल्लेख है। इसके बावजूद अजमेर के डिवीजनल कमिश्नर ने 6 अक्टूबर 2026 को ऐसी ही करीब 5.87 हेक्टेयर जमीन को राजस्व रिकॉर्ड में तारागढ़ दुर्ग क्षेत्र के नाम से राजस्थान सरकार की राजकीय भूमि दर्ज करने का आदेश दिया था। 

यह जमीन अजमेर तहसील के राजस्व ग्राम थोक मालियान में मौजूद है, जिसे वन भूमि कहा जा रहा है। दरअसल, तारागढ़ दुर्ग अजमेर की ऐतिहासिक पहाड़ी का किला है। यह केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि अरावली की पहाड़ियों, पुराने वन क्षेत्रों और गंगा-भैरव घाटी के भू-दृश्य से जुड़ा ऐतिहासिक स्थल भी है।

मामले में आपत्ति करने वाले पर्यावरणविद् अशोक मलिक ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा है कि राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव से वन भूमि का कानूनी दर्जा समाप्त नहीं होता। यदि इस जमीन का कोई हिस्सा अधिसूचित वन क्षेत्र में आता है तो उस पर गैर-वानिकी गतिविधियों के लिए वन कानून के तहत जरूरी मंजूरी लेनी होगी।

राजस्थान सरकार ने बजट 2026-27 में तारागढ़ के पर्यटन विकास की घोषणा की है। इसमें पर्यटकों के लिए सुविधाएं, पार्किंग, उद्यान, कैफे और संग्रहालय जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना शामिल है। ऐसे में यह तय करना जरूरी हो गया है कि प्रस्तावित विकास के लिए चिह्नित जमीन का वन दर्जा क्या है और वहां निर्माण के लिए कौन-सी वैधानिक मंजूरियां आवश्यक होंगी।

अशोक मलिक ने 13 नवंबर 2026 को अजमेर विकास प्राधिकरण और अजमेर नगर निगम के आयुक्तों को जनहित प्रतिवेदन देकर मांग की है कि विवादित जमीन पर वन स्थिति स्पष्ट होने और जरूरी मंजूरियां मिलने तक निर्माण कार्य शुरू न कराया जाए। उन्होंने वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से जमीन का सीमांकन कराने तथा पुराने वन नक्शों और अधिसूचनाओं से उसका मिलान कराने को कहा है।

मलिक ने डाउन टू अर्थ को बताया कि वह इस मामले को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के समक्ष भी लेकर जा रहे हैं। 

वन भूमि को राजकीय भूमि में बदलने वाला आदेश अजमेर के डिवीजनल कमिश्नर शक्ति सिंह राठौड़ ने 6 अक्टूबर को दिया था। इसमें जोन ए में 34,611 वर्ग मीटर, जोन बी में 6,376 वर्ग मीटर और जोन सी में 17,701 वर्ग मीटर जमीन है। इनका कुल क्षेत्रफल 58,688 वर्ग मीटर यानी करीब 5.87 हेक्टेयर है। आयुक्त ने इन तीनों हिस्सों को राजस्व रिकॉर्ड में 'तारागढ़ दुर्ग क्षेत्र' के रूप में दर्ज करने और राजस्थान सरकार के नाम राजकीय भूमि के रूप में नामांतरण करने का निर्देश दिया था।

बहरहाल, इस मामले में वन विभाग की पुरानी अधिसूचनाएं यह दावा कर रही हैं कि संबंधित भूमि वन भूमि थी। अशोक मलिक ने अपनी आपत्ति में 11 अगस्त 1940 की एक अधिसूचना और 25 मार्च 1950 की अधिसूचना व 16 जून 1951 की एक अधिसूचना संख्या का हवाला देते हुए बताया है कि संबंधित जमीन वनभूमि थी। 

इनके अलावा अजमेर वन विभाग की स्वीकृत कार्ययोजना में अजमेर तारागढ़ संरक्षित वन के दो हिस्सों का कुल क्षेत्रफल करीब 10.52 हेक्टेयर बताया गया है। प्रतिवेदन में राजस्थान वन विभाग की 6 अक्टूबर 2023 की इस अधिसूचना का भी उल्लेख है। इसके तहत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 36ए के अंतर्गत गंगा-भैरव घाटी संरक्षण रिजर्व घोषित किया गया था। इस अधिसूचना में 468.421 हेक्टेयर तारागढ़ नाजुल आरक्षित वन और 10.52 हेक्टेयर अजमेर तारागढ़ संरक्षित वन शामिल हैं।

मलिक ने तारागढ़ यात्री रोपवे की वन स्वीकृति प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों का भी हवाला दिया है। उनके मुताबिक, इस परियोजना के लिए 2 दिसंबर 2021 को तैयार वन क्षेत्र विवरण में खसरा संख्या 6262 के कुछ हिस्सों को संरक्षित वन बताया गया था। उनका कहना है कि जब वन विभाग के पुराने रिकॉर्ड में इस खसरे के हिस्सों का वन के रूप में उल्लेख है तो राजस्व रिकॉर्ड बदलने से पहले इन दस्तावेजों और जमीन की सीमाओं का मिलान किया जाना चाहिए।

दिलचस्प बात यह है कि 6 अक्टूबर, 2026 के आदेश में भी 1950 और 1951 की वन अधिसूचनाओं तथा वन विभाग के रिकॉर्ड का उल्लेख है। आदेश में 9 जून 2022 की संयुक्त सर्वेक्षण रिपोर्ट और राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर यह तर्क दिया गया है कि विवादित खसरा संख्या 6262 में वन विभाग का मौके पर कब्जा साबित नहीं होता। आदेश में यह भी कहा गया है कि संबंधित जमीन पर पहले से अलग-अलग सरकारी विभागों के नाम राजस्व प्रविष्टियां दर्ज थीं।

आदेश में वन विभाग के पक्ष को भी दर्ज किया गया है। वन विभाग की ओर से कहा गया कि विवादित जमीन वन अधिसूचनाओं के दायरे में आती है। वहीं, राजस्व और अन्य पक्षों की ओर से संयुक्त सर्वेक्षण रिपोर्ट तथा पुराने नामांतरणों का हवाला दिया गया। संभागीय आयुक्त ने इन तर्कों और उपलब्ध अभिलेखों पर विचार करने के बाद जमीन का राजस्व वर्गीकरण बदलने का फैसला दिया।

मलिक का कहना है कि किसी जमीन पर वन विभाग का मौके पर कब्जा होना और उसका अधिसूचित वन भूमि होना अलग-अलग प्रश्न हैं। यही वजह है कि पुराने वन नक्शों, अधिसूचनाओं और राजस्व रिकॉर्ड का संयुक्त रूप से मिलान कराने की मांग की गई है।

राजस्व आदेश बनाम वन कानून

मलिक बताते हैं कि वन भूमि के गैर-वानिकी इस्तेमाल पर वन (संरक्षण एवं संवर्धन) अधिनियम, 1980 की धारा 2 लागू होती है। इसके तहत कानून के दायरे में आने वाली वन भूमि को गैर-वानिकी काम में इस्तेमाल करने के लिए निर्धारित परिस्थितियों में केंद्र सरकार की पूर्व मंजूरी आवश्यक है। केवल राजस्व रिकॉर्ड में जमीन को सरकारी भूमि या किसी दूसरी श्रेणी में दर्ज कर देने से यह मंजूरी अपने आप नहीं मिल जाती।

राजस्थान वन अधिनियम, 1953 की धारा 29(4) भी इस विवाद में महत्वपूर्ण है। इसके तहत संरक्षित वन का दर्जा समाप्त करने के लिए सक्षम राज्य सरकार की ओर से निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होता है। मलिक का तर्क है कि किसी राजस्व अधिकारी का आदेश इस वैधानिक प्रक्रिया का विकल्प नहीं हो सकता।

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के टीएन गोदावर्मन बनाम भारत संघ और तरुण भारत संघ बनाम भारत संघ मामलों का हवाला दिया है। इन फैसलों में वन संरक्षण कानून के दायरे और वन भूमि पर गैर-वानिकी गतिविधियों के लिए जरूरी मंजूरी के सिद्धांत स्पष्ट किए गए हैं।

राजस्थान हाईकोर्ट के मोहम्मद याकूब बनाम राजस्थान सरकार मामले का भी उल्लेख किया गया है। 24 मार्च 2025 को दिए गए इस फैसले में अजमेर की 1940 की वन अधिसूचना से जुड़े विवाद पर विचार किया गया था। मलिक के अनुसार, इस फैसले से यह सिद्धांत सामने आता है कि यदि कोई जमीन अधिसूचित वन का हिस्सा है तो राजस्व प्रशासन की कार्रवाई से उसका कानूनी संरक्षण समाप्त नहीं किया जा सकता।

इसके अलावा राजस्थान हाईकोर्ट के अजीत प्रसाद मामले और राष्ट्रीय हरित अधिकरण के राम स्वरूप यादव तथा आध्यात्मिक क्षेत्र पर्यावरण संस्थान मामलों को भी प्रतिवेदन में शामिल किया गया है। इन मामलों के आधार पर उन्होंने कहा है कि वन भूमि पर राजस्व आवंटन या प्रशासनिक आदेश के बाद भी वन कानूनों का पालन जरूरी रहता है।

आपत्ति याचिका में अजमेर की आनासागर झील के पास सेवन वंडर्स पार्क और फूड कोर्ट के मामले का भी उल्लेख किया है। इस मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण और बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद संरचनाओं को हटाने की प्रक्रिया चली थी।

सुप्रीम कोर्ट ने 17 मार्च 2025 को सेवन वंडर्स पार्क की संरचनाओं को हटाने के लिए छह महीने का समय दिया था। 16 मई 2025 के आदेश में फूड कोर्ट को पूरी तरह ध्वस्त किए जाने की बात दर्ज की गई थी।

मलिक का कहना है कि तारागढ़ में भी यदि वन कानूनों का पालन किए बिना स्थायी निर्माण किए जाते हैं तो भविष्य में उन्हें हटाने और जमीन को बहाल करने की नौबत आ सकती है। इससे निर्माण पर खर्च किए गए सरकारी धन के अलावा ध्वस्तीकरण और बहाली पर भी खर्च करना पड़ सकता है। उनका कहना है कि किसी परियोजना की घोषणा या उस पर सरकारी धन खर्च करने की मंजूरी मिल जाना पर्यावरण कानूनों के पालन का विकल्प नहीं है।

सीमांकन की मांग

जनहित प्रतिवेदन में अजमेर विकास प्राधिकरण और नगर निगम से विवादित जमीन पर नए निर्माण, खुदाई, पेड़ कटाई, जमीन की सफाई, पार्किंग और अन्य गैर-वानिकी गतिविधियों को रोकने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पहले वन विभाग की अधिसूचनाओं और राजस्व नक्शों के आधार पर यह स्पष्ट किया जाए कि जोन ए, बी और सी में से कौन-सा हिस्सा अधिसूचित वन क्षेत्र में आता है।

उन्होंने वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से जमीन का सीमांकन कराने, गंगा-भैरव घाटी संरक्षण रिजर्व की सीमाओं से उसका मिलान करने और वन विभाग से लिखित रूप में जमीन की स्थिति स्पष्ट कराने को कहा है। साथ ही पर्यटन विकास परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट, जमीन के खसरा-वार नक्शे, प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरियां, कार्यादेश तथा वन स्वीकृति से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है।

मलिक ने दोनों निकायों से प्रतिवेदन मिलने के सात दिनों के भीतर कार्रवाई की जानकारी देने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि वन कानूनों के दायरे में आने वाली जमीन पर जरूरी मंजूरी के बिना निर्माण शुरू किया गया तो वह राष्ट्रीय हरित अधिकरण की भोपाल पीठ में मामला उठाएंगे।