अल नीनो के प्रभाव के चलते दक्षिणी अफ्रीका और मध्य अमेरिका के ड्राई कॉरिडोर को भुखमरी के नए हॉटस्पॉट में शामिल किया गया है। यहां दिसंबर 2026 से मई 2027 के बीच खाद्य असुरक्षा की स्थिति गंभीर रूप से बिगड़ने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ ) और विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) ने आज जारी अपनी रिपोर्ट में यह चेतावनी दी है। रिपोर्ट में सूडान और दक्षिण सूडान के कुछ हिस्सों में अकाल का खतरा भी जताया गया है।
ग्लोबल नेटवर्क अगेंस्ट फूड क्राइसिस के तहत साल में दो बार जारी होने वाली इस रिपोर्ट में 16 हॉटस्पॉट की पहचान की गई है, जबकि जून में जारी पिछली रिपोर्ट में इनकी संख्या 13 थी। चार नए हॉटस्पॉट में से तीन के पीछे अल नीनो एक प्रमुख कारण है। इनमें दक्षिणी अफ्रीका के पांच देश- इस्वातिनी, मलावी, मोजाम्बिक, जाम्बिया और जिम्बाब्वे, मध्य अमेरिका का ड्राई कॉरिडोर और युगांडा का उत्तर-पूर्वी हिस्सा शामिल हैं। पड़ोसी देश सूडान में जारी संघर्ष के दुष्प्रभावों के चलते चाड को भी इस सूची में जोड़ा गया है।
अल नीनो का प्रभाव लगातार मजबूत हो रहा है और इसके अब तक के सबसे तीव्र घटनाक्रमों में से एक होने की आशंका है। दक्षिणी अफ्रीका में सामान्य से अधिक गर्म और शुष्क परिस्थितियों के कारण बुवाई, खेती-किसानी और आगामी फसलें प्रभावित होने का खतरा है। अनुमान है कि मार्च 2027 तक जिम्बाब्वे के 30 लाख, मलावी के 26 लाख और मोजाम्बिक के 18 लाख लोग गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना कर सकते हैं।
मध्य अमेरिका के ड्राई कॉरिडोर में 2026 का प्रिमेरा सीजन (पहला फसल सीजन) पिछले चार दशकों का सबसे सूखा सीजन रहा। कई इलाकों में फसल का 75 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है। खाद्यान्न का भंडार खत्म होने के साथ ही 2027 में अगला फसल आने से पहले का कठिन दौर (लीन सीजन) समय से पहले शुरू हो सकता है। अकेले ग्वाटेमाला में अक्टूबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच 32 लाख लोगों के गंभीर खाद्य असुरक्षा की चपेट में आने का अनुमान है।
अल नीनो के सबसे गंभीर प्रभाव सामने आने से पहले कदम उठाकर फसलों, पशुधन और लोगों की आजीविका को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। एफएओ और डब्ल्यूएफपी की संयुक्त अल नीनो पूर्व-कार्रवाई योजना का लक्ष्य 22 देशों में 90 लाख लोगों की सुरक्षा करना है।
दूसरी ओर, संघर्ष और सशस्त्र हिंसा अब भी खाद्य असुरक्षा के प्रमुख कारण बने हुए हैं। 16 में से 12 हॉटस्पॉट में ये संकट के मुख्य कारक हैं। इनमें सबसे अधिक चिंता वाले पांच हॉटस्पॉट- सूडान, दक्षिण सूडान, सोमालिया, नाइजीरिया के कुछ हिस्से और यमन शामिल हैं। इन पांच में से चार हॉटस्पॉट के ताजा विश्लेषण में ऐसे लोगों की पहचान की गई है या आशंका जताई गई है, जो खाद्य सुरक्षा के सबसे गंभीर स्तर यानी 'कैटास्ट्रॉफी' की स्थिति में पहुंच सकते हैं। खाद्य सुरक्षा के एकीकृत वर्गीकरण के अनुसार, यह वह स्थिति है जिसमें लोग भुखमरी और मौत के खतरे का सामना करते हैं।
सोमालिया में फिलहाल किसी भी आबादी के खाद्य असुरक्षा के सबसे गंभीर स्तर यानी कैटास्ट्रॉफी (आईपीसी फेज-5) में पहुंचने का अनुमान नहीं है और अकाल का खतरा भी कम हुआ है। हालांकि, बायडोआ में विस्थापित आबादी के बीच खाद्य असुरक्षा का स्तर अब भी आपातकालीन स्थिति (आईपीसी फेज-4) में बना हुआ है।
सबसे गंभीर स्थिति सूडान और दक्षिण सूडान में है, जहां अकाल का खतरा सामने आया है। सूडान में सबसे खराब संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जनवरी 2027 तक उत्तरी दारफुर और दक्षिण कोर्डोफान के 13 इलाकों में अकाल पड़ने का खतरा है। वहीं, दक्षिण दारफुर में विस्थापित लोगों के दो शिविरों में गंभीर कुपोषण का स्तर पहले ही अकाल की निर्धारित सीमा को पार कर चुका है। दक्षिण सूडान में उपलब्ध नवीनतम विश्लेषण के मुताबिक, सबसे खराब संभावित परिस्थितियों में अपर नाइल और जोंगलेई राज्यों के चार काउंटियों में जुलाई 2026 तक अकाल का खतरा था।
सबसे अधिक चिंता वाले ये पांच हॉटस्पॉट 2022 से लगातार खाद्य संकट के इसी गंभीर स्तर पर बने हुए हैं। इसके बावजूद इन क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा और पोषण के लिए मानवीय सहायता की फंडिंग में 62 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह राशि 2022 में 5.1 अरब डॉलर थी, जो 2025 में घटकर 2 अरब डॉलर रह गई।
चार अन्य हॉटस्पॉट को भी बेहद गंभीर चिंता की श्रेणी में रखा गया है। इनमें अफगानिस्तान, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, हैती और फिलिस्तीन शामिल हैं। अक्टूबर 2025 में युद्धविराम के बाद गाजा पट्टी में खाद्य सुरक्षा की स्थिति में सुधार शुरू हुआ है, लेकिन यह सुधार अभी बेहद नाजुक है। वहीं, वेस्ट बैंक में गंभीर खाद्य असुरक्षा बढ़ने का अनुमान है।
एफएओ और डब्ल्यूएफपी ने सभी 16 हॉटस्पॉट में तत्काल मानवीय सहायता पहुंचाने की अपील की है। विशेष रूप से उन इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर मदद पहुंचाने को कहा गया है, जहां अकाल का खतरा सामने आया है। दोनों संगठनों ने जरूरतमंद लोगों तक सुरक्षित और निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।
एफएओ के महानिदेशक क्यू डोंग्यू ने कहा, "अल नीनो का प्रभाव तेज हो रहा है। इससे पहले से ही संवेदनशील क्षेत्रों में फसलों और पैदावार पर खतरा बढ़ रहा है और गंभीर खाद्य असुरक्षा की आशंका गहरा रही है। हालांकि, सबसे बुरे नतीजे अपरिहार्य नहीं हैं। अत्यधिक कमजोर परिवारों को खाद्य उत्पादन बढ़ाने में मदद देने वाली जीवनरक्षक कृषि सहायता, रिपोर्ट में बताई गई परिस्थितियों से निपटने के लिए बहुक्षेत्रीय प्रयासों का एक अहम हिस्सा है। एफएओ इसी दिशा में काम कर रहा है।"
विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के कार्यकारी निदेशक ल्यूक जे. लिंडबर्ग ने कहा, "मैंने सभी देशों से अकाल को इतिहास के पन्नों तक सीमित करने की अपील की है। यह रिपोर्ट बताती है कि अगला अकाल कहां पड़ सकता है। इसलिए अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने का समय अब आ गया है। संघर्ष खत्म करने, WFP की जमीनी टीमों के लिए पर्याप्त संसाधन जुटाने और कमजोर समुदायों तक उनकी सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। यह काम करने की क्षमता का सवाल नहीं है, बल्कि इस बात का सवाल है कि क्या दुनिया के नेता निर्णायक कदम उठाने का राजनीतिक साहस दिखाएंगे।"
16 भुखमरी हॉटस्पॉट
सबसे अधिक चिंता वाले क्षेत्र
- सूडान
- दक्षिण सूडान
- सोमालिया
- नाइजीरिया के कुछ हिस्से
- यमन
बेहद गंभीर चिंता वाले क्षेत्र
- अफगानिस्तान
- कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य
- हैती
- फिलिस्तीन
अन्य हॉटस्पॉट:
- चाड
- मध्य अमेरिका का ड्राई कॉरिडोर
- मेडागास्कर
- माली
- म्यांमार
- दक्षिणी अफ्रीका (इस्वातिनी, मलावी, मोजाम्बिक, जाम्बिया और जिम्बाब्वे)
- उत्तर-पूर्वी युगांडा
चाड, मध्य अमेरिका का ड्राई कॉरिडोर, दक्षिणी अफ्रीका और उत्तर-पूर्वी युगांडा को पहली बार इस सूची में शामिल किया गया है। वहीं, लेबनान अब इस सूची में नहीं है।