दुनिया में चावल और चीनी का उत्पादन आने वाले फसल सीजन में खपत से कम रहने का अनुमान है। वहीं, वनस्पति तेलों की बढ़ती मांग के कारण इनके वैश्विक भंडार में भी कमी आ सकती है। अल नीनो से जुड़ी प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियां चावल और मछली उत्पादन को प्रभावित कर सकती हैं। हालांकि, गेहूं और मोटे अनाज की उपलब्धता फिलहाल पर्याप्त बनी हुई है और इनके वैश्विक भंडार में बढ़ोतरी का अनुमान है।
संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) की ताजा रिपोर्ट 'फूड आउटलुक' के मुताबिक, चावल उत्पादन में चार साल बाद गिरावट आ सकती है।
दुनिया में चावल का उत्पादन पिछले चार फसल सीजन से लगातार बढ़ रहा था, लेकिन 2026-27 में इसमें गिरावट आने का अनुमान है। एफएओ के मुताबिक, किसानों को चावल की खेती से मिलने वाले मुनाफे में कमी और अल नीनो से जुड़ी प्रतिकूल मौसम परिस्थितियां इसके प्रमुख कारण हैं।
रिपोर्ट में चावल का उत्पादन वैश्विक खपत की जरूरतों से कम रहने की आशंका है। हालांकि, पहले से मौजूद बड़े भंडार के कारण दुनिया में चावल का कुल भंडार रिकॉर्ड स्तर के दूसरे सबसे ऊंचे स्तर पर बना रह सकता है। दूसरी ओर, 2027 में चावल के अंतरराष्ट्रीय व्यापार में बढ़ोतरी का अनुमान है।
चीनी का उत्पादन भी कम
वैश्विक बाजार में चीनी की उपलब्धता भी घट सकती है। एफएओ के अनुसार, 2026-27 में दुनिया का चीनी उत्पादन कम रहने का अनुमान है। यह उत्पादन वैश्विक खपत की जरूरतों से भी कम हो सकता है।
वैश्विक बाजार में पिछले कुछ महीनों के दौरान चीनी की कीमतों में काफी तेजी आई है। इसकी वजह दुनिया में चीनी की उपलब्धता और मांग के बीच बढ़ता अंतर है।
खाद्य तेलों के भंडार में गिरावट की आशंका
वर्ष 2026-27 में दुनिया में तिलहन का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान है। इसके बावजूद खाद्य तेलों के वैश्विक भंडार में कमी आ सकती है। इसकी प्रमुख वजह जैव ईंधन क्षेत्र से वनस्पति तेलों की लगातार बढ़ती मांग है। यानी तिलहन का उत्पादन बढ़ने के बावजूद खाद्य तेलों की बढ़ती खपत के कारण इनके भंडार में गिरावट आ सकती है।
अल नीनो से मछली उत्पादन प्रभावित
एफएओ के मुताबिक, 2026 में दुनिया में मत्स्य पालन और जलीय कृषि का कुल उत्पादन 0.3 फीसदी बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, प्राकृतिक जल स्रोतों से मछली पकड़ने के उत्पादन में 3.4 फीसदी की गिरावट आ सकती है।
इसका एक प्रमुख कारण अल नीनो है, जिसके चलते पेरू में एंचोवी मछली का उत्पादन तेजी से प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा ईंधन की बढ़ती कीमतें भी मछली पकड़ने वाले जहाजों के संचालन को महंगा बना रही हैं।
दूसरी ओर, जलीय कृषि के उत्पादन में 3.6 फीसदी वृद्धि का अनुमान है। लेकिन एंचोवी मछली की कम उपलब्धता से मछली के चारे की कीमतें बढ़ रही हैं। इसका असर विशेष रूप से झींगा और सैल्मन मछली के उत्पादन पर पड़ सकता है।
गेहूं और मोटे अनाज की उपलब्धता पर्याप्त
चावल और चीनी के उलट गेहूं और मक्का का वैश्विक उत्पादन वर्ष 2026-27 में पिछले पांच वर्षों के औसत से अधिक रहने का अनुमान है।
एफएओ के अनुसार, 2027 में फसल सीजन समाप्त होने तक दुनिया में अनाज का भंडार 1.8 फीसदी बढ़ सकता है। इसकी प्रमुख वजह रूस और यूक्रेन में गेहूं के भंडार का बढ़ना है। निर्यात में आ रही बाधाओं के कारण इन देशों में गेहूं जमा हो रहा है और उसकी खेप दूसरे देशों तक नहीं पहुंच पा रही है।
हालांकि, वर्ष 2026-27 में दुनिया के कुल अनाज व्यापार में 3.3 फीसदी की गिरावट आने का अनुमान है। इसकी मुख्य वजह गेहूं के अंतरराष्ट्रीय व्यापार में कमी होगी। दुनिया के सभी प्रमुख गेहूं निर्यातक देशों से होने वाली आपूर्ति घटने की आशंका है।
मांस और दूध उत्पादन में बढ़ोतरी
रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में दुनिया में मांस उत्पादन में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। इसमें सबसे अधिक योगदान मुर्गी के मांस का होगा। वहीं, पशुओं की सीमित उपलब्धता के कारण गोमांस और भेड़ के मांस के उत्पादन में गिरावट आने का अनुमान है। मुर्गी के मांस की मजबूत अंतरराष्ट्रीय मांग के चलते मांस के वैश्विक व्यापार में वृद्धि हो सकती है।
दूध उत्पादन में 2026 के दौरान 1.8 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान है। वहीं, डेयरी उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय व्यापार पिछले वर्ष के मुकाबले 2.1 फीसदी बढ़ सकता है। इसमें दूध के पाउडर के निर्यात की प्रमुख भूमिका रहने की संभावना है।
खाद्य आयात बिल में धीमी होगी बढ़ोतरी
एफएओ की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2026 में वैश्विक खाद्य आयात बिल में बढ़ोतरी की रफ्तार धीमी रहने का अनुमान है। इसकी प्रमुख वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉफी और कोको की कीमतों में गिरावट है।