पर्यावरण

लैंटाना मुक्त हो रहे हैं मध्य प्रदेश के गांव

Bhagirath

लैंटाना कैमारा सुंदर फूलों वाला एक विदेशी पौधा है। यह दुनिया की 10 सबसे आक्रामक पौधों की प्रजातियों में से एक है। यह प्रजाति मूल रूप से मैक्सिको और ब्राजील के बीच के क्षेत्र में पाई जाती थी, लेकिन आज दुनिया भर में फैल चुकी है। 60 से अधिक देशों में इसकी पहुंच है और यह अपने जंगलों की जैव विविधिता को लगातार खत्म कर रही है। लैंटाना को अंग्रेज सजावटी पौधे के रूप में भारत लाए थे। आज लैंटाना भारत के 50 प्रतिशत से अधिक वन क्षेत्र में फैल चुका है और अकेले भारत के बाघों के क्षेत्र के 40 प्रतिशत हिस्से पर इसका कब्जा है। इस आक्रामक पौधे ने खेती से प्राप्त होने वाली आय को भी बहुत नुकसान पहुंचाया है। ज्यादातर परती भूमि पर इसने कब्जा जमा लिया, जिस पर खेती अब बहुत मुश्किल है। लेकिन भारत के मध्य प्रदेश का एक छोटा सा जिला मंडला लैंटाना को खत्म करके अपनी जमीन को इस आक्रामक झाड़ी से मुक्त करने का रास्ता दिखा रहा है।