पांपोर के पातालबाग में करीब आठ एकड़ जमीन पर पिछले कई सालों से कूड़ा डाला जा रहा है। इससे केसर के खेतों को भारी नुकसान पहुंचा है। फोटो: राजा मुजफ्फर भट्ट  
पर्यावरण

केसर के खेतों के बीच कूड़ा डालने का मामला पहुंचा एनजीटी, संयुक्त समिति गठित करने का आदेश, 8 हफ्ते में मांगी रिपोर्ट

ग्रामीणों के अनुसार, 2022 से यहां लगातार कूड़ा डाला जा रहा है। रोज करीब 50 मिनी ट्रक कूड़ा पांपोर नगर से आ रहा है

Bhagirath

जम्मू-कश्मीर के पांपोर में केसर के खेतों के बीचोंबीच कूड़ा डालने का मामला एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अभिकरण) पहुंचा और पहली ही सुनवाई में एनजीटी ने संयुक्त समिति गठित कर 8 हफ्तों में रिपोर्ट देने का आदेश जारी कर दिया।

पांपोर के पातालबाग गांव के पास करीब 8 एकड़ जमीन पर पिछले कई सालों से पांपोर नगरपालिका द्वारा लगातार कूड़ा डाला जा रहा है, जिससे केसर के खेतों को भारी नुकसान पहुंचा है।

डाउन टू अर्थ इसी साल अगस्त में पातालबाग पहुंचा था और पाया था कि केसर की पारंपरिक खेती करने वाले गांव के किसान चूहों से इस कदर परेशान हो गए कि उन्होंने केसर की खेती करना बंद कर दिया और कुछ किसान सेब या अन्य बागवानी फसलों को अपनाने लगे हैं लेकिन इन फसलों को भी चीलों और चूहों ने नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, 2022 से यहां लगातार कूड़ा डाला जा रहा है। रोज करीब 50 मिनी ट्रक कूड़ा पांपोर नगर से आ रहा है। जम्मू-कश्मीर प्रदूषण नियंत्रण कमिटी में क्षेत्रीय निदेशक सफीर हुसैन शाह ने डाउन टू अर्थ को बताया था, “यह लैंडफिल अवैध है। हम इसकी जांच कर रहे हैं और पर्यावरण क्षतिपूर्ति की कार्रवाई कर रहे हैं।”

स्थानीय लोगों की मांग है कि इस डंपिंग यार्ड को पूरी तरह हटाया जाए। फोटो: भागीरथ

प्रभावित किसानों को मिले मुआवजा

इस मामले को एनजीटी ले जाने वाले वाले पर्यावरणविद और जम्मू-कश्मीर सूचना का अधिकार आंदोलन एवं क्लाइमेट एक्शन ग्रुप के संस्थापक राजा मुजफ्फर भट ने डाउन टू अर्थ को बताया कि हम एनजीटी में जाने से पहले लगातार सरकारी अफसरों के सामने इस मुद्दे को उठाते रहे लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया। कृषि विभाग, प्रदूषण नियंत्रण कमिटी और मुख्य सचिव तक ने हस्तक्षेप नहीं किया। मजबूरी में उन्हें एनजीटी का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

राजा मुजफ्फर भट्ट के अनुसार, कश्मीर में कूचरे का प्रबंधन बड़ी समस्या है। नगरपालिका के लोग किसी भी जगह कूड़ा डालने लगते हैं। वह आगे बताते हैं कि एनजीटी ने केसर के खेतों के बीच कूड़ा डालने के मामले में पहली सुनवाई के दौरान शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसकेयूएएसटी) के वैज्ञानिक को नॉमिनेट किया और आठ हफ्तों में रिपोर्ट मांगी है।

उनका कहना है कि पातालबाग गांव में लैंडफिल के कारण कुत्तों की संख्या भी बेहद बढ़ गई है जिससे लोगों का खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। उनका अनुमान है कि कम से कम 200-250 एकड़ केसर के खेत लैंडफिल से तबाह हो गए हैं। उन्होंने प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे की भी मांग की है। मामले की अगली सुनवाई 3 फरवरी 2027 को होगी।  

लैंडफिल के कारण चूहों ने केसर के खेतों में बिल बना लिए हैं। फोटो: भागीरथ

विरासत और किसानों के भविष्य पर खतरा

पातालबाग निवासी राहिल रसीद ने बताया कि हम इस लैंडफिल साइट को पूरी तरह बंद कराना चाहते हैं क्योंकि इस डंपिंग यार्ड के कारण कृषि भूमि और स्थानीय केसर किसानों की आजीविका को व्यापक नुकसान पहुंचा है। लगभग 2,000 कनाल भूमि बहुमूल्य केसर के खेतों के बीच बिना किसी वैज्ञानिक एवं उचित व्यवस्था के टनों नगर निगम के ठोस कचरे को सीधे फेंके जाने से प्रभावित हुई है।

यह डंपिंग यार्ड चूहों, अन्य कृंतकों, आवारा कुत्तों, चीलों, कौवों तथा अन्य जानवरों के पनपने और आकर्षित होने का केंद्र बन गया है। ये जानवर केसर के कंदों (भूमिगत बीज अथवा बल्ब) को नुकसान पहुंचाते हैं और खेतों को अस्त-व्यस्त करते हैं, जिससे फसल तथा भविष्य में होने वाले उत्पादन पर सीधा प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। जमा हुए कचरे से उठने वाली दुर्गंध और अस्वच्छ परिस्थितियों ने किसानों तथा आसपास के पर्यावरण की समस्याओं को और गंभीर बना दिया है।

केसर की खेती के लिए बेहद सावधानी, उचित खेत प्रबंधन और प्रत्येक चरण में विशेष सुरक्षा की आवश्यकता होती है। केसर के खेतों में लापरवाही से चलना भी मिट्टी के नीचे मौजूद नाजुक कंदों को नुकसान पहुंचा सकता है। यही नुकसान आवारा कुत्तों और अन्य जानवरों के इन खेतों में खुलेआम घूमने से कहीं बड़े पैमाने पर हो रहा है।

राहिल रसीद के अनुसार, नुकसान केवल केसर के कंदों तक ही सीमित नहीं है। केसर के फूल खिलने के महत्वपूर्ण मौसम में चील, कौवे, आवारा कुत्ते और अन्य जानवर फसल के लिए अतिरिक्त खतरा पैदा करते हैं। परिणामस्वरूप, यह डंपिंग यार्ड केसर की खेती के दोनों सबसे महत्वपूर्ण चरणों (पहला कंदों का विकास एवं उनका सुरक्षित रहना और दूसरा, फूल खिलने का चरण) को प्रभावित कर रहा है।

राहिल रसीद मानते हैं कि केसर केवल एक फसल नहीं है, बल्कि यह कश्मीर की कृषि विरासत, पहचान और हजारों परिवारों की आजीविका का आधार है। केसर के इन बहुमूल्य खेतों के बीच खुलेआम टनों ठोस कचरा फेंकने की अनुमति देना हमारी इस विरासत और स्थानीय किसानों के भविष्य को गंभीर खतरे में डालना है।