आक की टहनियों के अलावा आक के फल से रेगिस्तान का रेशम निकलता है। इसकी पूनी बना कर कातकर धागा तैयार किया जाता है। फोटो साभार : सुनील राखेचा, श्योर संस्था  
अर्थव्यवस्था

थार की अनूठी धरोहर: विलुप्त होता आक, रेगिस्तान का रेशम और अंकाला संकट में

रेगिस्तान की पहचान आक का पौधा केवल औषधीय व धार्मिक ही नहीं, बल्कि 'अंकाला' और 'रेशम' (भम्भूरिया) से आजीविका का बड़ा आधार है। आधुनिकता और उपेक्षा के बीच यह देशज बुनकर-कला दम तोड़ रही है

Bhuwanesh Jain

पौराणिक कथा के अनुसार समुद्र मंथन में जब हलाहल विष निकला, तो इस विष को भगवान शिव ने अपने कंठ में उतार लिया और उसी समय विष के कुछ छींटे धरती पर पड़ गए। इन्हीं छींटों से कुछ विषैले पौधे पैदा हुए, जिनमें से एक आक भी है। आक के फूल और आक के पत्ते शिव पूजा में चढ़ाए जाते हैं, ताकि ठंडक मिले।

आक का पौधा भारत में राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश के अलावा दुनिया भर के शुष्क, अर्द्ध-शुष्क, रेतीले और गर्म इलाकों में पाया जाता है। अफ्रीका तथा मध्य पूर्व में ओमान, सऊदी अरब, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात में आक बहुतायत में पाया जाता है। हवाई द्वीप में आक के फूलों से बनी माला बहुत पसंद की जाती है।

आक के फूलों की आकृति मुकुट की तरह होने के कारण इन्हें राजशाही का प्रतीक भी माना जाता रहा है। सफेद फूल वाले आक के पौधे के 20-25 वर्ष पुराने होने पर इसकी जड़ श्वेतार्क गणेश के रूप में पूजी जाती है। ऐसी मान्यता है कि इसका पौधा घर के बाहर दाहिनी तरफ लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ जाता है। यह पौधा विषैला भी है, तो अमृत और दवा भी है।

रेगिस्तान के इलाके में तो आक का पौधा जीवनदायिनी है। रेगिस्तान के क्षेत्र में रहने के लिए झोंपे तैयार करने, औषधि, रहन-सहन के सामान, रस्सियां, चारपाई, तकिया, रजाई, खेती के उपकरण, औजार आदि के साथ-साथ आक के कारण मृदा स्थिरीकरण और मरुस्थल नियंत्रण में भी मदद मिलती है। इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्त्व भी है।

ग्रामीणों के अनुसार आक के दूध की बूंंद मिट्टी या आटे में डालकर उसकी गोली बनाकर खाने से मलेरिया ठीक हो जाता है। वैसे आक का दूध आंखों में चला जाए तो व्यक्ति अंधा हो सकता है। इसके पत्ते बांधने से बादी खिसक जाती है। इसके पत्तों को पानी में डालकर पीने से बुखार नहीं आता। पीले पत्तों को गरम करके नाक से सूंघने पर कागलिया ठीक हो जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में देशी टोटके है। पत्ते दीमक को भी नियंत्रित करते हैं।

मींजल, सणतर, भूरट, कुरी घास के उगने के लिए आक का पौधा जहां होता है, वह जगह अनुकूल मानी जाती है। झोंपड़ों को बनाने के लिए बला, सांपडकी, घोड़िये बनाने; चारपाई के पागा, ईस; तथा गधे और ऊंट द्वारा भार लादने के लिए बनाए जाने वाले जांतरा भी इसी आक की लकड़ी से बनते हैं।

आक के अंकाला से रंग-बिरंगी डिजाइन में बुनी चारपाइयां, दरियां, रस्सियां और उसके फल से निकले रेशम से तैयार तकिया, रजाई आदि हर घर की शोभा होते हैं। इस शोभा को बनाए रखने के लिए मारू मेघवाल समुदाय और किसानों ने अनेक पीढ़ियों से इस हुनर और कला को ज़िंदा रखा है तथा रेगिस्तान को खूबसूरत बनाने व स्थानीय संसाधनों का अपनी आवश्यकताओं के लिए विवेकपूर्ण उपयोग वे आज भी कर रहे हैं। लेकिन जहां आज कुछ किसान और बुनकर इस कला को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं आक की पैदावार पूरी तरह उपेक्षा का शिकार है, जिससे पर्यावरणीय चुनौतियां बढ़ जाएंगी।

आक की तड़ियों (टहनियों) की छाल से डोरी (धागा) तैयार करने की अद्भुत कला मारू मेघवाल और किसान समुदाय के पास रही है। सामाजिक कार्यकर्ता माधु सिंह राठौड़ शिवकर के अनुसार सामान्यतया कृषि कार्य में सूड़ (सफाई) करते समय खेत में उगे आक के पौधों/झाड़ियों की टहनियों को काटकर मेड़बंदी/कणाबंदी के लिए खेत के किनारों पर रख दिया जाता है।

जब लकड़ियां सूख जाती हैं और बाद में बारिश से नरम पड़ जाती हैं, तब टहनियों के काले रंग के हो जाने पर उनका छिलका उतारा जाता है; वही छिलका ‘अंकाला’ कहलाता है। इसके दो भाग करके फिर उसे बटने का काम करते हैं। स्थानीय भाषा में इसे ‘गोटी’ कहते हैं, जिसे लकड़ी की बनी मोगरी से कूटते हैं। आटी गाँव के भूराराम के अनुसार इसे छाछ (खाटा) में भिगो देते हैं, फिर बटाई करते हैं और फिर कूटते हैं।

स्थानीय उपकरण, जिसे ‘ढेरी’ कहते हैं, उससे आवश्यकतानुसार एकोडी, बेओडी, तेओडी कताई उपयोगिता के आधार पर की जाती है। कताई का कार्य बाएँ हाथ से होता है और रस्सी तैयार होती है। आक की लकड़ी से चारपाई (जिसे स्थानीय भाषा में ‘माचा’ कहते हैं) तैयार होती है। चारपाई के पागे, ईस, ऊपली/ऊपला बनाए जाते हैं। अंकाला की चार बट वाली रस्सी से बंधाण तैयार करते हैं। तिओडी बट वाली डोरी/रस्सी से चारपाई और पीढ़ियों की बुनाई अलग-अलग खूबसूरत डिज़ाइनों में की जाती है।

रेगिस्तानी इलाके में ऊंट को नियंत्रित करने के लिए उसकी नाक में रस्सी डालकर जुताई करते थे, यह रस्सी ‘हालिरा’ कहलाती है। कुएं से पानी निकालने के लिए जो रस्सी बनती थी, उसे ‘बरत’ कहते हैं। ऊंट की पलाण की गहियों करने यानी पलाण पर रखी रजाई को बांधने के लिए बनाई गई रस्सी ‘राहडी’ या ‘रासडी’ कहलाती है। बोरा, लकड़ियों का लादा या भारा बांधने के लिए भी राहडी का उपयोग होता है।

बकरी को बांधने वाली रस्सी ‘गाला’, गाय के लिए उपयोग में लाई जाने वाली रस्सी ‘चोंटिया’ और ऊंट के उपयोग में आने वाली रस्सी ‘राह’ कहलाती है। ये सब अंकाला से ही तैयार होती हैं। अंकाला से दरियां भी बनाई जाती हैं। एक दरी बनाने में चार किलोग्राम अंकाला चाहिए होता है। वर्तमान में इसकी दर एक हजार रुपए प्रति किलोग्राम है तथा डेढ़ सौ रुपए प्रति किलोग्राम बुनाई की मजदूरी है।

बाड़मेर के आटी गांव के भूराराम मारू मेघवाल अंकाला शिल्पकला को बचाने के लिए संघर्षशील हैं। 65 वर्षीय मेघवाल औपचारिक रूप से अनपढ़ हैं, लेकिन अपने इस देशज और बहुमूल्य कार्य के वे प्रकांड जानकार और विशेषज्ञ हैं। भूराराम ने शुरुआती दौर में 5-7 वर्ष तक पट्ट-लूम पर पट्टू बनाने का काम किया।

उन्होंने खादी बोर्ड से 1974 में फ्रेम-लूम पर काम करने का तीन माह का प्रशिक्षण लिया। ताणा, कताई और बुनाई का कार्य उन्होंने इसी लूम पर सीखा। लेडीज शॉल, मलाई शॉल बनाते। 1500-2000 रुपये प्रतिमाह मजदूरी मिलने लगी। वर्ष 2000 के आसपास यह बुनकरी कार्य बाज़ार, बिक्री,पर्याप्त मजदूरी के अभाव में दम तोड़ने लगा। वर्ष 2000 के बाद उन्होंने बेडशीट, तौलिया, कपड़ा, खेसले, ड्रेस मटीरियल और दरियां बनानी शुरू कीं। अंकाला से रस्सी आदि का काम बनाना, उसकी दरियां बनाना जारी रखा।

जयपुर, दिल्ली और जोधपुर के मेलों व प्रदर्शनियों में भाग लेना शुरू किया, जिससे बिक्री होने लगी। लेकिन भूराराम के पुश्तैनी काम को उनके चारों बेटों मांगाराम, धनाराम, पारसाराम और गोपाराम ने नहीं अपनाया। धनाराम की छोटी परचून की दुकान है, मांगाराम अनपढ़ हैं, जबकि पारसाराम और गोपाराम आठवीं कक्षा उत्तीर्ण हैं। उनका पुत्री डाली पाँचवीं कक्षा उत्तीर्ण है। ये सभी काम तो जानते हैं, लेकिन इस कला का उचित बाज़ार, मजदूरी नहीं मिलने से भवन निर्माण (कमठे) के कार्य में मजदूरी करते हैं। मांगाराम की पत्नी कमला और पारसाराम की पत्नी राधा गलीचा, दरी व कपड़ा बुनने में कुशल हैं, लेकिन उनके पास भी काम का अभाव है।

आक की टहनियों के अलावा आक के फल (जिन्हें आक पाडिया या डोडिया कहते हैं) से रेगिस्तान का रेशम निकलता है, जिसे ‘भम्भूरिया’ कहते हैं। इसको भिगोकर इसकी पूनी बनाई जाती है, जिसका उपयोग तकिया और रजाई तैयार करने में होता है। पूनी को कातकर धागा तैयार किया जाता है।

इस धागे का उपयोग बेहद नरम शॉल, मफ़लर आदि बनाना शुरू किया गया है। बाड़मेर से पंद्रह किलोमीटर दूर स्थित आटी गाँव की कबू देवी को इसी आक पाडिया के भम्भूरिया से बने मफ़लर के लिए राज्य सरकार द्वारा हाल ही में सम्मानित किया गया है। आक के रेशम का मफलर बनाने का पहला प्रयोग भूरा राम के निर्देशन में कबू देवी ने किया है और अनेक सम्भावनाओं को जन्म दिया है। कबू देवी साक्षर हैं। अपने माता-पिता से उन्होंने गलीचा बुनाई के काम को समझा और गलीचा बनाने में हाथ बंटाया।

उनका ससुराल आटी गांव में है। यहां आने के बाद भूराराम (जो रिश्ते में उनके काका-ससुर लगते हैं) से उन्होंने फ्रेम-लूम पर चिंदियों और सूत की दरियां बनाना सीखा तथा फिर आक पाडिया के रेशे से पहली बार मफ़लर बनाना शुरू किया।

'सोसाइटी टु अपलिफ्ट रूरल इकोनॉमी' (श्योर) नामक गैर-सरकारी संगठन ने वर्ष 2000 में गांव के चालीस लोगों को वस्त्र निर्माण का प्रशिक्षण दिया था। संस्था की लता कच्छवाह के अनुसार प्रशिक्षण में बीस महिलाएँ शामिल थीं। संस्था द्वारा बीस लूम भी प्रदान किए गए, जिनमें प्रति लूम लागत पच्चीस हज़ार रुपये थी।

प्रशिक्षण में विभिन्न वस्त्रों जैसे ड्रेस मटीरियल, तौलिया आदि के साथ दरियां बनाना भी सिखाया गया। एक दरी बनाने में ढाई किलोग्राम सूत या कपड़ों की लीरों/चिंदियों की आवश्यकता होती है और बुनाई में दो दिन का समय लगता है। डेढ़ सौ रुपये प्रति किलोग्राम सूत बुनाई की दर और सौ रुपये प्रति किलोग्राम चिंदियों की बुनाई की दर है।

आक पाडिया के रेशे से विभिन्न वस्त्र—खासतौर से जैकेट, शॉल आदि बनाने के लिए आक पाडिया इकट्ठा करने के लिए स्थानीय संगठन ‘रूमा देवी फाउंडेशन’ और भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन कार्यरत ‘उत्तर भारत वस्त्र अनुसंधान संघ’- नितरा के बीच वर्ष 2025 में अनुबंध हुआ।

इसके अंतर्गत पाडिया इकट्ठा कर संस्थान को उपलब्ध कराया जाना है, ताकि संस्थान इसके विभिन्न वस्त्र, परिधान बना सके। बताया जाता है कि ये अन्य ऊनी कपड़ों की तुलना में हल्के और अधिक गर्म होते हैं। फाउंडेशन के विक्रम सिंह और रूमा देवी के अनुसार फाउंडेशन ने करीब 100 टन पाडिया इकट्ठा कर उपलब्ध कराया है तथा जन-जागरण का कार्य लगातार जारी है।

 भूराराम मेघवाल और कबूली देवी मेघवाल द्वारा आक के भंभूरिया (आक का रेशा) से वस्त्र निर्माण की पहल और रूमा देवी फाउंडेशन द्वारा नितरा के साथ अनुबंध ने यह उम्मीद जगाई है कि शुष्क क्षेत्र में आक की खेती आजीविका का एक सशक्त माध्यम बन सकती है और इसका बहुमूल्य उपयोग वस्त्र उद्योग में बढ़ सकता है। पर्यावरण के अनुकूल वस्त्र, तकिये, रजाई आदि को पर्यावरण प्रेमियों के बीच लोकप्रिय बनाए जा सकते हैं।

आक के अंकाला और रेगिस्तान के रेशम 'भम्भूरिया' के पारंपरिक उपयोग व कलात्मक कार्य को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई तकनीक को गांवों तक पहुंचाने की महती आवश्यकता है, ताकि कच्चे माल के साथ-साथ बाजार की मांग के अनुरूप ग्रामीण स्वयं को सक्षम बना सकें। फिलहाल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी के साथ-साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद को आगे आकर शुष्क क्षेत्र में उपलब्ध इन संसाधनों के संधारणीय (टिकाऊ) उपयोग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि कबू देवी और भूराराम जैसे हुनरमंद बुनकरों व किसानों को घर बैठे रोजगार मिल सके और उनके कौशल को यथोचित सम्मान प्राप्त हो।

इससे स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र, पर्यावरण, संस्कृति और देशज ज्ञान का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सकेगा। आक की खेती, परंपरागत शिल्प उद्योग और बुनकरों को प्रोत्साहन देने के लिए समय रहते ठोस नीति बनाने की जरूरत है; अन्यथा कृषि-विस्तार और विशाल सोलर पार्कों के निर्माण जैसे विकास के नए स्वरूपों के बीच रेगिस्तान का यह बहुमूल्य आक, अंकाला और रेशम रेत के धोरों, ओरण- गोचर,खेतों से कहीं विलुप्त न हो जाए। यदि इसे नहीं बचाया गया, तो थार के पर्यावरण और संस्कृति को संरक्षित रखना अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।