फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स, सायन नाथ 
विकास

विश्व साइकिल दिवस: क्या हमारी सड़कें साइकिल चलाने के लिए सुरक्षित हैं?

पैदल चलना और साइकिल चलाना हृदय रोग, स्ट्रोक, कैंसर, मधुमेह और यहां तक कि मृत्यु के खतरों को कम करता है

Dayanidhi

विश्व साइकिल दिवस हर साल तीन जून को मनाया जाता है। इस दिन का बहुत महत्व है क्योंकि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य को कई फायदे होते हैं। इस दिन लोगों को इस मजेदार गतिविधि को करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

विश्व साइकिल दिवस साइकिल के उपयोग के फायदों की ओर ध्यान आकर्षित करता है। साइकिल यातायात का एक सरल, सस्ता, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल स्थायी साधन है। साइकिल स्वच्छ हवा और कम भीड़-भाड़ में योगदान देती है और शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और अन्य सामाजिक सेवाओं को सबसे कमजोर आबादी के लिए अधिक सुलभ बनाती है।

आज, जब अधिकांश आबादी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही है, तो हमारे लिए साइकिल दिवस जैसा दिन मनाना महत्वपूर्ण है। यह दिन साइकिल के महत्व और स्वस्थ और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में योगदान दे सकता है।

एक सतत यातायात प्रणाली जो आर्थिक विकास को बढ़ावा देती है, असमानताओं को कम करती है। जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करना सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण है।

मध्यम तीव्रता की हर रोज शारीरिक गतिविधि - जैसे चलना, साइकिल चलाना या खेलकूद करना स्वास्थ्य के लिए अहम फायदे पहुंचाते हैं।  

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, चलने और साइकिल चलाने के लिए सुरक्षित बुनियादी ढांचा अहम है। साथ ही यह स्वास्थ्य के लिए समानता हासिल करने का एक रस्ता है।

सबसे गरीब शहरी क्षेत्र के लिए, जो अक्सर निजी वाहनों का खर्च नहीं उठा सकते, पैदल चलना और साइकिल चलाना हृदय रोग, स्ट्रोक, कुछ कैंसर, मधुमेह और यहां तक कि मृत्यु के खतरों को कम करते हुए यातायात का एक रूप प्रदान कर सकता है। तदनुसार, बेहतर सक्रिय यातायात न केवल स्वस्थ है, बल्कि यह न्यायसंगत और किफायती भी है।

चलने और साइकिल चलाने वाले लोगों की जरूरतों को पूरा करना, शहरों में बढ़ते उत्सर्जन को कम करने, वायु गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा में सुधार करने में मदद करने के लिए यातायात के समाधान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। कोविड-19 महामारी ने भी कई शहरों को अपनी यातायात प्रणालियों पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित किया है।

क्या देश की सड़के साइकिल चलाने के सुरक्षित हैं?

आकस्मिक मौतों और आत्महत्याओं पर राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) 2021 की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 41, वडोदरा (गुजरात) में 32 और कोलकाता (पश्चिम बंगाल) 23 साइकिल चालकों की मौत हुई।

सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा प्रकाशित पिछले पांच वर्षों में "भारत में सड़क दुर्घटनाएं" के मुताबिक 2021 में दुर्घटनाओं में मारे गए  सड़क उपयोगकर्ताओं - मोटरसाइकिल चालकों, पैदल चलने वालों और साइकिल चालकों की संख्या एक लाख तक पहुंच गई, 2017 की तुलना में लगभग 42 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि इसी अवधि के दौरान कार, ट्रक और तिपहिया वाहनों में मरने वालों की संख्या घटकर 35,253 रह गई है, जो लगभग 31 फीसदी कम है।

इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसपोर्टेशन एंड डेवलपमेंट पॉलिसी (आईटीडीपी) की रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में छोटी दूरी के लिए साइकिल चलाने से भारतीय अर्थव्यवस्था को 1.8 ट्रिलियन रुपये का सालाना लाभ हो सकता है, साथ ही यह प्रदूषण और परिणामी जलवायु परिवर्तन से निपटने का एक विश्वसनीय समाधान भी है।

विश्व साइकिल दिवस का इतिहास

साइकिल की विशिष्टता, दीर्घायु और बहुमुखी प्रतिभा को स्वीकार करते हुए, जो दो सदियों से उपयोग में है और यह यातायात का एक सरल, सस्ती, विश्वसनीय, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल टिकाऊ साधन है। यह पर्यावरण प्रबंधन और स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है, इन सब फायदों को देखते हुए महासभा ने निर्णय लिया और तीन जून को विश्व साइकिल दिवस घोषित किया।

साइकिल चलाने के फायदे 

साइकिल चलाने के अभ्यास को बढ़ावा देने के लिए साइकिल दिवस मनाया जाता है। जापान उन देशों में से एक है जो रोजमर्रा के यातायात के लिए साइकिल के उपयोग पर बड़े पैमाने पर निर्भर हैं। साइकिल चलाने से कई फायदे हो सकते हैं और विश्व साइकिल दिवस उसी पर प्रकाश डालता है।

साइकिल चलाना महत्वपूर्ण क्यों है? इसके कुछ कारण हैं:

  • साइकिल चलाना एक शून्य-उत्सर्जन वाला यातायात है, इसलिए यह कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को कम करने में मदद करता है।
  • साइकिल चलाने से हृदय की फिटनेस, मांसपेशियों की ताकत और लचीलेपन में सुधार होता है, जो एक स्वस्थ जीवन के लिए अहम है।
  • साइकिल चलाने से जोड़ों की गतिशीलता बढ़ती है और तनाव का स्तर भी कम होता है।
  • जब आप साइकिल चलाते हैं, तो आप कुछ समय अपनी शारीरिक फिटनेस पर खर्च करते हैं और इसलिए यह जरूरी है।
  • साइकिल चलाने से पैसे की बचत होती है क्योंकि यह यातायात का सस्ता साधन है।
  • साइकिल चलाने से आप स्थानीय पर्यावरण के बारे में जागरूक होते हैं, पर्यावरण जागरूकता के साथ-साथ टिकाऊ खपत और उत्पादन को बढ़ावा मिलता है।