जलवायु

1889 के बाद से टेक्सास में दर्ज किया गया अब तक का सबसे गर्म दिसंबर

Lalit Maurya

1889 के बाद यानी पिछले 130 से भी ज्यादा सालों में यह पहला मौका है जब अमेरिका के टेक्सास में दिसंबर का महीना इतना ज्यादा गर्म था। यह जानकारी अमेरिका के टेक्सास ए एंड एम विश्वविद्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में सामने आई है।

इसके बारे में जानकारी देते हुए जलवायु विज्ञानी जॉन नील्सन-गैमन ने बताया कि डलास से एबिलीन और वहां से डेल रियो तक, तापमान सामान्य के 5 से 9 डिग्री तक अधिक था, यही वजह है कि 2021 में दिसंबर का महीना इतना गर्म था। उनके अनुसार इस गर्म दिसंबर को देखते हुए ऐसा लगता है कि पूरा राज्य सर्दियों के मौसम में दक्षिण की ओर चला गया है। जहां अमरिलो को डलास का सामान्य तापमान, जबकि डलास को कॉर्पस क्रिस्टी और ऑस्टिन को ब्राउन्सविले का सामान्य तापमान मिल गया है। 

उनके अनुसार केवल दिसंबर 2021 ही अब तक का सबसे गर्म दिसंबर का महीना नहीं है। शायद यह महीना सर्दियों का अब तक का सबसे गर्म महीना और अवधि भी हो सकता है। गौरतलब है कि टेक्सास में फरवरी 2017, सर्दियों का अब तक का सबसे गर्म महीना था, जब औसत तापमान 58.4 डिग्री फॉरेन्हाइट दर्ज किया गया था। 

इससे पहले 1933 में दर्ज किया गया था सबसे गर्म दिसंबर

वहीं यदि आधिकारिक आंकड़ों को देखें तो इससे पहले अब तक का सबसे गर्म दिसंबर 1933 में दर्ज किया गया था, जब तापमान 53.3 डिग्री फॉरेन्हाइट था। यदि 20वीं सदी में  दिसंबर के महीने का औसत तापमान देखें तो वो 46.9 डिग्री फॉरेन्हाइट रिकॉर्ड किया गया था। इसका मतलब है कि 1933 में दिसंबर का तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री ज्यादा था। 

इस बारे में नील्सन-गैमन का कहना है कि टेक्सास में अब तक किसी भी महीने का तापमान 20वीं सदी के औसत के 10 डिग्री से ज्यादा नहीं गया। उनका मानना है कि जब सारे आंकड़े उपलब्ध होंगें तो दिसंबर 2021 का तापमान लंबी अवधि के औसत से लगभग 12 डिग्री अधिक होगा। 

इस बारे में नील्सन-गैमन का कहना है कि टेक्सास में अब तक किसी भी महीने का तापमान 20वीं सदी के औसत के 10 डिग्री से ज्यादा नहीं गया। उनका मानना है कि जब सारे आंकड़े उपलब्ध होंगें तो दिसंबर 2021 का तापमान लंबी अवधि के औसत से लगभग 12 डिग्री अधिक होगा। उनके अनुसार जो आंकड़ें उपलब्ध हैं वो सीमित है लेकिन ऐसा लगता है कि दिसंबर 1889 भी तुलनात्मक रूप से काफी गर्म महीना था। 

देखा जाए तो इस बिगड़ते मौसम का एक और बुरा परिणाम सूखे के रूप में सामने आया है, जिसकी स्थिति पहले के मुकाबले और खराब हो चुकी है। इस गर्म मौसम ने पूरे टेक्सास में सूखे की स्थिति को और विकराल कर दिया है। यदि यूएस ड्रॉट मॉनिटर की मानें तो राज्य का दो-तिहाई से अधिक हिस्सा सूखे की चपेट में है। वहीं 10 फीसदी हिस्सा भीषण सूखे की मार झेल रहा है। 

नील्सन ने बताया कि पश्चिम टेक्सास के अधिकांश हिस्सों में पिछले दो से ज्यादा महीनों से बारिश नहीं हुई है। बढ़ता तापमान वाष्पीकरण की दर को बढ़ा देता है। जब सब सूख जाता है तो जंगल में लगने वाली आग का खतरा और बढ़ जाता है। उनके अनुसार जलवायु में आते बदलावों के कारण टेक्सास का मौसमी तापमान 20वीं सदी की तुलना में औसतन लगभग दो डिग्री बढ़ चुका है।