धरती का तापमान रिकॉर्ड स्तर पर: पिछले 12 साल दुनिया के सबसे गर्म साल रहे, 2026 में तापमान 1.47 डिग्री बढ़ा। फोटो साभार: आईस्टॉक
जलवायु

कॉप-31: धरती तप रही है, समंदर उबल रहा है; 2027 में अल नीनो बढ़ाएगा कहर: डब्ल्यूएमओ

जलवायु संकट ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 12 साल रहे सबसे गर्म; पिघलते ग्लेशियर, चढ़ता समुद्री जलस्तर और चरम मौसम ने बढ़ाई दुनिया की चिंता

Dayanidhi

  • धरती का तापमान रिकॉर्ड स्तर पर: पिछले 12 साल दुनिया के सबसे गर्म साल रहे, 2026 में तापमान 1.47 डिग्री बढ़ा।

  • अल नीनो बढ़ाएगा गर्मी का प्रकोप: शक्तिशाली अल नीनो 2027 तक लू, सूखे और चरम मौसमी घटनाओं का खतरा बढ़ाएगा।

  • समुद्र और ग्लेशियर संकट में: महासागर रिकॉर्ड गर्म, ग्लेशियरों की बर्फ तेजी से पिघली, समुद्री जलस्तर नई ऊंचाई पर पहुंचा।

  • भारत समेत दुनिया पर गर्मी की मार: भारत में अप्रैल की भीषण गर्मी से 14.65 करोड़ लोग प्रभावित हुए, नेपाल में बाढ़ ने तबाही मचाई।

  • खेती, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा पर खतरा: अल नीनो से सूखा, बाढ़, बीमारियां और फसलों के नुकसान का जोखिम तेजी से बढ़ने की आशंका।

धरती अब सिर्फ गर्म नहीं हो रही, बल्कि उसका मिजाज तेजी से बिगड़ रहा है। कहीं आसमान से आग बरस रही है, कहीं बेमौसम बारिश तबाही मचा रही है और कहीं ग्लेशियर टूटकर बस्तियों को निगल रहे हैं। जलवायु परिवर्तन की यह तस्वीर अब भविष्य की चेतावनी नहीं, बल्कि आज की हकीकत बन चुकी है।

नौ नवंबर से तुर्किये के अंताल्या में पक्षकारों का 31वां सम्मेलन यानी कॉप-31 शुरू हो गया है। इस अवसर पर विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) की नई रिपोर्ट 'स्टेट ऑफ द क्लाइमेट अपडेट 2026' ने साफ कर दिया है कि दुनिया एक ऐसे दौर में पहुंच गई है, जहां मौसम के पुराने रिकॉर्ड और अनुमान दोनों छोटे पड़ने लगे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12 साल दुनिया के सबसे गर्म साल रहे हैं। इनमें भी 2023 से 2026 के चार साल सबसे ऊपर हैं। जनवरी से सितंबर 2026 के बीच धरती का औसत तापमान औद्योगिक युग से पहले के स्तर के मुकाबले करीब 1.47 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। चिंता की बात यह है कि प्रशांत महासागर में तेजी से मजबूत हो रहा अल नीनो साल के अंत तक गर्मी को और बढ़ा सकता है। इसका असर 2027 तक दिखाई देने की आशंका है।

अल नीनो: गर्मी पर आग में घी

अल नीनो कोई नई गर्मी पैदा नहीं करता, बल्कि समुद्र में पहले से जमा गर्मी को वातावरण में छोड़ने की प्रक्रिया को तेज करता है। इस बार परेशानी यह है कि महासागर खुद रिकॉर्ड गर्मी से जूझ रहे हैं। डब्ल्यूएमओ के मुताबिक, दिसंबर तक यह अल नीनो बेहद शक्तिशाली रूप ले सकता है।

रिपोर्ट में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने चेताया है कि जलवायु संकट का सबसे बड़ा बोझ उन देशों और समुदायों पर पड़ रहा है, जिनका इसके लिए योगदान सबसे कम है। उनका संदेश साफ है- जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटानी होगी, उत्सर्जन में तेजी से कटौती करनी होगी और कमजोर देशों को आर्थिक मदद देनी होगी।

समंदर में समा रही है धरती की गर्मी

धरती पर बढ़ रही अतिरिक्त गर्मी का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा महासागर सोख रहे हैं। नतीजा यह है कि समुद्र लगातार गर्म होते जा रहे हैं। वर्ष 2026 लगातार दसवां साल बनने की ओर है, जब समुद्र का तापमान नया रिकॉर्ड बना सकता है।

समुद्र का गर्म होना सिर्फ समुद्री जीवों के लिए खतरा नहीं है। इससे तूफानों की ताकत बढ़ती है, समुद्री बर्फ तेजी से पिघलती है और समुद्र का जलस्तर ऊपर चढ़ता है। 2026 में वैश्विक समुद्री जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। ग्लेशियरों का पिघलना इस संकट को और गहरा रहा है। वर्ष 2025 में दुनिया के ग्लेशियरों ने 400 अरब टन से अधिक बर्फ खो दी। इतनी बर्फ से हर सेकंड पांच ओलंपिक आकार के स्विमिंग पूल भरे जा सकते थे।

गर्मी, बाढ़ और सूखे की दोहरी मार

जलवायु संकट का असर अब सीधे इंसानी जिंदगी पर पड़ रहा है। यूरोप में भीषण गर्मी, सूखे और जंगलों की आग से शुरुआती अनुमानों के मुताबिक 30 हजार से अधिक अतिरिक्त मौतें हुईं। भारत में अप्रैल 2026 में लू के दौरान करीब 14.65 करोड़ लोग अत्यधिक गर्मी की चपेट में आए।

नेपाल में अगस्त के आखिर में हिमालयी क्षेत्र में ग्लेशियर और चट्टान खिसकने के बाद आई विनाशकारी बाढ़ ने 1,300 से अधिक लोगों की जान ले ली। यह घटना बताती है कि पहाड़ों में बढ़ती गर्मी और अस्थिर मौसम कितनी बड़ी आपदा बन सकते हैं। दूसरी ओर, दुनिया में जमीन पर जमा पानी का भंडार भी 2014 से लगातार घट रहा है। यानी संकट सिर्फ तापमान का नहीं, पीने के पानी और खेती का भी है।

सेहत और खेती पर भी खतरे की घंटी

अल नीनो के कारण गर्मी, सूखा और मूसलाधार बारिश बढ़ने की आशंका है। इसका असर खाद्य उत्पादन, पेयजल और लोगों की सेहत पर पड़ेगा। लू से मौतें, जंगलों के धुएं से सांस की बीमारियां, कुपोषण और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। बारिश पर निर्भर खेती करने वाले देशों के लिए यह स्थिति खास तौर पर चिंताजनक है।

चेतावनी के साथ उम्मीद की किरण

इतने गंभीर हालात के बीच एक सकारात्मक संकेत भी है। बहु-आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली अपनाने वाले देशों की संख्या 2015 के 56 से बढ़कर 2025 में 136 हो गई है। इससे लोगों को बाढ़, तूफान और गर्मी जैसी आपदाओं से पहले सतर्क करने में मदद मिल सकती है।

डब्ल्यूएमओ की रिपोर्ट का संदेश बिल्कुल साफ है। धरती के पास अब चेतावनियों की कमी नहीं, कमी है उन पर समय रहते कार्रवाई करने की। सवाल यह नहीं कि जलवायु संकट आएगा या नहीं, बल्कि यह है कि हम उससे निपटने की तैयारी कब शुरू करेंगे। क्योंकि प्रकृति के पास इंतजार करने का समय नहीं बचा है।