राजधानी दिल्ली में स्मॉग की चादर । फोटो: विकास चौधरी 
वायु

सर्दियों की शुरुआत में दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का कहर, आपातकालीन उपायों के बावजूद हालात गंभीर

सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट ने दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के बाद सर्दियों की शुरुआत में वायु प्रदूषण की स्थिति पर विश्लेषण जारी किया

DTE Staff

सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) के एक नए विश्लेषण से पता चला है कि 2026 में सर्दियों की शुरुआत (अक्टूबर से नवंबर के मध्य तक) में वायु प्रदूषण की स्थिति और खराब हुई है। सरकार की ओर से यातायात को नियंत्रित करने के लिए लगाए गए आपातकालीन प्रतिबंध भी सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम करने में नाकाम रहे हैं।

सीएसई की कार्यकारी निदेशक (रिसर्च एंड एडवोकेसी) अनुमिता रॉयचौधरी कहती हैं, “दिवाली के दौरान प्रदूषण हर साल एक गंभीर मोड़ पर पहुंचता है, लेकिन इस साल त्योहार से पहले ही हवा में कणीय प्रदूषकों (पार्टिकुलेट मैटर) का स्तर बढ़ा हुआ दिखा। इससे पता चलता है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार प्रदूषण का आधार स्तर ही अधिक है।”

उन्होंने कहा कि प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर सालभर उत्सर्जन नियंत्रण के उपाय पर्याप्त नहीं रहे हैं। यदि सर्दियों की शुरुआत से पहले वायु गुणवत्ता बेहतर होती और पराली जलाने तथा पटाखों से होने वाले अस्थायी प्रदूषण को नियंत्रित रखा जाता, तो मौसम में बदलाव के कारण प्रदूषण इतनी गंभीर स्थिति में नहीं पहुंचता।

स्थानीय प्रदूषण स्रोतों में परिवहन यानी वाहनों से होने वाला उत्सर्जन सबसे बड़ा योगदानकर्ता बना हुआ है। इस अवधि में पराली के धुएं की हिस्सेदारी जरूर बढ़ी, लेकिन खेतों में आग लगाने की घटनाओं में कमी आने के बावजूद प्रदूषण के गंभीर दौर जारी रहे। यातायात जाम के विश्लेषण से भी पुष्टि होती है कि वाहनों से निकलने वाला उत्सर्जन रोजाना लोगों को जहरीली हवा के संपर्क में ला रहा है। रॉयचौधरी के मुताबिक, बीएस-6 से पहले के वाहनों पर प्रतिबंध जैसे आपातकालीन उपाय भी सड़कों पर वाहनों की संख्या और यातायात के दबाव को उल्लेखनीय रूप से कम करने में नाकाम रहे हैं।

ये निष्कर्ष केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पोर्टल पर उपलब्ध वायु गुणवत्ता के आंकड़ों, भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) द्वारा प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों के योगदान के प्रति घंटे किए जाने वाले आकलन, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के खेतों में आग लगने के आंकड़ों और टॉमटॉम के यातायात संबंधी आंकड़ों के विस्तृत विश्लेषण पर आधारित हैं। टॉमटॉम एक जियो-लोकेशन और मैपिंग टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो जीपीएस आंकड़ों के आधार पर सड़कों पर यातायात की वास्तविक समय और ऐतिहासिक स्थिति का विश्लेषण करती है।

मुख्य निष्कर्ष

2026 में सर्दियों की शुरुआत में प्रदूषण बढ़ा, दिवाली से पहले तेजी से बिगड़ी स्थिति

अक्टूबर से नवंबर के मध्य तक दिल्ली में प्रदूषण का स्तर 2025 की तुलना में आमतौर पर अधिक रहा। केवल सितंबर के आखिर में बारिश के कारण कुछ समय के लिए प्रदूषण में गिरावट दर्ज की गई। दोनों वर्षों में दिवाली से ठीक पहले प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा, लेकिन इस साल दिवाली से पहले वाले सप्ताह में प्रदूषण का कुल स्तर पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक रहा।

सीएसई की अर्बन लैब की उप कार्यक्रम प्रबंधक शरणजीत कौर कहती हैं कि दिवाली से पहले वाले सप्ताह में पीएम2.5 का औसत स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक है। यह 2025 में दर्ज 120 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के मुकाबले 97 प्रतिशत और 2024 के 179 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की तुलना में 32 प्रतिशत अधिक है। इससे स्पष्ट है कि इस साल दिवाली से पहले प्रदूषण में कहीं अधिक तेजी से बढ़ोतरी हुई।

पराली जलाने का योगदान घटने के बावजूद दिल्ली की हवा हुई जहरीली

अक्टूबर के आखिरी दिनों में दिल्ली की वायु गुणवत्ता तेजी से बिगड़ी और 2 नवंबर को यह बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। ग्रेप के पहले चरण (स्टेज-1) के दौरान दिल्ली के कुल पीएम2.5 प्रदूषण में पराली जलाने का योगदान केवल 3.9 प्रतिशत था। 1 नवंबर को, जीआरएपी के दूसरे चरण को लागू किए जाने से पहले, यह बढ़कर 11.5 प्रतिशत हो गया। हालांकि, 2 नवंबर को घटकर 8.6 प्रतिशत रह गया। 4 नवंबर को पराली जलाने से निकलने वाले धुएं की हिस्सेदारी इस सीजन के सबसे ऊंचे स्तर 16.2 प्रतिशत पर पहुंच गई। इसके बावजूद 6 नवंबर को, जब जीआरएपी का तीसरा चरण लागू किया गया, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक बिगड़कर 382 पर पहुंच गया। उस समय पराली के धुएं की हिस्सेदारी घटकर लगभग 8 प्रतिशत रह गई थी।

यह दर्शाता है कि पराली जलाने की घटनाओं में कमी आने के बावजूद दिल्ली में प्रदूषण के गंभीर दौर जारी रह सकते हैं। इसकी प्रमुख वजह स्थानीय स्रोतों से होने वाला भारी उत्सर्जन है।

पराली से आगे: दिल्ली के शुरुआती सर्दियों के प्रदूषण में वाहनों और क्षेत्रीय प्रदूषण का सबसे बड़ा योगदान

भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान ( आईआईटीएम ) के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के 1 से 8 नवंबर, 2026 के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि दिल्ली के पीएम2.5 प्रदूषण में सबसे बड़ा योगदान आसपास के एनसीआर जिलों से आने वाले प्रदूषण का रहा। कुल प्रदूषण में इसकी हिस्सेदारी 54.43 प्रतिशत रही। इसके बाद स्थानीय स्रोतों का योगदान 33.06 प्रतिशत और पराली जलाने का योगदान 14.29 प्रतिशत दर्ज किया गया।

दिल्ली के स्थानीय प्रदूषण स्रोतों में वाहनों से होने वाला उत्सर्जन सबसे बड़ा योगदानकर्ता रहा। स्थानीय प्रदूषण में इसकी हिस्सेदारी 52 प्रतिशत थी। इसके मुकाबले आवासीय गतिविधियों का योगदान 13 प्रतिशत और दिल्ली की बाहरी सीमाओं पर स्थित उद्योगों का योगदान 11 प्रतिशत रहा। निर्माण गतिविधियों से 7 प्रतिशत, ऊर्जा के इस्तेमाल और कचरा जलाने से 5-5 प्रतिशत तथा सड़क की धूल और अन्य स्रोतों से 4-4 प्रतिशत प्रदूषण हुआ।

ये आंकड़े बताते हैं कि पराली जलाने के चरम मौसम में भी दिल्ली की जहरीली हवा के लिए मुख्य रूप से आसपास के क्षेत्रों से आने वाला प्रदूषण और शहर के भीतर रोजाना होने वाला उत्सर्जन जिम्मेदार है।

पुराने हॉटस्पॉट में सुधार, लेकिन नए प्रदूषण वाले इलाकों ने बढ़ाई चिंता

दिल्ली के आधिकारिक तौर पर चिह्नित 13 प्रदूषण हॉटस्पॉट में 1 अक्टूबर से 8 नवंबर, 2026 के बीच पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले सुधार दर्ज किया गया। इनमें से 11 हॉटस्पॉट में पीएम2.5 का स्तर कम हुआ। आनंद विहार में 49 प्रतिशत, वजीरपुर में 41 प्रतिशत, अशोक विहार में 40 प्रतिशत और बवाना में 22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि, जहांगीरपुरी और पंजाबी बाग में इसका उलटा रुझान देखने को मिला। यहां पीएम2.5 का स्तर क्रमशः 2 प्रतिशत और 1 प्रतिशत बढ़ गया। 163 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पीएम2.5 के साथ जहांगीरपुरी दिल्ली का सबसे प्रदूषित चिह्नित हॉटस्पॉट बना रहा।

इस बीच, कुछ ऐसे इलाके भी प्रदूषण के नए हॉटस्पॉट के रूप में उभरे हैं, जिन्हें आधिकारिक तौर पर प्रदूषण हॉटस्पॉट की सूची में शामिल नहीं किया गया है। विवेक विहार में पीएम2.5 का स्तर 144, सोनिया विहार में 139, आईटीओ में 137 और डीटीयू में 135 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। वहीं, एनआईएच नरेला में यह 122 और एनएसयूटी जाफरपुर में 111 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। इस तरह विवेक विहार और डीटीयू जैसे इलाकों में पीएम2.5 का स्तर उन कई पुराने हॉटस्पॉट से भी अधिक हो गया है, जहां प्रदूषण में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

एनसीआर में भी तेजी से बढ़ा प्रदूषण

प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति केवल दिल्ली के स्थानीय हॉटस्पॉट तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसका असर पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दिखाई दिया। रोजाना के पीएम2.5 हीटमैप से पता चलता है कि सितंबर में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम था। अक्टूबर में इसमें धीरे-धीरे बढ़ोतरी हुई और नवंबर की शुरुआत में दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा सहित पूरे एनसीआर में प्रदूषण तेजी से बढ़ गया।

यातायात जाम से बढ़ा नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का स्तर

30 अक्टूबर से 9 नवंबर के बीच नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के स्तर में उतार-चढ़ाव का सीधा संबंध यातायात के दबाव से दिखाई दिया। नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का करीब 80 प्रतिशत उत्सर्जन वाहनों से होता है। इसलिए इसे वाहनों से होने वाले प्रदूषण का एक महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है।

इस अवधि में सुबह 9 बजे नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का स्तर अपने पहले उच्चतम स्तर पर पहुंचा। इसके बाद दोपहर 2 बजे यह सबसे निचले स्तर पर आ गया। इसकी वजह यातायात में सुधार नहीं, बल्कि वायुमंडलीय परिस्थितियों में बदलाव था। शाम के व्यस्त यातायात के दौरान इसका स्तर फिर तेजी से बढ़ा और आधी रात तक ऊंचा बना रहा। यानी सड़कों से यातायात का दबाव कम होने के कई घंटे बाद भी प्रदूषण हवा में बना रहा।

सीएसई की उप कार्यक्रम प्रबंधक शरणजीत कौर कहती हैं, “शाम के यातायात का दबाव हवा में प्रदूषण भर देता है और रात में हवा की स्थिरता के कारण यह वहीं बना रहता है। 2 नवंबर, 2026 से रोजाना नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का स्तर एक-तिहाई बढ़ गया, जबकि यातायात जाम की स्थिति लगभग पहले जैसी ही बनी रही।”

ग्रेप प्रतिबंधों के पहले सप्ताह में यातायात जाम से नहीं मिली राहत

ग्रेप के तहत लगाए गए आपातकालीन प्रतिबंधों से दिल्ली में सप्ताह के कामकाजी दिनों के दौरान यातायात जाम में मामूली राहत भी नहीं मिली। इन उपायों से न तो व्यस्त समय में यातायात का दबाव कम हुआ और न ही सड़कों पर सामान्य स्थिति बहाल हो सकी।

सीएसई के स्वच्छ हवा एवं टिकाऊ परिवहन कार्यक्रम के उप कार्यक्रम प्रबंधक शुभम श्रीवास्तव कहते हैं, “प्रतिबंधों वाले सप्ताह (2 से 6 नवंबर, 2026) के दौरान दिल्ली का औसत दैनिक ट्रैवल टाइम इंडेक्स 2.40 और शाम के व्यस्त समय में 3.49 रहा। यह प्रतिबंध लागू होने से ठीक पहले 30 अक्टूबर, शुक्रवार को दर्ज 2.38 के दैनिक और 3.48 के शाम के पीक ट्रैवल टाइम इंडेक्स के लगभग बराबर है।”

उन्होंने बताया कि जनवरी से अप्रैल 2026 के सामान्य कामकाजी दिनों की तुलना में प्रतिबंधों के दौरान भी यात्रियों को अपनी यात्रा पूरी करने में 13 प्रतिशत अधिक समय लगा। शाम के व्यस्त समय में यह देरी 13 से 31 प्रतिशत तक रही।

प्रतिबंध लागू रहने के पहले सप्ताह में भी यातायात जाम का प्रति घंटे का पैटर्न लगभग प्रतिबंधों से पहले जैसा ही रहा। सुबह के व्यस्त समय में यातायात की गति 1 प्रतिशत और धीमी रही, जबकि शाम के पीक आवर्स में कोई बदलाव नहीं आया। शाम के समय यात्रा के लिए जरूरी अतिरिक्त समय को दर्शाने वाले प्लानिंग टाइम इंडेक्स (PTI) में भी मामूली सुधार हुआ। यह 6.36 से घटकर 6.16 पर आया।

कामकाजी दिनों में यातायात का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में 7 से 17 प्रतिशत अधिक रहा। 6 नवंबर, शुक्रवार (धनतेरस) को यह सामान्य से 7 प्रतिशत अधिक था, जबकि 3 और 4 नवंबर यानी मंगलवार और बुधवार को यह 17 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया। इससे स्पष्ट है कि प्रतिबंधों से सड़कों पर यातायात सामान्य नहीं हुआ, बल्कि केवल इतना हुआ कि त्योहार से पहले बढ़ने वाला यातायात दबाव और अधिक नहीं बढ़ पाया।

इसके उलट, सप्ताहांत में यातायात कम हुआ, हालांकि इसमें वाहनों पर लगाए गए प्रतिबंधों की भूमिका आंशिक ही रही। प्रतिबंध लागू होने से पहले 31 अक्टूबर, शनिवार को सामान्य सप्ताहांत की तुलना में यातायात 22 प्रतिशत अधिक था। शाम के समय यह बढ़ोतरी 37 प्रतिशत तक पहुंच गई। लेकिन प्रतिबंधों के दौरान आए दोनों सप्ताहांत के दिनों में यातायात सामान्य स्तर से 8 प्रतिशत कम रहा। 1 नवंबर, रविवार को कार्यालय बंद होने के साथ डीजल ट्रकों के प्रवेश पर रोक का सीधा असर दिखाई दिया। वहीं, 7 नवंबर, छोटी दिवाली को लोग घरों में रहे या शहर से बाहर चले गए, जिससे यातायात का दबाव कम हुआ।

यातायात जाम का आकलन ट्रैवल टाइम इंडेक्स और प्लानिंग टाइम इंडेक्स के आधार पर किया गया। ट्रैवल टाइम इंडेक्स के तहत व्यस्त समय में यात्रा पूरी करने में लगने वाले समय की तुलना रात 2 से 4 बजे के दौरान सड़कों पर सामान्य रूप से यातायात चलने की स्थिति से की जाती है। वहीं, प्लानिंग टाइम इंडेक्स यह बताता है कि सुबह (9 बजे से दोपहर 12 बजे तक) और शाम (6 से 9 बजे तक) के व्यस्त समय में 95 प्रतिशत यात्राएं समय पर पूरी करने के लिए कितना अतिरिक्त समय रखना जरूरी है।

2026 में दिवाली और होली पर यातायात की स्थिति में अंतर

होली और दिवाली के दौरान दिल्ली की सड़कों पर यातायात का दबाव बिल्कुल अलग-अलग रहा। होली से पहले वाले सप्ताह में यातायात सामान्य स्तर के आसपास या उससे कम रहा। होली से दो दिन पहले यह औसत से 12 प्रतिशत कम हो गया था, जबकि त्योहार से एक दिन पहले शाम को इसमें 23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान केवल 28 फरवरी, शनिवार को यातायात सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक रहा।

इसके उलट, दिवाली से पहले लगातार चार कामकाजी दिनों में यातायात का दबाव सामान्य से 12 से 21 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया। इसकी वजह दिवाली से पहले खरीदारी और उपहार देने के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ना है, जबकि होली से पहले ही लोगों की यात्रा और आवाजाही कम होने लगती है।

त्योहार के दिन भी दोनों के बीच अंतर दिखाई दिया। 4 मार्च, 2026 को होली के दिन ट्रैवल टाइम इंडेक्स कभी भी 1.25 से ऊपर नहीं गया और इसका औसत 1.15 रहा। यह सामान्य कामकाजी दिन की तुलना में 46 प्रतिशत कम था।

वहीं, दिवाली 2026 के दिन औसत ट्रेवल टाइम इंडेक्स 1.32 दर्ज किया गया, जो सामान्य रविवार की तुलना में 29 प्रतिशत कम था। हालांकि, दोपहर के समय यातायात का दबाव लगभग 1.5 के स्तर पर बना रहा। इस अंतर की वजह दोनों त्योहारों पर लोगों की अलग-अलग दिनचर्या है। होली की सुबह लोग घरों में रहकर त्योहार मनाते हैं, जबकि दिवाली के दिन दोपहर में भी आखिरी समय की खरीदारी और मिलने-जुलने के लिए लोगों की आवाजाही जारी रहती है।

दोनों त्योहारों के अगले दिन यातायात का पैटर्न लगभग समान हो गया। तीनों तुलनात्मक स्थितियों में यातायात का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में 26 से 28 प्रतिशत कम दर्ज किया गया।

आगे की राह

अनुमिता रॉयचौधरी कहती हैं, “दिवाली के पटाखों और पराली जलाने से होने वाला अस्थायी प्रदूषण सर्दियों की शुरुआत में स्मॉग को स्पष्ट रूप से बढ़ाता है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का गंभीर संकट सभी प्रमुख क्षेत्रों और पूरे क्षेत्र में सालभर प्रदूषण नियंत्रण के कमजोर उपायों का नतीजा है। नए प्रदूषण हॉटस्पॉट तेजी से उभर रहे हैं और पूरे एनसीआर में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। इससे पुष्टि होती है कि सर्दियों में प्रतिकूल मौसम शुरू होने से काफी पहले ही प्रदूषण का आधार स्तर अस्वीकार्य रूप से ऊंचा बना हुआ है।”

सीएसई के शोधकर्ताओं का कहना है कि सालभर प्रदूषण नियंत्रण के सामान्य उपाय प्रभावी नहीं रहे हैं। इसी वजह से क्षेत्र को प्रदूषण कम करने के स्थायी उपायों के बजाय जीआरएपी जैसे आपातकालीन प्रतिबंधों पर लगातार अधिक निर्भर होना पड़ रहा है।

रॉयचौधरी कहती हैं, “अल्पकालिक आपातकालीन उपाय व्यवस्था में मौजूद बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान का विकल्प नहीं हो सकते।” उनके मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर की हवा को स्थायी रूप से साफ करने के लिए पूरे वायु क्षेत्र में वाहनों, उद्योगों, निर्माण गतिविधियों, कचरा जलाने और शहरों में फैले अन्य प्रदूषण स्रोतों से होने वाले उत्सर्जन में सालभर और लगातार बड़ी कटौती करनी होगी।

यातायात जाम भी प्रदूषण को कई गुना बढ़ाने का काम करता है। इसके बावजूद मौजूदा स्वच्छ वायु कार्ययोजनाओं में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को मुख्य रूप से इंजन तकनीक या यातायात प्रबंधन की समस्या के रूप में देखा जाता है, जबकि असल समस्या सड़कों पर वाहनों की अत्यधिक संख्या भी है।

शुभम श्रीवास्तव कहते हैं, “जब वाहन लंबे समय तक एक ही जगह खड़े रहते हैं या बहुत धीमी गति से चलते हैं, तो उनके इंजन कम दक्षता से काम करते हैं। इससे प्रति किलोमीटर यात्रा में होने वाला उत्सर्जन बढ़ जाता है। यातायात इंजीनियरिंग के पारंपरिक उपाय और टुकड़ों में लागू किए जाने वाले आपातकालीन प्रतिबंध इस दबाव को कम नहीं कर सकते। प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसी रणनीतियों की जरूरत है, जो सड़कों पर वाहनों की संख्या वास्तव में कम करें। इसके लिए बड़े पैमाने पर सार्वजनिक परिवहन, निजी वाहनों से यात्राओं में अनिवार्य कटौती और कारों के इस्तेमाल पर सख्त नियंत्रण जैसे उपाय अपनाने होंगे।”