नौ नवंबर 2026 की सुबह दिल्ली में धुंध इस तरह छाई हुई थी। फोटो: विकास चौधरी 
वायु

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा में सुधार, उत्तर भारत के कई शहरों में प्रदूषण अब भी चिंताजनक

दिवाली के बाद दिल्ली का एक्यूआई 299 पर पहुंचा, जबकि हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में हवा बहुत खराब श्रेणी में रिकॉर्ड किए गए

Raju Sajwan

दिवाली की रात के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार जरूर हुआ, लेकिन उत्तर भारत के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर अब भी चिंताजनक बना हुआ है।

10 नवंबर को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 299 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। इसके मुकाबले 9 नवंबर को दिल्ली का एक्यूआई 344 था और हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई थी।

हालांकि, 9 नवंबर के आंकड़े में दिल्ली के सभी 59 निगरानी केंद्रों के बजाय केवल 47 केंद्रों का डेटा शामिल था। उल्लेखनीय है कि 9 नवंबर शाम 4 बजे जारी सीपीसीबी के बुलेटिन में पिछले 24 घंटों का औसत दिया गया था, जिसमें 8 नवंबर यानी दिवाली की शाम और रात के प्रदूषण का असर भी शामिल था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंंत्रण बोर्ड द्वारा 10 नवंबर को शाम चार बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक देश के 12 शहरों में हवा बहुत खराब श्रेणी में बनी रही। इनमें हरियाणा के आठ शहर शामिल हैं। हरियाणा के पंचगांव में सबसे अधिक 380 एक्यूआई रहा। बल्लभगढ़ में 340, कैथल में 336, गुरुग्राम में 323, सिरसा में 322, हिसार में 316 और कुरुक्षेत्र में 315 दर्ज किया गया। पंजाब के लुधियाना में भी एक्यूआई 314 रहा। उत्तर प्रदेश के अनपरा में एक्यूआई 341, बड़ौत में 334, खोड़ा में 320 और नोएडा में 301 दर्ज किया गया।

बहुत खराब श्रेणी में 301 से 400 तक के वायु गुणवत्ता सूचकांक को शामिल किया जाता है। इस श्रेणी में शामिल इलाकों में रह रहे लोगों को लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से श्वसन संबंधी बीमारियां हो सकती हैं।

एनसीआर के शहरों का हाल

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा 10 नवंबर शाम 4 बजे जारी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के वायु गुणवत्ता बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के औसत में उत्तर प्रदेश के तीन शहरों बड़ौत (334), खोड़ा (320) और नोएडा (301)की हवा बहुत खराब श्रेणी में रही।

हरियाणा के छह शहरों में भी यही स्थिति दर्ज की गई। इनमें पंचगांव में सबसे अधिक 380 एक्यूआई रहा, जबकि बल्लभगढ़ में 340 और गुरुग्राम में 323 दर्ज किया गया। इसके अलावा कैथल में 336, हिसार में 316 और सिरसा में 322 एक्यूआई रहा। इस तरह एनसीआर के 10 शहरों की हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

एनसीआर के अन्य शहरों में फरीदाबाद में एक्यूआई 290, बहादुरगढ़ में 299, धारूहेड़ा में 227, मानेसर में 284 और ग्रेटर नोएडा में 233 दर्ज किया गया। राजस्थान के भिवाड़ी में 289 और अलवर में 259 एक्यूआई रहा।

देश के 71 शहरों की हवा 'खराब'

बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के औसत में देश के 71 शहरों में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। राज्यवार देखें तो हरियाणा के सबसे अधिक 16 शहर इस श्रेणी में रहे।

राजस्थान के 14, उत्तर प्रदेश के 12, मध्य प्रदेश के 7, महाराष्ट्र के 6, पंजाब और बिहार के 5-5 तथा असम के 2 शहरों में हवा खराब रही। इसके अलावा ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और दिल्ली के एक-एक शहर में भी हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

एक्यूआई के लिहाज से सबसे अधिक 299 दिल्ली, हरियाणा के बहादुरगढ़ और राजस्थान के हनुमानगढ़ में दर्ज किया गया। इसके बाद हरियाणा के अंबाला (289), राजस्थान के भिवाड़ी (289), मध्य प्रदेश के ग्वालियर (288), हरियाणा के मानेसर (284), मध्य प्रदेश के उज्जैन (282), उत्तर प्रदेश के बागपत (277), तमिलनाडु के गुम्मिडिपूंडी (277), हरियाणा के जींद (276), उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (275), बिहार के मधुबनी (274), हरियाणा के पानीपत (271), राजस्थान के बीकानेर (269), पंजाब के अमृतसर (268), उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर (263), उत्तर प्रदेश के मेरठ (262), महाराष्ट्र के जलना (260), उत्तर प्रदेश के खुर्जा (260), राजस्थान के अलवर (259), उत्तर प्रदेश के गजरौला (259), मध्य प्रदेश के देवास (256), पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ (255), पंजाब के जालंधर और महाराष्ट्र के मालेगांव (248-248) तथा राजस्थान के कोटा और महाराष्ट्र के नागपुर (245-245) में एक्यूआई दर्ज किया गया।

इसके अलावा ओडिशा के बिलेपाड़ा (245), उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, पंजाब के खन्ना और मध्य प्रदेश के सिंगरौली (244-244), हरियाणा के फतेहाबाद और उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी (242-242), मध्य प्रदेश के इंदौर (240), राजस्थान के झुंझुनूं (239), असम के बिरनीहाट (238), राजस्थान के खैरथल और हरियाणा के रोहतक (235-235), राजस्थान के चूरू (234), उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा और राजस्थान के टोंक (233-233), हरियाणा के नारनौल (228), हरियाणा के धारूहेड़ा (227), हरियाणा के पलवल (226), उत्तर प्रदेश के शामली (225), हरियाणा के करनाल (220), महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ (220), हरियाणा के भिवानी (219), बिहार के बेतिया (217), बिहार के आरा (216), हरियाणा के सोनीपत (215), राजस्थान के धौलपुर (213), राजस्थान के उदयपुर (210), उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर (209), पंजाब के पटियाला (206), बिहार के हाजीपुर, महाराष्ट्र के जलगांव और हरियाणा के यमुनानगर (205-205), राजस्थान के भरतपुर, राजस्थान के पाली और आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम (204-204), उत्तर प्रदेश के रायबरेली (203), मध्य प्रदेश के भोपाल और बिहार के किऊल (202) तथा मध्य प्रदेश के कटनी (201) में एक्यूआई दर्ज किया गया।

देश के सिर्फ तीन शहरों में हवा की गुणवत्ता अच्छी

बुलेटिन के अनुसार, देश के 287 शहरों में से केवल तीन शहरों में हवा की गुणवत्ता अच्छी श्रेणी में दर्ज की गई। इनमें मेघालय के शिलांग में सबसे कम 39 एक्यूआई रहा। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में एक्यूआई 40 और कर्नाटक के गदग में 47 दर्ज किया गया।

सीपीसीबी के मुताबिक 125 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम श्रेणी (101 से 200 एक्यूआई) और 77 शहरों में संतोषजनक (51 से 100 एक्यूआई) श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया।