कृषि

देश की पहली क्लोन गाय गंगा से मिली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, एक महीने की हो चुकी गंगा

Vivek Mishra

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की पहली क्लोन गाय गंगा से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह तकनीकी न सिर्फ पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि करेगी बल्कि किसानों की आय भी बढ़ाएगी।  गिर नस्ल की इस क्लोन बछिया ने 16 मार्च, 2023 को जन्म लिया था। यह अब एक महीने 09 दिन की हो चुकी है। जन्म के वक्त गिर नस्ल की इस गाय का वजन 32 किलो था। 

देश की पहली क्लोन गाय गंगा के लिए उत्तराखंड लाइव स्टॉक डेवलपमेंट बोर्ड देहरादून और राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान करनाल ने मिलकर काम किया। इन्होंने गिर, साहीवाल और रेड-सिंधी जैसी देशी गायों की क्लोनिंग का कार्य वर्ष 2021 में शुरू किया था।

राष्ट्रपति ने 24 अप्रैल, 2023 को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद - राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, करनाल के 19वें दीक्षांत समारोह में भी भाग लिया था। इस मौके पर राष्ट्रपति ने कहा "दुग्ध तथा दुग्ध के उत्पाद सदैव भारतीय भोजन तथा संस्कृति के अभिन्न अंग रहे हैं। भारत विश्व में सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है, लेकिन हमें दुग्ध के उत्पादों की बढ़ती मांग की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त, डेयरी सेक्टर भी अच्छी गुणवत्ता वाले चारे की उपलब्धता, जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम में बदलाव और पशुधन में रोगों जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। दुग्ध उत्पादन और डेयरी फार्मिंग को टिकाऊ बनाना हमारे सामने एक चुनौती है। पशु कल्याण को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण के अनुकूल और जलवायु स्मार्ट प्रौद्योगिकीयों को अपनाकर डेयरी उद्योग का विकास करना हम सभी का उत्तरदायित्व है।"

राष्ट्रपति मुर्मू ने साथ में यह भी कहा "महिलाएं भारत में डेयरी उद्योग के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह सेक्टर महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसलिए, उन्हें शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास में और अधिक अवसर उपलब्ध कराये जाने की आवश्यकता है।"

देश की पहली क्लोन गाय गंगा

वैज्ञानिकों ने क्लोन बछिया तैयार करने के लिए तीन मवेशी नस्ल का इस्तेमाल किया। साहीवाल ब्रीड से ओऊसाइट यानी एक अंडाशय में एक कोशिका जो एक डिंब बनाने के लिए अर्धसूत्री विभाजन से गुजर सकती है उसे लिया गया। वहीं सोमेटिक कोशिका गिर ब्रीड से ली गई और एक क्रॉसब्रीड का सरोगेट एनिमल लिया गया। 

प्रजनन क्लोनिंग एक ऐसी प्रक्रिया है जिसके द्वारा एक मौजूदा जीव की एक सटीक अनुवांशिक प्रतिकृति, या क्लोन, एक प्रकार के क्लोनिंग के माध्यम से बनाई जाती है जिसे सोमैटिक सेल परमाणु हस्तांतरण (एससीएनटी) कहा जाता है। इसमें अंडे की कोशिका के केंद्रक को हटाना और क्लोन किए जाने वाले जीव से एक दैहिक कोशिका (एक गैर-प्रजनन कोशिका) के केंद्रक को प्रतिस्थापित करना शामिल है।