File Photo: Vikas Chaudhary 
कृषि

खरीफ 2026-27: खाद्यान्न उत्पादन में 2.907 करोड़ टन की कमी का अनुमान, मॉनसून व अल नीनो का दिखेगा असर

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान और वर्ष 2025-26 के प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान जारी किया

Raju Sajwan

  • अल नीनो और कमजोर मॉनसून के कारण खरीफ 2026-27 में खाद्यान्न उत्पादन 2.907 करोड़ टन कम रहने का अनुमान है।

  • सरकार ने अपने प्रथम अग्रिम अनुमान में 16.714 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन की संभावना जताई है।

  • प्रमुख फसलों जैसे चावल, मक्का और तिलहन में गिरावट की संभावना है, जिससे कृषि क्षेत्र में चिंता बढ़ी है।

  • हालांकि, उड़द और मूंगफली के उत्पादन में मामूली वृद्धि की उम्मीद है। कुल उत्पादन पिछले पांच वर्षों के औसत से अधिक रहने की संभावना है।

  • सरकार ने साल 2025-26 के कुल उत्पादन के अंतिम अनुमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी का दावा किया है

अल नीनो और कमजोर मॉनसून की आशंका के चलते सितंबर में ही केंद्र सरकार ने 2026-27 के लिए खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य पिछले साल के वास्तविक उत्पादन से कम रखा था। लेकिन अब खरीफ सीजन के पहले अग्रिम अनुमान ने चिंता और बढ़ा दी है।

सितंबर में खरीफ खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य 19.621 करोड़ टन निर्धारित किया गया था, जबकि 26 नवंबर को जारी पहले अग्रिम अनुमान में उत्पादन केवल 16.714 करोड़ टन रहने की संभावना जताई गई है। यानी पहले से ही कम रखे गए लक्ष्य के मुकाबले भी उत्पादन करीब 2.907 करोड़ टन कम रहने का अनुमान है। ऐसे में लगातार नए खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला इस साल थमने की आशंका है।

सरकार के पहले अग्रिम अनुमान में खरीफ उत्पादन पिछले साल के मुकाबले भी कम रहने के संकेत हैं। 2025-26 के खरीफ सीजन के पहले अग्रिम अनुमान में खाद्यान्न उत्पादन 17.333 करोड़ टन आंका गया था, जिसे बाद के अनुमानों में बढ़ाकर 17.410 करोड़ टन किया गया। इसके मुकाबले 2026-27 के लिए 16.714 करोड़ टन का अनुमान है। यानी पिछले साल के दूसरे अग्रिम अनुमान की तुलना में इस साल खरीफ खाद्यान्न उत्पादन करीब 69.6 लाख टन कम रह सकता है।

हालांकि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज 26 नवंबर 2026 को वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी करते हुए कहा, "इस बार अल नीनो की वापसी, जून में मॉनसून की देरी (35% से 40% कम बारिश) और महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश जैसे प्रमुख कृषि क्षेत्रों में मिट्टी की नमी कम होने व सूखे की स्थिति से धान, मक्का, तुअर, सोयाबीन और कपास जैसी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई। इसके बावजूद हमारे किसानों के अदम्य साहस, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु-अनुकूल किस्मों की बदौलत कुल खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है। कि अल नीनो और मॉनसून की देरी जैसी गंभीर मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में खाद्यान्न पैदावार का अनुमान पिछले पांच वर्षों के औसत (97.67 लाख टन) से अधिक है।"

उन्होंने वर्ष 2025-26 के प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान भी जारी किया।

इस साल के खरीफ की प्रमुख फसलों के उत्पादन अनुमान भी चिंताजनक हैं। चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया है, जबकि पिछले साल के प्रथम अनुमान में यह करीब 1247.5 लाख टन था। यानी चावल उत्पादन में करीब 2.3 प्रतिशत गिरावट की आशंका है।

मक्का उत्पादन में इस साल गिरावट का अनुमान है। खरीफ 2025-26 के पहले अग्रिम अनुमान में मक्का उत्पादन 283.03 लाख टन रहने की संभावना जताई गई थी, जबकि खरीफ 2026-27 में यह घटकर 260.64 लाख टन रह सकता है। यानी इसमें 22.39 लाख टन (करीब 7.9 प्रतिशत) की कमी का अनुमान है।

दलहन के मामले में भी खरीफ उत्पादन कमजोर रहने की आशंका है। पिछले साल खरीफ दलहन उत्पादन 74.13 लाख टन अनुमानित था, जबकि इस साल यह 71.32 लाख टन रह सकता है। यानी करीब 3.8 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान है।

इसमें अरहर का उत्पादन पिछले साल के 35.97 लाख टन से घटकर 31.22 लाख टन (13.2 प्रतिशत कम) और मूंग का उत्पादन 17.20 लाख टन से घटकर 16.59 लाख टन (3.5 प्रतिशत कम) रहने की संभावना है। हालांकि उड़द का उत्पादन 12.05 लाख टन से बढ़कर 14.49 लाख टन होने का अनुमान है, जो करीब 20.2 प्रतिशत की वृद्धि है।

खाद्य तेलों के लिए महत्वपूर्ण खरीफ तिलहन उत्पादन में भी गिरावट का अनुमान है। पिछले साल खरीफ तिलहन उत्पादन 275.63 लाख टन रहने का अनुमान था, जबकि इस साल यह घटकर 239.47 लाख टन रह सकता है। यानी 36.16 लाख टन (13.1 प्रतिशत) की कमी का अनुमान है। इसमें सोयाबीन का उत्पादन 142.66 लाख टन से घटकर 102.44 लाख टन रह सकता है, जो करीब 28.2 प्रतिशत कम है। इसके विपरीत मूंगफली उत्पादन 110.93 लाख टन से मामूली बढ़कर 111.68 लाख टन रहने का अनुमान है।

खाद्यान्न उत्पादन का सर्वकालिक रिकॉर्ड 

प्रेस विज्ञप्ति में वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमानों के अनुसार, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन रहा है, जो वर्ष 2024-25 के 3577.32 लाख टन के मुकाबले 208.06 लाख टन अधिक है।

​चावल और गेहूं: कुल चावल उत्पादन पिछले वर्ष (2024-25) के 1501.84 लाख टन से 49.70 लाख टन बढ़कर रिकॉर्ड 1551.54 लाख टन पर पहुंच गया है। वहीं गेहूं उत्पादन भी 2024-25 के 1179.45 लाख टन की तुलना में 41.19 लाख टन बढ़कर 1220.64 लाख टन के ऐतिहासिक स्तर पर रहा।

मक्का, श्री अन्न और दलहन: मक्का उत्पादन 2024-25 के 434.09 लाख टन से उछलकर 550.25 लाख टन हो गया। पोषक/मोटे अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा, जिसमें 'श्री अन्न' 172.09 लाख टन है। कुल दलहन उत्पादन 2024-25 के 256.83 लाख टन से 15.57 लाख टन बढ़कर 272.40 लाख टन रहा, जिसमें मूंग ने 43.96 लाख टन का नया रिकॉर्ड बनाया, जबकि चना 125.13 लाख टन और तुअर (अरहर) 35.99 लाख टन दर्ज किया गया।

​तिलहन और नकदी फसलें: कुल तिलहन उत्पादन पिछले वर्ष के 429.89 लाख टन से 2.66 लाख टन बढ़कर रिकॉर्ड 432.55 लाख टन दर्ज किया गया। इसमें मूंगफली 131.71 लाख टन (पिछले वर्ष 119.42 लाख टन से 12.29 लाख टन अधिक) और रेपसीड व सरसों 137.66 लाख टन (पिछले वर्ष 126.67 लाख टन से 10.99 लाख टन अधिक) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे, जबकि सोयाबीन उत्पादन 126.36 लाख टन रहा। नकदी फसलों में गन्ना 5037.29 लाख टन, कपास 280.06 लाख गांठें (प्रत्येक 170 किलोग्राम) तथा जूट एवं मेस्ता 94.28 लाख गांठें (प्रत्येक 180 किलोग्राम) रहा।​