Photo: Ravleen kaur 
कृषि

पंजाब में प्रति व्यक्ति हर दिन उपलब्ध है 1,245 ग्राम दूध, भारतीय औसत से तीन गुणा अधिक

आंकड़ों के मुताबिक देश में प्रति व्यक्ति हर दिन औसतन 471 ग्राम दूध उपलब्ध है

Lalit Maurya

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में प्रति व्यक्ति हर दिन औसतन 471 ग्राम दूध उपलब्ध है। 2013-14 की तुलना में देखें तो इस उपलब्धता में 53 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है, जबकि 2022-23 की तुलना में इसमें करीब तीन फीसदी की वृद्धि हुई है।

बता दें कि देश में पिछले साल यह उपलब्धता 459 ग्राम प्रति व्यक्ति थी।

वहीं राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो दूध की उपलब्धता के मामले में पंजाब अव्वल है, जहां प्रति व्यक्ति के हिसाब से हर दिन औसतन 1,245 ग्राम दूध उपलब्ध है। मतलब की भारतीय औसत की तुलना में पंजाब में हर व्यक्ति के लिए रोजाना औसतन करीब तीन गुणा ज्यादा दूध उपलब्ध है।  

हालांकि पिछले वर्ष से पंजाब में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता घटी है। इसमें जहां 2022-23 की तुलना में तीन फीसदी की गिरावट आई है। वहीं 2013-14 की तुलना में 27 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक 2013-14 के दौरान पंजाब में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 980 ग्राम प्रति दिन थी, जो 2023-24 में बढ़कर 1,245 ग्राम पर पहुंच गई है।

2023-24 में दूध की उपलब्धता के मामले में राजस्थान दूसरे स्थान पर रहा, जहां प्रति व्यक्ति हर दिन दूध की उपलब्धता 1,171 ग्राम दर्ज की गई।

देखा जाए तो पिछले वर्ष की तुलना में राजस्थान में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता में करीब तीन फीसदी का इजाफा हुआ है। जो 1,138 ग्राम प्रति दिन से बढ़कर 1,171 ग्राम प्रति दिन पर पहुंच गई है। वहीं यदि 2013-14 से तुलना करें तो राजस्थान में दूध की उपलबधता में करीब 105 फीसदी का इजाफा हुआ है।

इस मामले में हरियाणा तीसरे स्थान पर है, जहां पिछले वर्ष की तुलना में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 0.6 फीसदी बढ़ी है। आंकड़ों के मुताबिक 2022-2023 में वहां प्रति व्यक्ति हर दिन दूध की उपलब्धता 1098 ग्राम थी, जो 2023-2024 में यह बढ़कर 1105 ग्राम हो गई। वहीं 2013-14 से तुलना करें तो इसमें 38 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है।

इसी तरह आंध्रप्रदेश में प्रति व्यक्ति हर दिन औसतन 719 ग्राम दूध उपलब्ध है। चिंता की बात यह है कि इस उपलब्धता में 2022-23 की तुलना में 10 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि एक दशक पहले की तुलना में यह उपलब्धता 74 फीसदी बढ़ गई है।  

आंकड़ों के मुताबिक दूध की उपलब्धता के मामले में गुजरात पांचवे स्थान पर है, जहां 2023-24 में प्रति व्यक्ति हर दिन औसतन 700 ग्राम दूध उपलब्ध है। पिछले वर्ष से तुलना करें तो इस उपलब्धता में करीब पांच फीसदी का इजाफा हुआ है, जबकि 2013-14 की तुलना में इसमें 38 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।

2023-2024 में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता के मामले में मध्य प्रदेश छठे स्थान पर रहा, जहां हर व्यक्ति के लिए प्रतिदिन 673 ग्राम दूध उपलब्ध था। इसी तरह हिमाचल प्रदेश में यह उपलब्धता 640 ग्राम, जम्मू कश्मीर में 577 ग्राम, कर्नाटक में 543 ग्राम, उत्तरप्रदेश में 450 ग्राम, जबकि उत्तराखंड में प्रति व्यक्ति 446 ग्राम प्रति दिन दर्ज की गई।

राजधानी दिल्ली से जुड़े आंकड़ों पर नजर डालें तो वहां 2022-2023 की तुलना में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता में तीन फीसदी की गिरावट आई है। 2022-23 में दिल्ली में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 64 ग्राम प्रतिदिन थी, जो 2023-2024 में घटकर 62 ग्राम रह गई है। हालांकि 2013-14 की तुलना में इसमें 59 फीसदी का इजाफा हुआ है।

वहीं दूसरी तरफ 2022-23 में अरुणाचल प्रदेश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता जो 81 ग्राम प्रति दिन थी, वो 2023-24 में करीब 57 फीसदी की गिरावट के साथ 35 ग्राम रह गई। वहीं 2013-14 की तुलना में इसमें 62 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। कुछ ऐसी ही स्थिति मणिपुर में भी दर्ज की गई है, जहां 2022-2023 में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 62 ग्राम से घटकर 2023-24 में 54 ग्राम प्रति दिन रह गई है।