फोटो: आईस्टॉक 
कृषि

कृषि उपज मंडियों में घोटाले और किसानों का शोषण रोकने के लिए आढ़तियों पर लगाम जरूरी

हरियाणा और पंजाब की मंडियों में व्याप्त भ्रष्ट तंत्र की मिलीभगत से आढ़ती हर साल किसानों का कई हजार करोड़ रुपये का शोषण भी करते हैं

Virender Singh Lather

कृषि उपज मंडियों की विपणन व्यवस्था में सुधार और आढ़तियों के अनियमित व्यापार पर लगाम लगाने की शुरुआत ब्रिटिश शासन के दौरान पंजाब प्रांत के राजस्व मंत्री सर छोटूराम ने की थी। उन्होंने किसानों को आढ़तियों और बिचौलियों के शोषण से बचाने के लिए पंजाब कृषि उपज मंडी अधिनियम लागू कर कृषि उपज विपणन प्रणाली में क्रांतिकारी सुधार किए। यह कानून 1938-39 में लागू हुआ, जिसने आधुनिक कृषि उपज मंडी व्यवस्था की नींव रखी।

इस कानून के लागू होने से पहले मंडियों में व्यापार पूरी तरह अनियंत्रित था और किसानों का भारी आर्थिक शोषण होता था। फसल बेचने पर आढ़त, तुलाई, रोलाई, मुनीमी, पल्लेदारी और जकात जैसे कई गैरकानूनी शुल्क काटे जाते थे। बाट और माप का कोई मानक तय नहीं होने के कारण फसल की तौल में धांधली आम बात थी। एक सरकारी आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, इस मनमानी विपणन व्यवस्था के कारण किसान को अपनी फसल के वास्तविक मूल्य में से एक रुपये के बदले केवल 60 पैसे ही मिल पाते थे।

देश की आजादी के बाद सर छोटूराम द्वारा ब्रिटिश पंजाब में लागू किए गए कृषि उपज मंडी सुधारों के आधार पर कृषि नीति तैयार की गई। इसके तहत राज्यों ने कृषि उपज विपणन समिति अधिनियम पारित किए और स्थानीय मंडियां स्थापित कीं। इनका उद्देश्य बिचौलियों के शोषण को कम करना और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना था।

शुरुआत में कृषि उपज मंडी समितियां वास्तव में प्रभावी साबित हुईं। इन्होंने कृषि व्यापार में नीलामी आधारित मूल्य निर्धारण, मानकीकृत तौल प्रणाली, लाइसेंस प्राप्त व्यापारियों और विनियमित लेन-देन की प्रक्रियाएं लागू कीं। अपने गठन के समय एपीएमसी व्यवस्था को नीलामी के माध्यम से बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने और किसानों को विपणन की अधिक लागत तथा उपज के नुकसान से बचाने के लिए एक लोकतांत्रिक समाधान के रूप में सराहा गया था।

समय के साथ किसानों की सुरक्षा के लिए बनाई गई व्यवस्थाएं ही उनके खिलाफ काम करने लगीं। पारदर्शी मूल्य निर्धारण की व्यवस्था ऐसी प्रणाली में बदल गई, जिसमें व्यापारी और कमीशन एजेंट कार्टेल बनाकर आपसी सांठगांठ से कीमतें तय करने लगे। दशकों के दौरान इस व्यवस्था में कई संरचनात्मक विकृतियां पैदा होती गईं।

हरियाणा और पंजाब में आज भी मौजूद मजबूत मंडी ढांचे और ग्रामीण विकास निधि व्यवस्था की नींव इन्हीं सुधारों ने रखी थी। लेकिन दुर्भाग्य से पिछले कुछ दशकों में सरकारी नियंत्रण में ढील, अफसरशाही में भ्रष्टाचार और आढ़तियों के अवैध कारोबार के कारण हरियाणा और पंजाब की मंडियों में सरकारी खरीद में घोटालों तथा किसानों के शोषण की खबरें लगातार समाचार पत्रों की सुर्खियां बन रही हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले छह दशकों से केंद्र सरकार की सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए कृषि उपज की सरकारी खरीद में हरियाणा और पंजाब की लगभग 60 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रही है। केंद्र सरकार प्रतिवर्ष इन दोनों राज्यों की मंडियों से लगभग एक लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का करीब 55 करोड़ क्विंटल गेहूं और धान खरीदती है।

भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, रबी विपणन सीजन 2026-27 में गेहूं की सरकारी खरीद 357.57 लाख मीट्रिक टन रही। इससे देश के 34 लाख से अधिक किसानों को 92,432.51 करोड़ रुपये का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भुगतान प्राप्त हुआ। 30 सितंबर 2026 को सरकार ने रबी विपणन सीजन 2027-28 के लिए सभी अनिवार्य रबी फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी को मंजूरी दी। इसके तहत 324 लाख मीट्रिक टन उपज के लिए किसानों को अनुमानित 90,962 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।

किसान की आर्थिक आय केवल कृषि उत्पादन से ही नहीं, बल्कि फसल की कीमत से भी निर्धारित होती है। महीनों की मेहनत, संसाधनों और निवेश को खेती में लगाने के बाद अंततः बाजार में मिलने वाला मूल्य ही किसान की आमदनी और खेती जारी रखने की उसकी क्षमता को प्रभावित करता है। छोटे और सीमांत किसानों के लिए बाजार मूल्य में प्रतिकूल उतार-चढ़ाव से कृषि आय में काफी अनिश्चितता पैदा हो सकती है। इसका असर भविष्य में खेती से जुड़े उनके फैसलों पर भी पड़ सकता है।

पिछले छह दशकों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकारी खरीद बाजार मूल्य में उतार-चढ़ाव से किसानों को बचाने और कृषि नियोजन तथा निवेश के लिए अधिक भरोसा देने वाला एक महत्वपूर्ण नीतिगत साधन बना हुआ है।

एमएसपी किसानों को लाभकारी प्रतिफल सुनिश्चित करने के साथ-साथ कृषि निवेश और उत्पादन को भी प्रोत्साहित करता है। सुलभ और पारदर्शी एमएसपी खरीद सुनिश्चित करने के लिए खरीद प्रक्रिया में कई बदलाव किए गए हैं, ताकि किसानों को इसका लाभ सीधे, पारदर्शी और आसानी से मिल सके।

पारदर्शिता और लाभार्थियों के सत्यापन को और मजबूत करने के लिए पीएसएस के तहत 2025-26 सत्र से किसानों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। खरीद से पहले आधार-सक्षम प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनों या चेहरे के प्रमाणीकरण के माध्यम से किसानों की पहचान सत्यापित की जाती है। इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलती है कि खरीद का लाभ वास्तविक और पात्र किसानों तक पहुंचे। डिजिटल पंजीकरण, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और सीधे बैंक खातों में भुगतान से खरीद प्रक्रिया को अधिक सुगम और पारदर्शी बनाया जा रहा है।

निस्संदेह, इन सुधारवादी उपायों के बावजूद कृषि उपज मंडियों में सरकारी खरीद के दौरान बेलगाम आढ़तियों द्वारा लगातार किए जा रहे हजारों करोड़ रुपये के घोटाले सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

वर्ष 2025 में हरियाणा में धान की सरकारी खरीद 62 लाख मीट्रिक टन से अधिक रही, जो प्रदेश में परिमल धान के कुल उत्पादन 54 लाख मीट्रिक टन से भी करीब आठ लाख मीट्रिक टन अधिक थी। वर्ष 2026 में सरकार द्वारा सख्त अंकुश लगाए जाने के कारण हरियाणा में धान की सरकारी खरीद 58 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले केवल 50 लाख मीट्रिक टन तक सीमित रह गई। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12 लाख मीट्रिक टन कम थी, जिसका न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कुल मूल्य 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बनता है। ये सरकारी आंकड़े प्रदेश में आढ़तियों, राइस मिलर्स और अफसरशाही की मिलीभगत से रचे जाने वाले कथित वार्षिक फर्जी धान घोटाले की पोल खोलते हैं।

इसके अतिरिक्त, हरियाणा और पंजाब की मंडियों में व्याप्त भ्रष्ट तंत्र की मिलीभगत से आढ़ती हर साल किसानों का कई हजार करोड़ रुपये का शोषण भी करते हैं। इसमें आढ़ती कार्टेल बनाकर किसानों की फसल में नमी और गुणवत्ता आदि के फर्जी बहाने बनाते हैं और उसे न्यूनतम समर्थन मूल्य से 400-500 रुपये कम पर खरीदते हैं। इसके बाद उसी उपज की सरकारी खरीद में एमएसपी पर फर्जी बिक्री दिखा दी जाती है।

जबकि सरकार किसान के बैंक खाते में एमएसपी की पूरी रकम हस्तांतरित करती है, आढ़ती गैरकानूनी हथकंडे अपनाकर किसानों से अवैध रूप से नकद वसूली करते हैं। इसके बाद आढ़ती इस तरह अर्जित हजारों करोड़ रुपये के अवैध काले धन को ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज के रूप में देकर किसानों को कर्ज के जाल में फंसाते हैं।

हरियाणा और पंजाब की अनाज मंडियों में आढ़तियों द्वारा किसानों के शोषण का यह फर्जीवाड़ा पिछले चार दशकों से भ्रष्ट राजनीतिक नेताओं और अफसरशाही के संरक्षण में चल रहा है। राजनीतिक नेता संसद और विधानसभा में आढ़तियों को किसानों का '24×7 बैंक' बताते हैं, जबकि केंद्र सरकार ने कानूनन किसी भी आढ़ती को बैंकिंग लाइसेंस जारी नहीं किया है।

आढ़तियों का यह अवैध कारोबार कई दशकों से कच्ची पर्चियों (रसीदों) के माध्यम से चलता रहा है। इस पर इस लेखक द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने पहली अप्रैल 2026 से रोक लगा दी है। लेकिन दुर्भाग्य से इस मामले में सरकारी निष्क्रियता के कारण आढ़तियों द्वारा किसानों का शोषण अभी भी बदस्तूर जारी है।

एक अनुमान के अनुसार, हरियाणा में लगभग 30,000 करोड़ रुपये मूल्य के 13 करोड़ क्विंटल गेहूं और धान की सरकारी खरीद में आढ़तियों, राइस मिलर्स और अफसरशाही द्वारा फर्जीवाड़े के माध्यम से हर साल लगभग 6,000-8,000 करोड़ रुपये के सरकारी धन का गबन और किसानों का शोषण किया जाता है। यह गेहूं और धान की वार्षिक सरकारी खरीद के कुल मूल्य का लगभग 20 प्रतिशत से भी अधिक है।

राष्ट्रीय हित में सरकार द्वारा आढ़तियों की इन अवैध गतिविधियों और अनियमितताओं पर प्रतिबंध लगाना जरूरी है। ऐसा करने से ही कृषि उपज मंडियों में किसानों के शोषण और सरकारी धन की लूट पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

लाठर भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के सेवानिवृत प्रधान वैज्ञानिक हैं। लेख में व्यक्त उनके निजी विचार हैं